विश्व चैंपियन भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ 3 जनवरी को यहां के ईडन गार्डंस में होने वाला दूसरा वन-डे मैच अग्निपरीक्षा के समान है। तीन मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही भारतीय टीम के पास सीरीज में वापसी करने का यह आखिरी मौका है। यदि भारत यह मैच भी हार गई तो वह सम्मान के साथ सीरीज भी गंवा देगी। ईडन गार्डंस का रिकॉर्ड भी भारत के पक्ष में नहीं है और यहां पाक के खिलाफ खेले गए तीनों मैचों में उसे हार का सामना करना था। भारतीय टीम की नजर ईडन के इस इतिहास को बदलने पर भी होगी।
पलटवार के लिए बड़ा स्कोर जरूरी
चेन्नई में हुए पहले वन-डे मैच में भारतीय टीम की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों ही दोयम दर्जे का रहा। यदि भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नाबाद शतक न लगाते तो भारत को पाक के हाथों शर्मनाक शिकस्त झेलनी पड़ती। पाक टीम पर पलटवार करने के लिए भारतीय बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर खड़ा करना होगा जबकि गेंदबाजों को भी लय में आना होगा।
सहवाग, गंभीर का रन बनाना जरूरी
पिछले मैच में भारतीय क्षेत्ररक्षणों ने दो-तीन कैच टपकाने के अलावा रन आउट के मौके भी गंवाए थे। टीम इंडिया की सबसे बड़ी परेशानी ओपनर गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग की खराब फॉर्म और उनके बीच बड़ी साझेदारी नहीं हो पाना है। 2011 में रिकॉर्ड 2019 रन की पारी खेलने वाले सहवाग के लिए 2012 बेहद खराब रहा। इस साल सहवाग ने 10 मैचों में सिर्फ 217 रन बनाए।
रोहित की जगह हो सकते हैं रहाणे
भारतीय टीम दूसरे वन-डे के लिए टीम में कुछ बदलाव भी कर सकती है। रोहित शर्मा के स्थान पर आलराउंडर रविंद्र जडेजा अजिंक्य रहाणे को मौका दिया जा सकता है। कोलकाता की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जा रही है। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों के पास फार्म में लौटने और बड़ी पारी खेलने का बढ़िया मौका होगा।
धोनी एंड कंपनी को पाक तेज गेंदबाजी आक्रमण उमर गुल, जुनैद खान, मोहम्मद इरफान और स्पिनर मोहम्मद हफीज के साथ सईद अजमल के खिलाफ नई रणनीति बनानी होगी। दूसरी ओर, पाक के पास सीरीज जीतने का बढ़िया मौका है।
एक टीम के रूप में हमारे पास अच्छी यादें हैं। हमारे खिलाड़ियों ने भी अच्छा किया है। क्रिकेट में आत्मविश्वास की भूमिका अहम होती है और अगर आपका रिकॉर्ड अच्छा हो तो इससे आत्मविश्वास और बढ़ता है। हमें याद नहीं कि आखिरी बार हम इस मैदान पर कब जीते थे लेकिन यह एक बेहद महत्वपूर्ण सीरीज है। - मिस्बाह उल हक
प्रसारण: स्टार क्रिकेट पर दोपहर 12.00 बजे से