टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच खेले गए धर्मशाला वनडे में श्रीलंका ने लगातार 12 मैच हारने के बाद टीम इंडिया को 7 विकेट से मात देकर जीत का स्वाद चखा। तीन वनडे मैचों की सीरीज में श्रीलंका ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया। जिस उसके गेंदबाजों ने सही साबित करते हुए टीम इंडिया को 112 रन ही ढेर कर दिया। इसके जवाब में श्रीलंंका ने 3 विकेट गंवाकर इस 113 रन के लक्ष्य को 20.4 ओवर में हासिल कर लिया।
श्रीलंका की ओर से सबसे अधिक रन ओपनर उपुल थरंगा ने बनाए। थरंगा ने 46 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 49 रन की पारी खेली। इसके अलावा एंजिलो मैथ्यूज 25 और निरोशन डिकवेला ने 24 नाबाद रन बनाए।
टीम इंडिया के लिए जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट लिया। मैच में एक बार फिर बुमराह अपनी पुरानी नॉ बॉल की समस्या से जुझते दिखे। बुमराह ने थरंगा को छठे ओवर में कार्तिक हाथों कैच आउट करवाने कामयाब रहे थे, लेकिन नॉ बॉल होने की वजह से वो बच गए। उस वक्त थरंगा मात्र 11 रन पर ही बल्लेबाजी कर रहे थे।
टीम इंडिया के बल्लेबाजों की बात करें तो धर्मशाला की इस तेज पिच पर सभी बल्लेबाज श्रीलंका की पेस बैटरी के सामने घुटने टेकते हुए नजर आए। हालांकि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एकमात्र ऐसे बल्लेबाज थे जिन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया। धोनी ने 87 गेंदों पर 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 65 रन की पारी खेली।
ये भी पढ़ेंः एमएस धोनी का इस मामले में कोई सानी नहीं, श्रीलंका के खिलाफ फिर किया साबित
श्रीलंका की ओर से मैच में सबसे अधिक विकेट सुरंगा लकमल ने लिए साथ ही उन्होंने इस मैच में अपने वनडे करियर का सबसे शानदार प्रदर्शन किया। लकमल ने 10 ओवर में 13 रन देकर 4 विकेट लिए। लकमल के इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।
वहीं श्रीलंका के अन्य गेंदबाजों की बात करें तो नुवान प्रदीप ने 37 रन देकर दो झटके। इसके अलावा थिरारा परेरा, कुसल परेरा और सचित पथिराना ने एक-एक विकेट लिया।
सीरीज का अगला मुकाबला 13 दिसंबर को मोहली में खेला जाएगा। इस मैच में हार के बाद टीम इंडिया के लिए अगला मैच करो या मरो वाली स्थिति का होगा।