कुल मैच- 45
भारत ने जीते- 11
विंडीज ने जीते- 14
ड्रॉ - 20
इसे देखते हुए रिकॉर्ड्स के मामले में वेस्टइंडीज की टीम का पलड़ा भारी है। हालांकि, दो मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया का दबदबा रहने की उम्मीद है क्योंकि कैरीबियाई टीम में अब वो धार नहीं है, जो 80 के दशक में हुआ करती थी।
यह संयोग की बात है कि दोनों टीमों का उच्चतम स्कोर समान है। हालांकि, टीम इंडिया इस मामले में विकेट के अंतर से आगे रही। वेस्टइंडीज का उच्चतम स्कोर 8 विकेट पर 644 रन पारी घोषित रहा। वहीं टीम इंडिया का उच्चतम स्कोर 7 विकेट पर 644 रन पारी घोषित रहा।
न्यूनतम स्कोर की बात की जाए तो 1987 में टीम इंडिया महज 75 रन पर ढेर हो गई थी जबकि 2006 में वेस्टइंडीज की टीम 103 रन पर ऑलआउट हुई थी। यह दोनों टीमों का एक-दूसरे के खिलाफ उच्चतम और न्यूनतम स्कोर है।
सुनील गावस्कर और गुंडप्पा विश्वनाथ
वेस्टइंडीज के रोहन कन्हाई का सर्वोच्च स्कोर 256 रन है, जो उन्होंने 1958 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में बनाए थे। भारत के खिलाफ किसी भी कैरीबियाई बल्लेबाज द्वारा यह सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। वहीं भारत की तरफ से वेस्टइंडीज के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर का रिकॉर्ड महान सुनील गावस्कर के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में नाबाद 236 रन की पारी खेली थी। गावस्कर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन दोहरे शतक जमाए हैं और ऐसा कारनामा उनके अलावा कोई भारतीय बल्लेबाज अब तक नहीं कर सका है।
भारत की तरफ से वेस्टइंडीज के खिलाफ सर्वाधिक टेस्ट विकेट लेने का रिकॉर्ड कपिल देव के नाम दर्ज है। देव ने 41 पारियों में 89 विकेट चटकाए हैं। वहीं वेस्टइंडीज की तरफ से भारत के खिलाफ सर्वाधिक टेस्ट विकेट का रिकॉर्ड माल्कोम मार्शल के नाम दर्ज है। मार्शल ने 30 पारियों में 76 विकेट चटकाए हैं।
सर्वाधिक रन
सुनील गावस्कर भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में शीर्ष पर काबिज हैं। लिटिल मास्टर ने 48 पारियों में 2,749 रन बनाए। क्लाइव लॉयड इस मामले में दूसरे स्थान पर काबिज हैं, जिन्होंने 44 पारियों में 2,344 रन बनाए।