भारतीय टीम को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले राहत की खबर मिली और उसके टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव फिट घोषित हो गए हैं। भारत को गुरुवार से बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। सूर्यकुमार यादव टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं। सूर्यकुमार को हालांकि अब राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) ने दलीप ट्रॉफी का अंतिम दौर खेलने के लिए फिट घोषित कर दिया है। दलीप ट्रॉफी के फाइनल राउंड की शुरुआत गुरुवार से हो रही है।
सरफराज खान की जगह लेंगे सूर्यकुमार
ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, सूर्यकुमार यादव दलीप ट्रॉफी में अभिमन्यु ईश्वरन की अगुआई वाली इंडिया बी टीम में सरफराज खान की जगह लेंगे। इंडिया बी का सामना अनंतपुर में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाले इंडिया डी से होना है। सरफराज गुरुवार से चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट मैच का हिस्सा हैं जिस कारण वह दलीप ट्रॉफी में आगे नहीं खेल पाएंगे।
सूर्यकुमार यादव ने एहतियातन दलीप ट्रॉफी के शुरुआती दौर से नाम वापस ले लिया था। सूर्यकुमार को अंगूठे में चोट लगी थी जिससे वह उबर रहे थे। दलीप ट्रॉफी से पहले सूर्यकुमार कोयंबटुर में बुची बाबू टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन बल्ला पकड़ने के दौरान वह असहज महसूस कर रहे थे। सूर्यकुमार पिछले साल जून-जुलाई में दलीप ट्रॉफी में हिस्सा लिया था और तब से वह किसी प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट में खेलते नहीं दिखाई दिए। हालांकि, कुछ दिनों पहले उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में जगह बनाने की इच्छा जताई थी। सूर्यकुमार ने पिछले महीने कहा था, कई लोग ऐसे हैं जो कड़ी मेहनत करके टीम में जगह बनाना चाहते हैं और यहां तक कि मैं भी फिर से टीम में शामिल होना चाहता हूं। मैंने टेस्ट से ही भारत के लिए डेब्यू किया था और उसके बाद चोटिल हो गया था। कई लोग ऐसे हैं जिन्हें मौका मिला और उन्होंने इसका फायदा उठाया। फिलहाल वे मौके के हकदार हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से वापसी कर सकते हैं सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव अक्तूबर में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज से भारतीय टीम में वापसी कर सकते हैं। सूर्यकुमार ने जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान भारतीय टीम की कमान संभाली थी। अगर वह बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज का हिस्सा रहे तो रणजी ट्रॉफी 2024-25 सत्र के शुरुआती दौर का हिस्सा नहीं होंगे जिसकी शुरुआत 11 अक्तूबर से हो रही है।