विराट कोहली (75*) और अभिनव मुकुंद (81) की शानदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया पहले टेस्ट के तीसरे दिन श्रीलंका के खिलाफ ड्राइविंग सीट पर आ चुकी है। गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को स्टंप्स तक भारत ने 46.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 188 रन बना लिए हैं। गुनाथिलाका ने अभिनव मुकुंद को LBW आउट किया, जिसके बाद स्टंप्स की घोषणा कर दी गई।
टीम इंडिया ने श्रीलंका पर 497 रन की बढ़त बना ली है जबकि उसके 7 विकेट शेष हैं। पहली पारी में 309 रन की बढ़त हासिल करने के बाद टीम इंडिया की दूसरी पारी में शुरुआत बेहद खराब रही। पहली पारी में 190 रन की पारी खेलने वाले शिखर धवन दूसरी पारी में महज 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें दिलरुवान परेरा ने पॉइंट में धनंजय डी सिल्वा के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा (15) को लहिरू कुमार ने लेग गली में कुसल मेंडिस के हाथों की शोभा बनाया।
यहां से मुकुंद और कोहली ने टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया और तीसरे विकेट के लिए रन की साझेदारी की। इस दौरान मुकुंद ने अपने टेस्ट करियर का दूसरा जबकि कप्तान कोहली ने 15वां टेस्ट शतक जमाया। मुकुंद ने 7 चौको की मदद से अपने करियर का दूसरा अर्धशतक पूरा किया।
विराट कोहली ने 68 गेंदों में चार चौको की मदद से अपने करियर का 15वां अर्धशतक जमाया। इसके साथ ही कोहली ने एक खास उपलब्धि भी हासिल कि। उन्होंने भारत से बाहर कप्तान के रूप में एक हजार रन पूरे कर लिए हैं। इससे पहले श्रीलंका की पहली पारी 78।3 ओवर में 291 रन पर ऑलआउट हुई। दिलरुवान परेरा 92 रन बनाकर नाबाद रहे। जडेजा ने लहिरू कुमार (2) को बोल्ड करके श्रीलंका की पहली पारी का अंत किया। परेरा 132 गेंदों में 10 चौको और 4 छक्को की मदद से 92 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, गुनारात्ने चोट के कारण बल्लेबाजी करने नहीं उतरे, इसलिए श्रीलंका को ऑलआउट माना गया है।
श्रीलंका ने तीसरे दिन अपनी पारी रविंद्र जडेजा ने टीम इंडिया को दिन की पहली सफलता दिलाई। उन्होंने एंजेलो मैथ्यूज (83) को शॉर्ट कवर्स में कप्तान विराट कोहली के हाथों की शोभा बनाया। मैथ्यूज ने 130 गेंदों में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 83 रन बनाए। इसके बाद जडेजा ने श्रीलंकाई कप्तान रंगना हेराथ (9) को रहाणे के हाथों की शोभा बनाया।
उधर, दिलरुवान परेरा ने पांच चौको व तीन चक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। फिर परेरा ने नुवान प्रदीप (10) के साथ 39 रन की साझेदारी की। हार्दिक पांड्या ने प्रदीप को क्लीन बोल्ड करके टेस्ट में अपना डेब्यू विकेट लिया। जडेजा ने फिर लहिरू कुमार (2) को क्लीन बोल्ड करके मेजबान टीम की पहली पारी का अंत किया।
भारत की तरफ से रविंद्र जडेजा ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। मोहम्मद शमी को दो जबकि उमेश यादव, रविचंद्रन अश्विन और हार्दिक पांड्या को एक-एक सफलता मिली। गौरतलब है कि टीम इंडिया की पहली पारी दूसरे दिन यानी गुरुवार को 600 रन पर ऑलआउट हुई और फिर स्टंप्स तक श्रीलंका ने 44 ओवर में पांच विकेट खोकर 154 रन बनाए थे। भारत के विशाल स्कोर के बाद बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही।
ओपनर दिमुथ करुनारात्ने (2) को उमेश यादव ने LBW आउट कर दिया। इसके बाद मोहम्मद शमी ने एक ही ओवर में दनुश्का गुनाथिलाका (16) और कुसल मेंडिस (0) को अपना शिकार बनाया। यहां से उपुल थरंगा (64) और एंजेलो मैथ्यूज ने पारी सँभालते हुए चौथे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। मगर थरंगा रनआउट हो गए और श्रीलंका की टीम बैकफुट पर चली गई।
इससे पहले हार्दिक पांड्या (50) के शानदार डेब्यू और शिखर धवन (190), चेतेश्वर पुजारा (153) व अजिंक्य रहाणे (57) की शानदार पारियों की मदद से भारत नपहली पारी में 600 रन बनाए थे। श्रीलंका की तरफ से तेज गेंदबाज नुवान प्रदीप ने 6, लहिरू कुमार ने तीन और रंगना हेराथ ने एक विकेट लिया था।