फिरोजशाह कोटला में खेले गए आखिरी वनडे में पाकिस्तान पर 10 रनों की जीत दर्ज कर भारत सम्मान बचाने में कामयाब रहा। इस मैच में जहां भारतीय गेंदबाजों ने हीरो की तरह प्रदर्शन किया वहीं बल्लेबाज एक बार फिर फ्लॉप रहे। आठ बल्लेबाजों से सजी टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 167 रन बना सकी। वहीं गेंदबाजों ने इस मामूली लक्ष्य को भी पाकिस्तान के लिए असंभव बना दिया।
भुवनेश्वर, समी का कमाल
उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और समी अहमद की जोड़ी ने इस मैच में भारत की वापसी कराई। शुरुआती ओवरों में समी ने जहां किफायती गेंदबाजी कर पाकिस्तानी बल्लेबाजों पर शिकंजा कसे रखा। वहीं भुवनेश्वर ने पाक को दो शुरुआती झटके दिए। उन्होंने कामरान अकमल (0) को LBW किया फिर यूनुस खान (6) को बोल्ड कर दिया। मैच के दौरान दोनों युवा गेंदबाजों का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर दिखा।
दोनों युवा तेज गेंदबाजों द्वारा पाक टीम पर बनाए गए दबाव को ईशांत शर्मा और आर अश्विन ने भरपूर फायदा उठाया। अश्विन ने जबरदस्त फॉर्म में चल रहे नासिर जमशेद और मिसबाह उल हक को LBW कर पाकिस्तानी बल्लेबाजों को दबाव में ला दिया। निचलेक्रम में ईशांत शर्मा ने तीन विकेट लेकर पाकिस्तान के क्लीन स्वीप के सपने पर पानी फेर दिया। रवींद्र जडेजा को भी एक विकेट मिला। अपना पहला मैच खेल रहे समी अहमद ने भी शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 9 ओवर में 4 मेडन फेंके और केवल 24 रन देकर एक विकेट लिया। गेंदबाजों के इस शानदार प्रदर्शन के चलते पाकिस्तान टीम 157 रनों पर ढेर हो गई।
जीरो रहे भारतीय बल्लेबाज
भारतीय बल्लेबाजों का खराब फॉर्म फिरोजशाह कोटला में भी जारी रहा। शुरुआत के छह बल्लेबाज केवल 111 रनों पर पवेलियन लौट गए। वीरेंद्र सहवाग की जगह टीम में शामिल किए गए सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे भी कुछ खास नहीं कर सके। गंभीर 15 जबकि रहाणे 4 रन बनाकर चलते बने। क्रीज पर पांव जमा चुके सुरेश रैना भी लंबी पारी नहीं खेल सके। रैना 31 रन बनाकर आउट हुए। सीरीज में एक शतक और अर्द्घशतक जमा चुके एमएस धोनी इस मैच में कुछ अच्छे हाथ दिखाए। लेकिन वे भी 36 रन बनाकर चलते बने।
युवराज सिंह और युवा विराट कोहली का फ्लॉप शो यहां भी जारी रहा। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 27 रनों की पारी खेलकर अपनी उपयोगिता साबित करने की कोशिश की। चिंता की बात यह रही कि किसी जमाने में स्पिनरों के खिलाफ मजबूत मानी जाने वाली भारतीय बल्लेबाजी इस सीरीज में इस गेंदबाजी आक्रमण के सामने भी घुटने टेकते दिखी। फुल स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें।