भारतीय टीम के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में अपना दम दिखाया। पडिक्कल को साई सुदर्शन की जगह तीसरे स्थान पर खेलने का मौका मिला और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। सुदर्शन चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हैं, ऐसे में टीम प्रबंधन ने पडिक्कल को तीसरे नंबर पर उतारा है।
बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ खेल
भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन बारिश ने मैच में खलल डाला। सुबह से ही बारिश के कारण पहले और दूसरे सत्र का खेल नहीं हो पाया था। खेल चार घंटे 30 मिनट की देरी से शुरू हुआ। खेल का समय नए सिरे से निर्धारित किया गया है।
दोहरा शतक नहीं लगा सके पडिक्कल
पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन शतक लगाया था जो उनका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला सैकड़ा था। पडिक्कल ने दूसरे दिन भी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 150 रनों का आंकड़ा छुआ। पडिक्कल ने इसके साथ ही राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा की बराबरी कर ली। पडिक्कल भारत के तीसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए 150+ रन बनाए हैं। देवदत्त पडिक्कल के रूप में भारत को पांचवां झटका लगा। प्रभात जयसूर्या ने पडिक्कल को अपना शिकार बनाया जो 230 गेंदों पर 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 167 रन बनाकर आउट हुए।
गांगुली की बराबरी पर पहुंचे थे पडिक्कल
पडिक्कल ने इससे पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज सौरव गांगुली के रिकॉर्ड की भी बराबरी की थी। वह 21वीं सदी में नंबर-तीन पर बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिए टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे बाएं हाथ के बल्लेबाज बन गए थे। उनसे पहले सौरव गांगुली ने यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने 2002 में दिल्ली में जिम्बाब्वे के खिलाफ 136 रन की पारी खेली थी। भारत के लिए नंबर-3 पर टेस्ट शतक लगाने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाजों की सूची में विनोद कांबली सबसे आगे हैं। उन्होंने इस स्थान पर चार शतक लगाए हैं। सौरव गांगुली के नाम तीन शतक हैं। वहीं, सलीम दुर्रानी, बापू नाडकर्णी, अजित वाडेकर, एकनाथ सोलकर, सुरिंदर अमरनाथ और अब देवदत्त पडिक्कल ने इस नंबर पर एक-एक शतक लगाया है।
पडिक्कल ने ऋषभ पंत के साथ मिलकर 113 गेंदों में 71 रनों की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने टेस्ट के पहले रिटायर हर्ट होकर ड्रेसिंग रूम लौटने वाले केएल राहुल के साथ टीम की पारी को आगे बढ़ाया। पंत अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 62 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। पंत खराब शॉट खेलकर आउट हुए। केएल राहुल अपना शतक पूरा नहीं कर सके और वह 175 गेंदों में 82 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टेस्ट के पहले दिन कप्तान शुभमन गिल (16 रन) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे, जबकि यशस्वी जायसवाल (32 रन) अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे थे। टेस्ट के दूसरे दिन का पहले सेशन बारिश की भेंट चढ़ा। लगातार होती बारिश के कारण दूसरा सेशन भी देरी से शुरू हुआ और पिच में मौजूद नमी का श्रीलंका के गेंदबाजों ने भरपूर फायदा उठाया।