जीत के बाद भारतीय टीम
- फोटो : BCCI Twitter
पीएम मोदी ने दी टीम इंडिया को बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि गोल्ड एक बार फिर भारत आया है और टीम ने एशियन गेम्स में अपना खिताब बरकरार रखा है। पीएम मोदी ने लिखा, 'एशियन गेम्स में अपना खिताब बरकरार रखने वाली हमारी पुरुष क्रिकेट टीम को बधाई। यह देश के लिए वाकई खुशी का अवसर है। टीम के सभी सदस्यों को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।'
जीत के बाद भारतीय टीम
- फोटो : BCCI Twitter
जय शाह ने कहा- टीम इंडिया को बधाई
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने भी भारत की स्वर्णिम सफलता पर टीम को बधाई दी। उन्होंने भारतीय टीम के अभियान को इस मौके के योग्य बताया और एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले सभी देशों, ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया और आयोजकों का भी आभार जताया। जय शाह ने कहा कि नागोया और जापान ने क्रिकेट के इतिहास में एक नया गौरवपूर्ण अध्याय लिखा है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों और प्रशंसकों को भी धन्यवाद दिया। जय शाह पदक वितरण समारोह में भी मौजूद थे। पुरुष क्रिकेट में भारत ने स्वर्ण, पाकिस्तान ने रजत और श्रीलंका ने कांस्य पदक जीता।
जीत के बाद भारतीय टीम
- फोटो : BCCI Twitter
बीसीसीआई सचिव बोले- भारत व्हाइट-बॉल क्रिकेट में सुपरपावर
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पाकिस्तान के खिलाफ जीत को खास बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ जीत हमेशा खुशी देती है और एशियन गेम्स में एक और गोल्ड मिलना शानदार उपलब्धि है। सैकिया ने कहा, 'यह बहुत अच्छा लगा। पाकिस्तान के खिलाफ बेहद शानदार जीत। जब हम पाकिस्तान के खिलाफ जीतते हैं तो यह हमेशा ज्यादा खुशी देता है, खासकर सभी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में। एशियन गेम्स में एक और गोल्ड आया है। मुझे लगता है कि भारत आजकल व्हाइट-बॉल क्रिकेट में सुपरपावर है।' उन्होंने टीम के प्रदर्शन की भी तारीफ की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रन बनाए थे। अभिषेक शर्मा ने 28 गेंद में 61 रन और तिलक वर्मा ने 22 गेंद में नाबाद 51 रन बनाए। गेंदबाजी में वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने पाकिस्तान को बीच के ओवरों में रोकने में अहम भूमिका निभाई।
जीत के बाद भारतीय टीम
- फोटो : BCCI Twitter
ईशान किशन बोले- यह सिर्फ हमारी नहीं, पूरे भारत की जीत
विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने स्वर्ण पदक को पूरे देश को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स या ओलंपिक जैसे बहु-खेल आयोजनों में मिलने वाली जीत सिर्फ खिलाड़ियों की नहीं होती, बल्कि पूरे देश की होती है।ईशान ने कहा, 'यह बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि जब हम पदक जीतते हैं, खासकर एशियन गेम्स में, तो यह सिर्फ हमारी जीत नहीं होती। यह पूरे भारत की जीत होती है। हम सभी की शुभकामनाओं के साथ खेले और यह मैच जीता। इसलिए यह बहुत अच्छा एहसास है।' उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी एशियन गेम्स या ओलंपिक में देश के लिए खेलता है तो जीत का आनंद पूरे देश को मिलना चाहिए।
जीत के बाद भारतीय टीम
- फोटो : BCCI Twitter
तिलक वर्मा बोले- तिरंगा हाथ में लेकर गोल्ड जीतना अलग एहसास
फाइनल में भारत के लिए नाबाद अर्धशतक लगाने वाले तिलक वर्मा ने स्वर्ण पदक जीतने के एहसास को अलग बताया। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने की भावना वर्ल्ड कप या चैंपियंस ट्रॉफी जैसे खिताब से अलग है।तिलक ने कहा, 'हमने अपने देश के लिए एक और गोल्ड जोड़ा है, यह बेहद गर्व की बात है। अभी यह अविश्वसनीय एहसास है। एशियन गेम्स कुछ अलग है। वर्ल्ड कप या चैंपियंस ट्रॉफी जीतना पूरी तरह अलग एहसास है। लेकिन तिरंगा हाथ में लेकर गोल्ड मेडल हासिल करने का एहसास अलग है, जिसे हम शब्दों में बयां नहीं कर सकते।' तिलक के लिए यह एशियन गेम्स में दूसरा स्वर्ण पदक है। उन्होंने इस पदक को अपने माता-पिता और परिवार को भी समर्पित किया।
जीत के बाद भारतीय टीम
- फोटो : BCCI Twitter
जल्दी विकेट गिरने के बाद तिलक ने बनाया प्लान
भारत ने फाइनल में शुरुआती विकेट गंवाए थे। श्रेयस अय्यर के आउट होने के बाद तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने पारी को संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। तिलक ने बताया कि उस समय उनका पूरा ध्यान विकेट बचाने और अगले एक-दो ओवर में साझेदारी बनाने पर था। उन्होंने कहा कि लगातार विकेट गिरने के बाद एक और विकेट गंवाना टीम के लिए नुकसानदायक हो सकता था। तिलक ने बताया कि उन्होंने दुबे से भी यही बात की थी कि शुरुआती एक-दो ओवर संभलकर खेलें और उसके बाद उपलब्ध शॉट्स के जरिए तेजी से रन बनाएं। दोनों की साझेदारी ने भारत को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
भारतीय टीम
- फोटो : ANI
भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराया
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 211 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 61, तिलक वर्मा ने नाबाद 51 और शिवम दुबे ने 27 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने हसन नवाज की 51 गेंद में 96 रन की शानदार पारी के दम पर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने दबाव के पलों में धैर्य बनाए रखा। पाकिस्तान की टीम छह विकेट पर 192 रन ही बना सकी। शिवम दुबे ने आखिरी गेंद पर हसन नवाज को आउट किया और भारत ने 19 रन से मुकाबला जीतकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। इस तरह एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के दोनों स्वर्ण पदक भारत के खाते में गए।