प्लेयर ऑफ द मैच दीप्ति शर्मा (3/8) की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 11 रन से हराकर पांच मैचों की टी-20 सीरीज में जीत से शुुरुआत की। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा टी-20 26 सितंबर को होगा।
भारत ने पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण पाकर कप्तान हरमनप्रीत (43 रन) और स्मृति मंधाना (21) की पारी से 8 विकेट पर 130 रन बनाए लेकिन मेहमान टीम मिगनोन डू प्रीज की 59 रन की पारी के बावजूद 49.5 ओवरों में 119 पर सिमट गई। दीप्ति ने तीन विकेट लेने के साथ-साथ अपने चार ओवरों में से तीन मेडन फेंके थे। इसके अलावा शिखा पांडेय, पूनम यादव और राधा यादव ने दो-दो विकेट लिए।
एक समय दक्षिण अफ्रीका ने 65 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे लेकिन प्रीज ने आक्रामक तेवर अपनाए और 43 गेंदों की पारी में चार चौके और तीन छक्के जड़े। उन्होंने अयाबोंगा खाका (05) के साथ 32 रन जोड़कर भारतीय खेमे में चिंता बढ़ा दी थी। 18वें ओवर में शिखा ने खाका को आउट कर दिया। दीप्ति के 19वें ओवर में आठ रन गए। अंतिम छह गेंदों पर दक्षिण अफ्रीका को 18 रन चाहिए थे। प्रीज ने राधा की पहली गेंद पर छक्का मारा लेकिन चौथी गेंद पर स्टंप हो गईं और अगली गेंद पर मिलाबा के आउट होते ही पारी सिमट गई।
इससे पहले धीमी पिच पर भारत का मध्यक्रम उम्मीदों खरा नहीं उतरा। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 34 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे। भारत की ओर से पहला मैच खेलने उतरी 15 साल की शेफाली चार गेंदों पर खाता नहीं खोल पाईं। उन्हें शबनिम इस्माइल (3/26) ने आउट किया।
हरमनप्रीत ने दीप्ति शर्मा (16) के साथ 46 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन मीडियम पेसर नाडिने डि क्लेेर्क(2/10) ने तीन गेंदों के अंदर आउट कर बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
शेफाली के आउट होने के बाद स्मृति मंधाना ने अपने चिर परिचित अंदाज ने 16 गेंदों पर 21 रन बनाए जिसमें चार चौके शामिल थे लेकिन नोनदुमिसो ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। जेमिमा रोड्रिग्ज (19) और वेदा कृष्णमूर्ति (10) ज्यादा देर क्रीज पर नहीं ठहर सकीं।
संक्षिप्त स्कोर : भारत : 8 विकेट 130 रन (हरमनप्रीत कौर 43, स्मृति मंधाना 23, एस इस्माइल 3/26, क्लेर्क 2/10)
दक्षिण अफ्रीका : 119 ऑलआउट 19.5 ओवरों में (प्रीज 59, वोल्वारडट 14, दीप्ति 3/8, शिखा पांडेय 2/18, पूनम यादव 2/25, राधा यादव 2/29)