फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Women's World Cup: 2017 की जीत दोहरा पाएगी भारतीय महिला टीम? नॉकआउट में ऐसा है ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड

Sun, 26 Oct 2025 09:46 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

शीर्ष पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया का सामना चौथे नंबर की टीम भारत से होगा। वहीं, फिलहाल दूसरे स्थान पर चल रही दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला तीसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड से होगा।
विज्ञापन
महिला विश्व कप - फोटो : ICC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महिला वनडे विश्व कप का ग्रुप चरण अब अपने अंतिम दौर में है और सेमीफाइनल की चार टीमें तय हो चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और भारत ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है, जबकि न्यूजीलैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया है। रविवार को ग्रुप चरण का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा जिसके बाद सेमीफाइनल मैच शुरू होंगे। 
विज्ञापन
Trending Videos

ऑस्ट्रेलिया ने शीर्ष पर दबदबा बरकार रखा
ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका को हराकर शीर्ष पर अपना दबदबा बनाए रखा और इससे यह तय हो गया कि ये टीम ग्रुप चरण में पहले स्थान पर रहेगी, जबकि भारतीय महिला टीम चौथे स्थान पर रहेगी। पहला सेमीफाइनल मुकाबला अंक तालिका में शीर्ष और चौथे नंबर पर रहने वाली टीम से होगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल दूसरे और तीसरे नंबर पर रहने वाली टीमों के बीच होगा। अब ये तय हो गया है कि सेमीफाइनल में कौन सी टीम किससे भिड़ेगी। शीर्ष पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया का सामना चौथे नंबर की टीम भारत से होगा। वहीं, फिलहाल दूसरे स्थान पर चल रही दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला तीसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड से होगा। अगर इंग्लैंड अपना आखिरी मैच जीत जाता है तो वह दूसरे स्थान पर आ जाएगा, लेकिन इससे उसका सेमीफाइनल प्रतिद्वंद्वी नहीं बदलेगा। 

भारतीय महिला टीम का अब तक का सफर
भारत ने महिला विश्व कप के पहले मैच में श्रीलंका को हराया था और फिर चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात दी थी। लेकिन उसे दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन टीम न्यूजीलैंड को हराकर जीत की राह पर लौटने में सफल रही। भारतीय महिला टीम ने छह में से तीन मैच जीते हैं और तीन में उसे हार मिली है। टीम फिलहाल छह अंक लेकर चौथे स्थान पर है और उसका नेट रनरेट भी +0.628 का है। भारत को अब ग्रुप चरण के आखिरी मैच में रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है। भारतीय टीम सेमीफाइनल से पहले अपनी तैयारियां पुख्ता करना चाहेगी। 

कब और कहां खेले जाएंगे सेमीफाइनल मैच
पहला सेमीफाइनल मुकाबला 29 अक्तूबर को गुवाहाटी के बारसापाड़ा स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल 30 अक्तूबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा। महिला विश्व कप का खिताबी मुकाबला दो नवंबर को डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। 

भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया की कड़ी चुनौती
भारतीय महिला टीम अपने पहले विश्व कप खिताब से दो कदम दूर है और उसके पास अपनी जमीन पर विश्व विजेता बनने का यह सुनहरा अवसर है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम लगातार तीन मैचों में हार के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत की राह पर लौटने में सफल रही थी। भारत को सेमीफाइनल में कोई दूसरा मौका नहीं मिलेगा, इसलिए ये उसे इस मैच में जीतने के लिए पूरा दम लगाना होगा। ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच मौजूदा टूर्नामेंट में एक बार सामना हो चुका है, जहां एलिसा हीली की अगुआई वाली टीम भारत पर भारी पड़ी थी। भारत के सामने सेमीफाइनल में कड़ी चुनौती होगी, लेकिन अगर टीम किसी तरह ये मैच जीतने में सफल रही तो विश्व कप जीतने के बेहद करीब पहुंच जाएगी। 
विज्ञापन

विश्व कप नॉकआउट में कब-कब भिड़े भारत और ऑस्ट्रेलिया
विश्व कप में नॉकआउट में दोनों के बीच अब तक तीन बार भिड़ंत हुई है। ऑस्ट्रेलिया दो बार जीत चुका है, जबकि भारत ने 2017 विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को मात दी थी। दोनों टीमों के बीच पहली बार विश्व कप के नॉकआउट में भिड़ंत 1997 में हुई जब दोनों सेमीफाइनल में भिड़े। ऑस्ट्रेलिया ने उस मुकाबले में भारत को 19 रनों से हराया। इसके बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2005 विश्व कप के खिताबी मुकाबले में आमना-सामना हुआ यहां भी ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 98 रनों से हराया। फिर 2017 विश्व कप के सेमीफाइनल में दोनों टीमों का सामना हुआ। इस मैच में बारिश ने बाधा डाली। मैच 42 ओवर का कराने का फैसला हुआ और भारत ने निर्धारित ओवर में चार विकेट पर 281 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की टीम 40.1 ओवर में 245 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे 36 रनों से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि फाइनल में इंग्लैंड ने भारत को हराया जिससे भारतीय टीम चैंपियन बनने से चूक गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें