भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला मंगलवार (11 अक्तूबर) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें सीरीज में फिलहाल 1-1 की बराबरी पर हैं। ऐसे में यह मैच जो जीतेगा वह सीरीज अपने नाम कर लेगा। हालांकि, भारत और दक्षिण अफ्रीका के अरमानों पर पानी फेरने के लिए मौसम तैयार है। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है कि मैच शायद ही पूरा खेला जा सके।
दिल्ली में मंगलवार को भी बारिश होने की संभावना है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और धूप होने की संभावना काफी कम है। ऐसे में कहीं यह मैच रद्द न हो जाए। सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ में खेला गया था। वहां भी बारिश ने मैच को प्रभावित किया था। हालांकि, 40-40 ओवर का मुकाबला जरूर हो गया था। अब देखना है कि दिल्ली में कितने ओवर का मैच हो पाता है।
ये भी पढ़ें: IND vs SA Playing-11: घर में द.अफ्रीका का वर्चस्व तोड़ने उतरेगा भारत, पिछले दस में से चार वनडे जीती टीम इंडिया
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
मंगलवार को 40 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) पर मैदान को तुरंत सुखाने की चुनौती रहेगी। लखनऊ में यह काम सफलतापूर्वक किया गया था। मौसम वेबसाइट एक्यूवेदर (Accuweather) के मुताबिक, बादल छाए रहने की संभावना 61 प्रतिशत है। धूप निकलने की उम्मीद काफी कम है। हवाओं की गति भी 20 किमी प्रति घंटा रहेगी। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।
मैदान कई दिनों से ढका है। सोमवार को मैदानकर्मी क्यूरेटर की निगरानी में पिच के आसपास के हिस्से के कवर हटाकर नमी सुखाने का प्रयास करते नजर आए।
ये भी पढ़ें: IND vs SA 3rd ODI Live Streaming: भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच निर्णायक मुकाबला, जानें कहां देख पाएंगे मैच
वनडे विश्वकप के क्वालिफायर से बचना चाहेगा दक्षिण अफ्रीका
टीम इंडिया के सामने अपने घर में दक्षिण अफ्रीका से 12 साल बाद सीरीज जीतने की चुनौती होगी तो मेहमानों की एक और हार उन्हें अगले साल होने वाले वनडे विश्वकप के क्वालिफायर में खेलने को मजबूर कर सकती है। 22 फरवरी, 2010 के बाद से भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने घर में 10 वनडे खेल चुकी है, जिसमें उसे सिर्फ चार मैचों में जीत मिली है। छह में भारत को हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे बारिश ने खलल नहीं डाला तो दोनों टीमें अंतिम वनडे जीतने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएंगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, आवेश खान।
दक्षिण अफ्रीका: यानेमन मलान, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर, वेन पार्नेल, केशव महाराज (कप्तान), ब्योर्न फोर्चूइन, कगिसो रबाडा, एनरिच नोर्त्जे।