भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एशिया कप में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उन्होंने लगातार दो मैचों में अर्धशतक लगाया है। अभिषेक ने सुपर चार चरण में पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन दोनों ही मैच में शतक लगाने से चूक गए। अभिषेक की बहन कोमल शर्मा ने उम्मीद जताई है कि इसी टूर्नामेंट में अभिषेक के बल्ले से शतक निकलेगा।
अभिषेक टीम को दिला रहे मजबूत शुरुआत
अभिषेक का बल्ला एशिया कप में काफी चमक रहा है और वह अब तक पांच मैचों में 248 रन बना चुके हैं जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। अभिषेक ने शुभमन गिल के साथ मिलकर भारत को तेज शुरुआत दिलाई है और वह लगातार टीम के लिए अच्छी पारी खेल रहे हैं। अभिषेक ने मौजूदा टूर्नामेंट में यूएई के खिलाफ 30, पाकिस्तान के खिलाफ 31, ओमान के खिलाफ 38, पाकिस्तान के खिलाफ 74 और बांग्लादेश के खिलाफ 75 रनों की पारी खेली है। अपने इस शानदार प्रदर्शन के दम पर ही अभिषेक टी20 रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज बन गए हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ मैच के बाद अभिषेक की बहन कोमल ने कहा, अभिषेक के शतक से चूकने का मलाल है, लेकिन ठीक है इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। ऐसा चलता रहता है क्योंकि यह खेल का हिस्सा है। लेकिन मैं यकीन से कह सकती हूं कि शतक तो इस टूर्नामेंट में आने वाला है। हमारे अभी कुछ मैच और बचे हैं तो मुझे लगता है कि अभिषेक ऐसा कर सकते हैं।
'रोहित शर्मा की बड़ी प्रशंसक हूं'
कोमल ने कहा, अभिषेक की पारी देखकर बहुत अच्छा लग रहा है और यह देखना भी सुखद है कि वह टीम का सामने से नेतृत्व कर रहे हैं। वह टीम को जीत दिलाने में मदद कर रहे हैं, लेकिन पूरी टीम ही मजबूत है। कोई ना कोई किसी ना किसी भूमिका में अपना योगदान दे रहा है। हम टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों को देखकर गौरवान्वित हो रहे हैं। मैं हमेशा से रोहित शर्मा सर की बड़ी प्रशंसक रही हूं और अब अभिषेक उनकी जगह बल्लेबाजी कर रहे हैं तो हम इसके लिए उत्सुक हैं।