रिपोर्ट में बताया गया है कि जिन खिलाड़ियों को अपनी जगह टीम में बनाए रखना है, उन्हें यो-यो टेस्ट में 16.1 का मार्क पास करना होगा। यह सभी खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य बेंचमार्क है और जो भी इसमें पास नहीं होगा उसे टीम से बाहर कर दिया जाएगा। सबसे पहले उन खिलाड़ियों का टेस्ट होगा, जो अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में टीम इंडिया का हिस्सा हैं। इसके बाद इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए चयनित खिलाड़ियों का टेस्ट होगा।
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली 15 जून को यो-यो टेस्ट में शामिल होंगे और इसी दिन वह अपनी फिटनेस भी साबित करेंगे। कोहली को आईपीएल के 51वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ गले में चोट लगी थी और इसलिए वह रिहैब में थे। चोट के चलते वह काउंटी क्रिकेट में हिस्सा नहीं ले सके और आयरलैंड व इंग्लैंड भी सीमित ओवर सीरीज में उनका खेलना संदिग्ध लग रहा है।