इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 50 ओवर में 204 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से बल्लेबाजी करने आए सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला सस्ते में 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनको युवा तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेजा। इसके बाद कप्तान मार्करम भी 24 रन बनाकर आउट हो गए।
प्रोटियाज टीम की तरफ से सबसे अधिक रन खाया जोन्डों ने बनाए। उन्होंने 74 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 54 रन की पारी खेली। इसके अलावा एबी डीविलियर्स (30), हेनरिच क्लासेन (22) और एन्डिल फेह्लुक्वायो ने 34 रन बनाए। वहीं टीम इंडिया की तरफ से युवा तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने 52 रन देकर सबसे अधिक 4 विकेट झटके, जबकि जसप्रीत बुमराह और युजवेन्द्र चहल ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं, हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव को 1-1 विकेट मिला।
इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कप्तान विराट कोहली ने टीम में एक बदलाव किया। भुवनेश्वर कुमार की जगह युवा तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को मौका दिया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने अपनी टीम में चार बदलाव किए। तबरेज शम्सी की जगह इमरान ताहिर, डेविड मिलर की जगह खाया जोन्डों, जेपी डुमिनी की जगह फरहान बेहरादीन और कागिसो रबाडा की जगह क्रिस मॉरिस को शामिल किया।
बता दें कि इससे पहले टीम इंडिया सीरीज में पहले ही अपने नाम कर चुकी थी। 'मेन इन ब्लू' ने डरबन में पहला मैच 6 विकेट से, दूसरा मैच सेंचुरियन में 9 विकेट से और तीसरा मैच केपटाउन में 124 रन से जीता था, लेकिन प्रोटियाज टीम ने बारिश से प्रभावित चौथे पिंक वन-डे में पांच विकेट से जीत हासिल कर मैच में वापसी की थी। वहीं, पांचवें वन-डे में टीम इंडिया ने प्रोटियाज टीम को 73 रनों से हराकर इतिहास रचा था।