एमपीएल ने भारत की नई किट के डिजाइन और पैटर्न के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है। यह जर्सी रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम अक्तूबर-नवंबर में टी 20 विश्व कप के दौरान पहनेगी। हालांकि, वीडियो देखकर यह साफ पता चल रहा है कि इस बार भी जर्सी आसमानी नीले रंगे की होगी, जैसी 2016 टी20 विश्व कप में थी। टीम इंडिया फिलहाल वनडे और टी20 में गहरे रंग का नीला रंग की जर्सी पहनती है। यह जर्सी पिछले साल के टी20 विश्व कप से पहले लॉन्च की गई थी और एमपीएल ने कहा था कि जर्सी में धारियां एक अरब भारतीय क्रिकेट टीम के प्रशंसकों और उनके सपनों से मिलती जुलती हैं।
नई जर्सी की घोषणा से प्रशंसकों में खुशी का माहौल है, जिन्होंने ट्विटर पर उत्साह के साथ अपनी खुशी जाहिर की।
भारतीय चयनकर्ताओं ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया में अगले महीने से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप के लिए टीम का एलान किया। भारतीय टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल की वापसी हुई है। ये दोनों चोट की वजह से एशिया कप में नहीं खेले थे और भारतीय टीम फाइनल में जगह नहीं बना पाई थी। टी20 विश्व कप की टीम में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। वहीं, आवेश खान टीम का हिस्सा नहीं हैं।
टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।