फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SL: पांच साल में 18 पिंक बॉल टेस्ट हुए, दो तिहाई मुकाबले चार दिन के अंदर सिमटे, बेंगलुरु में क्या होगा?

Sat, 12 Mar 2022 11:09 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु

सार

श्रीलंकाई टीम अब तक भारतीय जमीन पर एक भी टेस्ट नहीं जीत पाई है और इसका दबाव भी उन पर होगा। घरेलू जमीन पर डे-नाइट टेस्ट में भारत के बेहतरीन रिकॉर्ड से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह भी मैच दो या तीन दिन में खत्म हो सकता है।
विज्ञापन
भारत बनाम श्रीलंका - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार से बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में डे-नाइट टेस्ट मैच खेला जाएगा। डे-नाइट टेस्ट को पिंक बॉल टेस्ट भी कहा जाता है, क्योंकि इसमें लाल की जगह पिंक बॉल से मुकाबला होता है। बेंगलुरु में यह मैच दोपहर दो बजे शुरू होगा। 
विज्ञापन


पिछले पांच साल में कुल 18 डे-नाइट टेस्ट खेले गए हैं और सभी के नतीजे निकले हैं। इसमें से दो तिहाई मुकाबले चार या इससे कम दिन में ही खत्म हो गए। 18 में से सिर्फ छह टेस्ट पांच दिन तक चला, जबकि 12 टेस्ट मैचों का नतीजा चार या इससे कम दिन में ही आ गया। 

भारत ने कब-कब खेले डे-नाइट टेस्ट मैच?

भारत ने अब तक कुल तीन डे-नाइट टेस्ट खेले हैं। इसमें से दो मैच टीम इंडिया ने अपनी जमीन पर और एक ऑस्ट्रेलिया में खेला है। बांग्लादेश के खिलाफ नवंबर 2019 में खेले गए अपने पहले पिंक बॉल टेस्ट को भारत ने तीन दिन में जीत लिया था। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में दिसंबर 2020 में खेले गए डे-नाइट टेस्ट में भारत को हार का सामना करना पड़ा था।

इसके बाद 2021 के फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट को भारत ने सिर्फ दो दिन में जीत लिया था। ऐसे में श्रीलंका पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। श्रीलंकाई टीम अब तक भारतीय जमीन पर एक भी टेस्ट नहीं जीत पाई है और इसका दबाव भी उन पर होगा।

घरेलू जमीन पर डे-नाइट टेस्ट में भारत के बेहतरीन रिकॉर्ड से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह भी मैच दो या तीन दिन में खत्म हो सकता है। भारत ने मोहाली में खेले गए पिछले टेस्ट में भी श्रीलंका को तीन दिन में हरा दिया था।

भारत बनाम श्रीलंका दूसरा टेस्ट - फोटो : अमर उजाला

बेंगलुरु के चिन्नास्वामी में टीम इंडिया का रिकॉर्ड

बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत ने कुल 23 टेस्ट खेले हैं और आठ में जीत मिली है। वहीं, छह टेस्ट में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है। नौ मैच ड्रॉ रहे हैं। भारत और श्रीलंका के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में सिर्फ एक मुकाबला हुआ है, जिसे टीम इंडिया ने जीता था। भारत ने चिन्नास्वामी में पिछला मैच जून 2018 में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। तब टीम इंडिया ने अफगान टीम को दो दिन में ही हरा दिया था।

कब खत्म हुआ कौन सा डे-नाइट टेस्ट मैच
कौन
सा मैच
कितने दिन में
खत्म हुआ
साल
AUS vs ENG तीन दिन 2015
PAK vs WI पांच दिन 2016
AUS vs SA चार दिन 2016
AUS vs PAK पांच दिन 2016
ENG vs WI तीन दिन 2017
PAK vs SL पांच दिन 2017
AUS vs ENG पांच दिन 2017
SA vs ZIM दो दिन 2017
NZ vs ENG पांच दिन 2018
WI vs SL चार दिन 2018
AUS vs SL तीन दिन 2019
IND vs BAN तीन दिन 2019
AUS vs PAK चार दिन 2019
AUS vs NZ चार दिन 2019
IND vs AUS तीन दिन 2020
IND vs ENG दो दिन 2021
AUS vs ENG पांच दिन 2021
AUS vs ENG तीन दिन 2022

डे-नाइट टेस्ट में अब तक कितने शतक लगे

डे-नाइट टेस्ट में अब तक कुल 23 शतक लगे हैं। इसमें से सबसे ज्यादा तीन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने लगाए हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर दो शतक के साथ पाकिस्तान के असद शफीक हैं। 20 बल्लेबाजों ने डे-नाइट टेस्ट में एक-एक बार शतक लगाया है। भारतीय टीम से सिर्फ विराट कोहली ही पिंक बॉल टेस्ट में शतक लगा पाए हैं।

कोहली ने नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 136 रन की पारी खेली थी। कोहली इसके बाद से वनडे, टेस्ट और टी-20 मिलाकर क्रिकेट के किसी भी प्रारूप में शतक नहीं लगा पाए हैं। हालांकि, बेंगलुरु आईपीएल में उनका होम ग्राउंड है। ऐसे में घरेलू मैदान पर वह अपने शतक के सूखे को खत्म करना चाहेंगे।
विज्ञापन

भारत बनाम श्रीलंका - फोटो : अमर उजाला

भारत-श्रीलंका के बीच टेस्ट में ओवरऑल रिकॉर्ड

भारत और श्रीलंका के बीच ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों के बीच कुल 45 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। इसमें से भारत ने 21 और श्रीलंका ने सात मैच जीते हैं। 17 टेस्ट ड्रॉ रहा है। वहीं, भारतीय जमीन पर दोनों टीमों के बीच कुल 21 टेस्ट हुए हैं। इसमें से भारत ने 12 मैच जीते हैं, जबकि श्रीलंका एक भी मैच नहीं जीत पाया है। नौ टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें