गणतंत्र दिवस पर भारतीय प्रशंसकों को लाजवाब तोहफा देते हुए भारतीय टीम ने टी-20 में अब तक का सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 5
विकेट से हरा दिया। भारत ने यह मैच 8 गेंद शेष रहते 5 विकेट से जीत लिया।
एडिलेड
में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 140 रन बनाए। भारत को पहली सफलता मैच की तीसरी ही गेंद पर मिल गई जब झूलन गोस्वामी ने ग्रीस हैरिस (0) को आउट कर दिया।
भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की जिससे मेजबान कंगारू टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। उसकी ओर से एलिशा हेली ने नाबाद 41 और ओपनर बेथ मूने ने 36 रन बनाए थे। हेली ने महज 15 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से तूफानी पारी खेलते हुए नाबाद 41 रन बनाए। भारत की ओर पूनम यादव ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
मिताली राज की अगुवाई में टीम इंडिया ने आसानी से लक्ष्य का पीछा करते हुए 8 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया। धोनी की अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही एडिलेड में ही भारत की महिला टी-20 टीम ने शानदार जीत के साथ आगाज कर ही दिया है।