वेस्टइंडीज में टेस्ट सीरीज से पहले खेले जा रहे अंतिम अभ्यास मैच के पहले दिन के खेल की खास बात यह रही कि टीम इंडिया के फिरकी गेंदबाजों ने कमाल दिखाते हुए मेजबान टीम को सस्ते में समेट दिया।
हालांकि भारतीय गेंदबाजों के शानदार खेल के बाद बल्लेबाज उस लय को बनाए नहीं रख सके और दिन का खेल खत्म होने तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। खेल खत्म होने के समय तक भारत ने 3 विकेट पर 93 रन बना लिए थे, जबकि क्रीज पर लोकेश राहुल (30) और कप्तान विराट कोहली (0) खेल रहे थे।
आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज रहे मुरली विजय (23), शिखर धवन (9) और चेतेश्वर पुजारा (28)। पुजारा दिन की अंतिम गेंद पर आउट हुए। पुजारा के आउट होने के बाद खेल को खत्म कर दिया गया। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने नई गेंद का फायदा उठाते हुए भारत के 3 विकेट जल्दी-जल्दी झटक लिए।
इससे पहले वेस्टइंडीज बोर्ड प्रेसिडेंट एकादश की टीम 63 ओवर के अंदर 180 रन पर आउट हो गई थी।