गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर (42) की नाबाद पारी से भारत ने महिला टी20 त्रिकोणीय सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड को पांच विकेट से मात देकर दमदार आगाज किया।
भारतीय स्पिनरों राजेश्वरी गायकवाड़ (2/19), शिखा पांडे (2/33) और दीप्ति शर्मा (2/30) के सामने इंग्लैंड टीम सात विकेट पर 147 रन ही बना पाई। उसकी तीन बल्लेबाज कप्तान हीथर नाइट (67), टैमी ब्यूमोंट (37) और नताली स्किवेर (20) ही दोहरे अंक तक पहुंच पाईं।
भारतीय टीम ने लक्ष्य को तीन गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 150 रन बनाकर हासिल कर लिया। 15 वर्षीय युवा ओपनर शेफाली वर्मा ने 30, जेमिमा रोड्रिग्रेज ने 26 और स्मृति मंधाना ने 15 रन बनाए। आखिरी ओवर में भारत को छह रन की जरूरत थी। हरमनप्रीत ने शानदार छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी।