भारत इस साल अक्तूबर में दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 12 साल के अंतराल के बाद वेस्टइंडीज की मेजबानी करेगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम नवंबर में सभी प्रारूपों के दौरे के लिए भारत आएगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि भारत दो अक्तूबर से मोहाली में पहले टेस्ट में विंडीज से भिड़ेगा, जबकि दूसरा टेस्ट 10 अक्टूबर से कोलकाता के ईडन गार्डन में होगा।
2013-14 के बाद पहली बार होगी टेस्ट सीरीज
वेस्टइंडीज का भारत का पिछला टेस्ट दौरा 2013-14 में हुआ था, जो महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर का अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच था। कैरेबियाई टीम का भारत का पिछला दौरा 2022 में तीन वनडे और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए हुआ था। वेस्टइंडीज सीरीज के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारत आएगी। टी20 सीरीज से दोनों टीमों को अगले वर्ष भारत में होने वाले टी20 विश्वकप की तैयारी का मौका मिलेगा। शुक्ला ने कहा, पहला टेस्ट दिल्ली में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट गुवाहाटी में होगा।
यह गुवाहाटी में पहला टेस्ट होगा, जो अक्सर सफेद गेंद के मैचों की मेजबानी करता है। यह शहर पिछले दो सत्रों से आईपीएल मैचों की मेजबानी भी कर रहा है। टेस्ट मैचों के बाद पहला वनडे 30 नवंबर को रांची में होगा, जबकि रायपुर तीन दिसंबर को दूसरे वनडे की मेजबानी करेगा। अंतिम वनडे छह दिसंबर को विशाखापत्तनम में होगा। पहला टी20 मैच नौ दिसंबर को खेला जाएगा, इसके बाद 11, 14, 17 और 19 दिसंबर को मैच होंगे। भारत इस साल सितंबर में आईसीसी महिला वनडे विश्व कप की मेजबानी करेगा।