कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रविवार को चेन्नई में खेले गए फाइनल मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर तीसरी बार आईपीएल का खिताब जीता। अब सभी की नजरें अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप पर हैं जिसमें भारतीय टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलने उतरेगी। केकेआर का कोई खिलाड़ी इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा नहीं है, लेकिन रिंकू सिंह रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं। रिंकू आईपीएल विजेता टीम का हिस्सा बन चुके हैं और अब उन्होंने भारतीय टीम के लिए विश्व कप ट्रॉफी उठाने की उम्मीद जताई है।
रिंकू को इस सीजन नहीं मिले ज्यादा मौके
पिछले सीजन गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच गेंदों पर पांच छक्के जड़ने वाले रिंकू को इस बार ज्यादा मौके नहीं मिले। उन्होंने 11 पारियों में 148.67 की प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाए। हालांकि, केकेआर ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया और अंत तक लय बरकरार रखी, लेकिन फाइनल में भी रिंकू को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल सका।
'देखना मैं विश्व कप ट्रॉफी उठाउंगा'
फाइनल मैच में मिली जीत के बाद रिंकू ने कहा, 'मैं यहां से पहले नोएडा जाऊंगा और फिर अमेरिका के लिए रवाना होना है। आप लोग देखना मैं विश्व कप ट्रॉफी भी उठाउंगा।' इस सत्र में केकेआर के प्रदर्शन के बारे मे पूछे जाने पर रिंकू ने पूरी टीम को श्रेय दिया। उन्होंने सात साल बाद केकेआर में वापसी करने वाले टीम के मेंटर गौतम गंभीर की भी सराहना की। रिंकू ने कहा, 'आप सिर्फ एक व्यक्ति को श्रेय नहीं दे सकते क्योंकि हर किसी ने कड़ी मेहनत की है। जब से जीजी (गौतम गंभीर) सर आए हैं, बहुत सारी चीजें बदल गई हैं। सुनील नरेन को पारी का आगाज करने के लिए कहा गया और उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। बल्लेबाजों ने अच्छा खेला और गेंदबाजी शानदार रही। वेंकटेश अय्यर ने आखिरी के पांच-छह मैचों से वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी की। कुल मिलाकर सभी ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है।' रिंकू को भारत की 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली है, जो चर्चा का विषय है। वह शुभमन गिल के साथ उन चार खिलाड़ियों में शामिल हैं जो टीम के साथ रिजर्व के तौर पर यात्रा करेंगे।