रविवार को टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे खेला जाएगा। बारिश और युवराज सिंह की फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बन गई हैं। दोनों टीमों के बीच वर्षा बाधित पहले वनडे में शुक्रवार को 39.2 ओवरों का ही खेल हो पाया उसके बाद लगातार बारिश ने मैच को रद्द करा दिया। मेहमान टीम ने तीन विकेट पर 199 रन बनाए थे जिसमें शिखर धवन 87 और अजिंक्य रहाणे ने 62 रन का योगदान दिया था।
दूसरे वनडे में भारतीय टीम एकादश में बदलाव की संभावना नहीं है। यह मैच उसी क्वींस पार्क ओवल में खेला जाएगा जहां पहला मैच धुल गया। रहाणे के लिए अर्द्धशतकीय पारी मनोबल बढ़ाने वाली रही होगी। रहाणे ने पहले विकेट पर शिखर धवन के साथ 132 रन की साझेदारी की। चैंपियंस ट्रॉफी में सर्वाधिक रन बनाकर गोल्डन बैट अवॉर्ड जीतने वाले शिखर धवन की शानदार फॉर्म लगातार जारी है।
भारतीय टीम को अपने युवा खिलाड़ियों को आजमाने के लिए पूरे मैच की जरूरत है। यह दौरे रिजर्व बैंच की परख के लिए आदर्शपूर्ण माना जा रहा है। चाइनामैन कुलदीप यादव की वनडे में आजमाइश होनी है। पहले मैच में उन्हें रविंद्र जडेजा की जगह शामिल किया गया था।