फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shubhman Gill: गुवाहाटी टेस्ट में खेलने के लिए बेताब हैं कप्तान शुभमन गिल, अब तक पूरी तरह नहीं हुए फिट

Wed, 19 Nov 2025 09:38 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी

सार

गिल बुधवार को टीम के अन्य सदस्यों के साथ गुवाहाटी पहुंच गए हैं, लेकिन उनकी गर्दन की चोट शनिवार से शुरू होने वाले मैच से पहले पूरी तरह ठीक होने की संभावना नहीं है।
विज्ञापन
शुभमन गिल - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल चोट से पूरी तरह उबर नहीं सके हैं, लेकिन वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट में खेलने के लिए बेताब हैं। गिल को कोलकाता टेस्ट के दौरान बल्लेबाजी करते वक्त गर्दन में चोट लग गई थी जिसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे। गिल बाद में शेष मैच से बाहर हो गए थे और उनका 22 नवंबर से होने वाले दूसरे टेस्ट में भी खेलना संदिग्ध है। 
विज्ञापन
Trending Videos

टीम के साथ गुवाहाटी पहुंचे गिल
गिल बुधवार को टीम के अन्य सदस्यों के साथ गुवाहाटी पहुंच गए हैं, लेकिन उनकी गर्दन की चोट शनिवार से शुरू होने वाले मैच से पहले पूरी तरह ठीक होने की संभावना नहीं है। पूरी संभावना है कि गिल गुरुवार और शुक्रवार को होने वाले अभ्यास सत्रों के दौरान खुद को फिट साबित करने की पूरी कोशिश करेंगे। भारतीय टीम के सूत्रों की मानें तो 26 वर्षीय गिल अभी शत प्रतिशत फिट नहीं हैं। उनकी गर्दन में दर्द अभी भी बना हुआ है, हालांकि यह पहले की तुलना में काफी कम है।

गिल को चिकित्सकीय रूप में फिट घोषित किया जा सकता है, लेकिन पांच दिन की क्रिकेट की चुनौती अलग तरह की होती है जिसके कारण समस्या बढ़ सकती है और उन्हें लंबे समय तक बाहर रहना पड़ सकता है। पहले टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजों की स्पिनरों को खेलने की कमजोरी का खुलासा हो गया। कोलकाता टेस्ट के बाद ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर एक बड़ा खतरा बन गए हैं, ऐसे में स्पिन का सामना करने में सक्षम दाएं हाथ के बल्लेबाज की टीम को सख्त जरूरत है।

मौजूदा कोचिंग स्टाफ और चयन समिति को सरफराज खान, करुण नायर या अभिमन्यु ईश्वरन जैसे खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा नहीं है, जबकि ये तीनों स्पिन को अच्छी तरह से खेलते हैं। उनका सीधा तर्क यह है कि भले ही साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल दोनों बाएं हाथ के खिलाड़ी हैं, लेकिन किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल करने पर युवा खिलाड़ियों की दबाव झेलने की क्षमता पर विश्वास की कमी का संकेत मिलेगा।

सुदर्शन का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है और कुछ लोगों का मानना है कि ध्रुव जुरेल अपनी बेहतर तकनीक के साथ तीसरे नंबर पर बेहतर विकल्प हो सकते हैं। भारतीय टीम की वर्तमान स्थिति को देखते हुए ही गिल बल्लेबाजी के लिए पर्याप्त रूप से फिट होना चाहते हैं, क्योंकि आधा फिट कप्तान भी सुदर्शन, ईश्वरन या सरफराज से अधिक प्रभावी माना जाता है। इसके अलावा गिल का टेस्ट कप्तान के रूप में यह शुरुआती दौर है और वह किसी मैच से बाहर नहीं बैठना चाहेंगे।
विज्ञापन

रेड्डी हो सकते हैं प्लेइंग-11 में शामिल
गिल के चोटिल होने के कारण ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी को राजकोट में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ चल रही भारत ए की सीरीज से वापस बुला लिया गया है। वह सोमवार की शाम को कोलकाता में टीम से जुड़ गए थे लेकिन उन्होंने मंगलवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया था। अगर गिल फिट नहीं हो पाते हैं तो उनकी जगह रेड्डी को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें