भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो को एसएससी मैदान पर खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 3 विकेट पर 344 रन बना लिए हैं। चेतेश्वर पुजारा 128 और अजिंक्य रहाणे 103 रन बनाकर नाबाद हैं। चौथे विकेट के लिए रहाणे और पुजारा के बीच 211 रन की साझेदारी हुई।
कोलंबो के सिंहलीस स्टेडियम में दूसरे टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को धवन-राहुल ने 56 रन की साझेदारी करके दमदार शुरुआत दिलाई। मगर धनंजय डी सिल्वा ने आते ही शिखर धवन (35) को LBW आउट करके भारत को पहला झटका दिया। इसके बाद राहुल और पुजारा ने पारी संभालते हुए टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। राहुल ने फिर रंगना हेराथ की गेंद पर लांगऑफ की दिशा में चौका जमाकर अपने करियर का 8वां अर्धशतक जमाया। राहुल ने लगातार छठा अर्धशतक जमाया। इसी के साथ राहुल अब गुंडप्पा विश्वनाथ और राहुल द्रविड़ के संयुक्त रूप से लगातार 6 अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज राहुल ने 73 गेंदों में 7 चौको की मदद से अपना पचासा पूरा किया।
टीम में वापसी कर रहे राहुल से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन पुजारा के साथ तालमेल की गड़बड़ी के चलते वो रनआउट हो गए। राहुल ने कवर्स की दिशा में शॉट खेलकर एक रन लेने का कॉल किया, पुजारा थोड़ा आगे बढ़े और फिर राहुल को क्रीज में वापस जाने के लिए कहा। राहुल तब तक आधी पिच पार कर चुके थे। डिकवेला ने फील्डर से थ्रो लिया और आसानी से गिल्लियां बिखेरी। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 82 गेंदों में 7 चौको की मदद से 57 रन बनाए।
इसके बाद पहले टेस्ट की दूसरी पारी में शतक लगाने वाले कप्तान विराट कोहली (13) हेराथ की गेंद पर पहली स्लिप में एंजेलो मैथ्यूज को कैच थमाकर पवेलियन लौटे। मैथ्यूज ने स्लिप में दर्शनीय कैच लपका। इसके बाद पुजारा और रहाणे ने श्रीलंकाई टीम को कोई मौका नहीं दिया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 212 रन की साझेदारी हुई। पुजारा ने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में लगातार दूसरा और लगातार शतक पूरा किया। यह पुजारा का 13वां और विदेशी धरती पर चौथा टेस्ट शतक है। वहीं अजिंक्य रहाणे ने टेस्ट करियर का नवां शतक पूरा किया। यह उनका विदेशी धरती पर छठा शतक है। चौथे विकेट के लिए दोनों ने 274 गेंद में 200 रन की साझेदारी पूरी की।
कोलंबो में पुजारा 50टेस्ट खेलने वाले 31वें भारतीय खिलाड़ी बने। इस दौरान उन्होंने टेस्ट करियर में 4 हजार रन भी पूरे किए।
श्रीलंकाई गेंदबाजों के लिए दिन पूरी तरह निराशा जनक रहा। दिन के पहले सेशन में श्रीलंका के पाले में मैच रहा लेकिन दूसरा और तीसरा सत्र पूरी तरह टीम इंडिया के नाम रहा। हेराथ और पुष्पकुमार ने 1-1 विकेट हासिल किया।
भारत : विराट कोहली (कप्तान), लोकेश राहुल, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, ऋद्धिमान साहा, उमेश यादव, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद शमी।
श्रीलंका : श्रीलंका : दिमुथ करुनारात्ने, उपुल थरंगा, कुसल मेंडिस, दिनेश चंडीमल (कप्तान), एंजेलो मैथ्यूज, निरोशन डिकवेला, धनंजय डी सिल्वा, दिलरुवान परेरा, रंगना हेराथ, मलिंडा पुष्पकुमारा, नुवान प्रदीप।