इंग्लैंड में चैंपियंस ट्रॉफी खिताब हारने के बाद अगले वेस्टइंडीज दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम के कोच अनिल कुंबले नहीं जा रहे हैं। एक टीवी चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक कुंबले ने वेस्टइंडीज दौरे पर जाने से इनकार किया है। इसके लिए कुंबले ने आखिरी मौके पर मीटिंग का हवाला दिया है।
मामले में बीसीसीआई सूत्रों से मिली जानकारी में कहा गया है कि कोच अनिल कुंबले भारतीय टीम के साथ वेस्टइंडीज में नहीं गए हैं क्योंकि उन्हें लंदन में आईसीसी की बैठक में भाग लेने जाना है। हालांकि इसके बाद वह टीम में शामिल होंगे।
Anil Kumble didn't accompany Indian team to West Indies today, will join the team after attending ICC meeting in London: BCCI Sources pic.twitter.com/pOPaLgvlbF
— ANI (@ANI_news) June 20, 2017
गौरतलब है कि इसके पहले लंबे समय से भारतीय टीम के प्रमुख कोच के चयन पर सस्पेंस चल रहा था। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित सलाहकार समिति (सीएसी) के अध्यक्ष विनोद राय ने घोषणा की थी कि वेस्टइंडीज दौरे के लिए कुंबले ही टीम के कोच बने रहेंगे। मामले में सीएसी का कहना था कि टीम के प्रमुख कोच को चुने जाने के लिए उन्हें थोड़ा और समय चाहिए, इसलिए कुंबले का अभी कोच बने रहना ही ठीक होगा। टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के दौरे पर पांच एक दिवसीय मैच खेलने हैं। इसके लिए टीम इंग्लैंड से सीधे वेस्टइंडीज के लिए रवाना हो जाएगी। मैच 23, 25, 30 जून, 2 और 6 जुलाई को खेले जाएंगे।
बता दें कि समिति के सदस्य सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण और सचिन तेंदुलकर ने लंदन में मीटिंग की और अपना फैसला सुनाया था। ये पहले से ही माना जा रहा था कि समिति कुंबले को हटाए जाने के पक्ष में नहीं है। वहीं विराट कोहली ने सीएससी के सदस्यों से मुलाकात करके कहा था कि वे रवि शास्त्री को कोच के रूप में चाहते हैं। पूर्व टेस्ट ओपनर वीरेंद्र सहवाग सहित 6 देश-विदेश के 6 खिलाड़ी टीम इंडिया का कोच बनने के लिए आवेदन दिया।
कुंबले से पहले रवि शास्त्री टीम इंडिया के साथ बतौर डायरेक्टर जुड़े हुए थे। हालांकि, बीसीसीआई यह पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि कप्तान कोच नियुक्ति के संबंध में अपनी राय रख सकते हैं, मगर उनके पास कोच चुनने का अधिकार नहीं है। बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष सीके खन्ना के अनुसार जो भी भारतीय टीम का कोच बनेगा, वो 2019 विश्व कप तक टीम इंडिया के साथ बना रहेगा।