केपटाउन टेस्ट के दूसरे दिन स्टंप्स के समय
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 65 रन बना लिए हैं। नाइट वॉचमैन कागिसो रबाडा 2* और हाशिम अमला 4* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका की बढ़त अब 142 रन की हो चुकी है और अभी उसके 8 विकेट शेष हैं।
दक्षिण अफ्रीका को दूसरी पारी में ओपनर्स एडेन मार्करम (34) और डीन एल्गर ने 52 रन की साझेदारी करके दमदार शुरुआत दिलाई।
हार्दिक पांड्या ने मार्करम को भुवनेश्वर कुमार के हाथों कैच आउट कराकर टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। जल्द ही पांड्या ने डीन एल्गर (25) को विकेटकीपर साहा के हाथों कैच आउट कराकर दूसरा शिकार किया। टीम इंडिया की तरफ से हार्दिक पांड्या ने दोनों विकेट लिए।
इससे पहले हार्दिक पांड्या (93) की बेहतरीन पारी और
भुवनेश्वर कुमार (25) के साथ हुई आठवे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की बदौलत टीम इंडिया की पहली पारी शनिवार को पहले टेस्ट के दूसरे दिन 73.4 ओवर में 209 रन पर ऑलआउट हुई। केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 286/10 के स्कोर से टीम इंडिया 77 रन पीछे रही। इसका मतलब दक्षिण अफ्रीका के पास अब 77 रन की बढ़त है, जिसे वह मजबूत करने के लिए पूरा जोर लगाएगी।
टीम इंडिया की दूसरे दिन हार्दिक पांड्या और भुवनेश्वर कुमार ने जबर्दस्त वापसी कराई। 92 रन पर 7 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही टीम इंडिया को पांड्या-भुवी ने 191 रन के स्कोर पर पहुंचा दिया।
मोर्ने मोर्केल ने भुवनेश्वर कुमार को विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी का अंत किया। 8 रन के बाद ही हार्दिक पांड्या भी रबाडा की गेंद पर डी कॉक को कैच थमाकर पवेलियन लौटे। रबाडा ने
जसप्रीत बुमराह (2) को डीन एल्गर के हाथों कैच आउट कराकर भारतीय पारी का अंत किया। मोहम्मद शमी 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से वेर्नोन फिलेंडर और कागिसो रबाडा ने तीन-तीन विकेट लिए। मोर्ने मोर्केल और डेल स्टेन को दो-दो विकेट मिले।
इससे पहले टीम इंडिया ने बेहद धीमी शुरुआत की। पहले चार ओवर में रोहित-पुजारा की जोड़ी ने एक भी रन नहीं बनाया। हालांकि, इसके बाद
रोहित शर्मा ने 17वीं गेंद पर अपना खाता खोला। टीम इंडिया ने दूसरे दिन के पहले घंटे में सिर्फ 17 रन बटोरे, लेकिन बड़ी उपलब्धि यह रही कि इस दौरान उसने कोई विकेट नहीं गंवाया। हालांकि, टीम इंडिया के कड़े संघर्ष पर कागिसो रबाडा ने पानी फेरा। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने पारी के 29वें ओवर में रोहित शर्मा (11) को LBW आउट करके मेहमान टीम को करारा झटका दिया।
इसके बाद लंच तक टीम इंडिया ने कोई विकेट नहीं गंवाया। मगर लंच के बाद दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की। वेर्नोन फिलेंडर ने चेतेश्वर पुजारा (26) और रविचंद्रन अश्विन को जल्दी-जल्दी पवेलियन भेजा। फिर डेल स्टेन ने फिर ऋद्धिमान साहा को खाता भी नहीं खोलने दिया और LBW आउट करके पवेलियन लौटाया।
इससे पहले केपटाउन में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करके पहले टेस्ट के पहले दिन दक्षिण अफ्रीका को 286 रन पर ऑलआउट कर दिया। हालांकि, इसके बाद टीम इंडिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। ओपनर मुरली विजय (1) को वेर्नोन फिलेंडर ने गली में डीन एल्गर के हाथों कैच आउट कराया। फिर डेल स्टेन ने शिखर धवन (16) का कैच अपनी ही गेंद पर लपककर अपनी वापसी का जश्न मनाया।
इसके बाद मोर्ने मोर्केल ने आते ही टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (5) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने अपने स्पेल की पहली गेंद पर कोहली को विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के हाथों झिलवाया।