इस महीने के अंत में श्रीलंका में शुरू होने वाली वनडे त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम का एलान हो गया है। स्टार ऑलराउंडर हरमनप्रीत कौर की टीम में वापसी हुई है और वही टीम का कमान भी संभालेंगी। हरमनप्रीत को जनवरी में आयरलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए आराम दिया गया था। बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय टीम का एलान किया है और स्मृति मंधाना टीम की उपकप्तान होंगी। यह त्रिकोणीय सीरीज 27 अप्रैल को शुरू होगी और 11 मई को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारत और श्रीलंका के अलावा इस सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की टीम हिस्सा लेगी।
डबल राउंड रॉबिन प्रारूप में खेला जाएगा टूर्नामेंट
यह टूर्नामेंट डबल राउंड रॉबिन प्रारूप में खेला जाएगा। भारत अपना पहला मैच 27 अप्रैल को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा। तीनों टीमें चार-चार मैच खेलेंगी और शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। सभी मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाएंगे। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर और तितास साधु चोटिल हैं। इसलिए उनके चयन पर विचार नहीं किया गया। टीम में काशवी गौतम, श्री चरणी और शुचि उपाध्याय को शामिल किया गया है। इन तीनों ने अभी तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है और टीम में नया चेहरा हैं।
भारतीय टीम में तीन नए चेहरे
21 साल की तेज गेंदबाज काशवी गौतम को मौका दिया गया है। वह महिला प्रीमियर लीग में स्टार परफॉर्मर रही थीं। उन्होंने टूर्नामेंट में नौ मैचों में कुल 11 विकेट झटके थे। उन्हें इस प्रदर्शन के आधार पर पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। 20 साल की चरणी बाएं हाथ की स्पिनर हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए महिला प्रीमियर लीग में दो मैच खेले थे और चार विकेट लिए थे। वहीं, बाएं हाथ की स्पिनर शुचि सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी टूर्नामेंट में तीसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रही थीं। उन्होंने 3.48 की इकोनॉमी रेट से नौ पारियों में 18 विकेट झटके थे। उनकी टीम मध्य प्रदेश ने ट्रॉफी जीती थी और वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रही थीं।
हरमनप्रीत कौर
- फोटो : PTI
हरमनप्रीत कौर चोट से जूझ रही थीं
भारत ने आयरलैंड के खिलाफ अपनी पिछली वनडे सीरीज को 3-0 से जीता था। हरमनप्रीत इस सीरीज का हिस्सा नहीं रही थीं और मंधाना ने उनकी गैरमौजूदगी में टीम का नेतृत्व किया था। दीप्ति शर्मा ने उप कप्तान की भूमिका निभाई थी। दिसंबर 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान हरमनप्रीत के घुटने में चोट लग गई थी। इससे पहले इस 35 वर्षीय खिलाड़ी को अक्तूबर 2024 में महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान गर्दन में चोट लग गई थी।
रेणुका पिछले कुछ समय से पीठ दर्द से परेशान हैं
हरमनप्रीत ने हालांकि पिछले महीने महिला प्रीमियर लीग में सफल वापसी की थी। मुंबई इंडियंस ने उनकी अगुवाई में खिताब जीता था। तेज गेंदबाज रेणुका को भी आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में आराम दिया गया था। वह दिसंबर 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में तीन मैचों में 10 विकेट लेकर सीरीज की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही थी। वह पिछले कुछ समय से पीठ दर्द से परेशान रही हैं।
रेणुका सिंह ठाकुर
- फोटो : संवाद
त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, काशवी गौतम, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, तेजल हसब्निस, श्री चरणी, शुचि उपाध्याय।