आईपीएल-6 के जरिए ट्वंटी-20 क्रिकेट के रंग में सभी क्रिकेटप्रेमी गेंद और बल्ले के बीच हो रही जबरदस्त भिड़ंत के रोमांच में रंगे हुए हैं।
ऐसे में सांसद और बॉलीवुड स्टार्स भी खुद को क्रिकेट के इस रंग में रंगने से नहीं रोक पा रहे हैं। इसलिए जल्द ही क्रिकेटप्रेमियों को अब सांसदों और फिल्मी सितारों के बीच रोमांच से भरपूर मुकाबला देखने को मिलेगा।
यह दोस्ताना ट्वंटी-20 मुकाबला 20 मई को धर्मशाला के खूबसूरत स्टेडियम में खेला जाएगा और यह मुकाबला अब हर साल खेला जाएगा।
संसद सदस्यों की टीम के कर्ताधर्ता एवं संविधान क्लब के सचिव राजीव प्रताप रूडी और अभिनेताओं की टीम मुंबई हीरोज के प्रमुख एवं कप्तान सुनील शेट्टी ने बृहस्पतिवार को इस आशय का एक करार किया।
इस दौरान संविधान क्लब के पूर्व सचिव सैयद शाहनवाज हुसैन और संसद सदस्यों की टीम के कप्तान एवं पूर्व रणजी खिलाड़ी अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे।
इस मैच में क्रिकेटर से राजनीति में कदम रखने वाले कई पूर्व स्टार दिग्गज मैदान पर उतरते हुए नजर आएंगे जिसमें पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन, नवजोत सिंह सिद्धू, चेतन चौहान और कीर्ति आजाद शामिल हैं।
हालांकि क्रिकेटप्रेमियों को राज्यसभा सांसद सचिन तेंदुलकर की कमी बेहद खलेगी जो इस मैच में नहीं खेलेंगे। वहीं, अभिनेताओं की टीम में सोहेल खान, रितेश देशमुख, बॉबी दयोल, रणदीप हुड्डा, इरफान खान, आफताब शिवदासानी और राजपाल यादव जैसे सितारे शामिल होगें।
सचिन के बारे में पूछे जाने पर रूडी ने कहा कि अभी उनसे इस बारे में कोई बात नहीं हुई है क्योंकि वह बहुत कम संसद में आये हैं। हालांकि ठाकुर उनसे बात करेगें पर उनके इस वर्ष मैच खेलने की संभावना नहीं है।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि दोनो पक्षों के बीच खेल संबंध मात्र क्रिकेट तक ही सीमित नहीं रहेगा। बैडमिंटन और गोल्फ भी इसमें जोड़ा जाएगा।
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक अगले हफ्ते चेन्नई में
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक अगले हफ्ते चेन्नई में 22 अप्रैल को होगी। बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक, ‘22 अप्रैल को चेन्नई में होने वाली इस बैठक का एजेंडा फिलहाल अभी तय नहीं है। लेकिन इस बैठक में आईपीएल-6 के दो प्ले-ऑफ क्वालीफायर-1 और क्वालीफायर-2 मैच के वेन्यू पर दोबारा पुष्टि होगी जो तय कार्यक्रम के अनुसार क्रमश: 21 मई और 22 मई को चेन्नई में खेले जाएंगे।’