वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में भारतीय टीम जीत के साथ क्लीन स्वीप करना चाहेगी। तीन मैचों की सीरीज के शुरुआती दो मैच जीतकर भारतीय टीम पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुकी है। टीम इंडिया भले ही सीरीज में बहुत अच्छी स्थिति में है, लेकिन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को तीसरे वनडे के लिए टीम चुनने में काफी परेशानी होने वाली है। वनडे सीरीज के दोनों मैच में दो अलग-अलग खिलाड़ियों के साथ पारी की शुरुआत करने वाले रोहित तीसरे मैच में भी सलामी जोड़ी में बदलाव कर सकते हैं।
युवा सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ कोरोना से उबर चुके हैं और अब रोहित के लिए परेशानियां बढ़ गई हैं। भारतीय टीम में फिलहाल छह बल्लेबाज ओपनिंग के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं। इनमें कप्तान रोहित के अलावा शिखर धवन, लोकेश राहुल, ऋषभ पंत, ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ शामिल हैं। हालांकि, रोहित का सलामी बल्लेबाज के रूप में खेलना तय है, लेकिन उनका साथी कौन होगा। इसका फैसला अब तक नहीं हुआ है।
रोहित के साथ धवन कर सकते हैं ओपनिंग
भारतीय टीम में तीसरे वनडे में शिखर धवन की वापसी हो सकती है। धवन कोरोना संक्रमित होने की वजह से शुरुआती दो मैच नहीं खेले थे। वो रोहित के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं। धवन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी अच्छा प्रदर्शन किया था और रोहित के साथ पारी की शुरुआत करते हुए उनके आंकड़े शानदार हैं। वहीं पूर्व कप्तान विराट कोहली तीसरे नंबर पर खेलेंगे।
मध्यक्रम में फिर होगा बदलाव
धवन के टीम में आने पर पंत एक बार फिर मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं। ऐसे में पंत चौथे और राहुल पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। इस स्थिति में सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर किया जा सकता है। छठे नंबर पर दीपक हुड्डा और सातवें नंबर पर वाशिंगटन सुंदर बल्लेबाजी कर सकते हैं। इस मैच में शार्दुल ठाकुर की जगह दीपक चाहर को मौका दिया जा सकता है, जिन्होंने अफ्रीका के खिलाफ भी अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके अलावा टीम में कोई बदलाव की संभावना कम है।
भारत की संभावित टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, ऋषभ पंत, लोकेश राहुल, दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर/दीपक चाहर, मोहम्मद सिराज, युजवेन्द्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा।