भारत और न्यूजीलैंड के बीच जयपुर में तीन टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 164 रन बनाए। जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में 166 रन बनाकर मैच जीत लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
इस मुकाबले में मार्टिन गुप्टिल का 42 गेंदों में 70 रन और मार्क चैपमैन का 50 गेंदों पर 63 रन का योगदान रहा। चैपमैन ने इस पारी के साथ ही इतिहास रच दिया है। चैपमैन दो देशों से टी-20 खेलते हुए फिफ्टी लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। न्यूजीलैंड से खेलने से पहले 27 साल के चैपमैन हांगकांग से भी खेल चुके हैं। चैपमैन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत ही हांगकांग से की थी। चैपमैन ने 2014 में हांगकांग से टी-20 डेब्यू और 2015 में वनडे डेब्यू किया था। इसके बाद वह न्यूजीलैंड चले गए।
हांगकांग के लिए वनडे डेब्यू पर ही चैपमैन ने 124 रन की शतकीय पारी खेली थी। वे हांगकांग के लिए वनडे सेंचुरी लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बने। चैपमैन एसोसिएट नेशन से खेलते हुए वनडे सेंचुरी लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बने। 2018 में चैपमैन को हांगकांग के विश्व कप क्वालीफायर टीम में नहीं चुना गया। इसके बाद वह ऑकलैंड चले गए थे और न्यूजीलैंड के लिए खेलने पर इच्छा जताई थी।
फरवरी 2018 में चैपमैन को न्यूजीलैंड के टी-20 टीम में चुना गया। यह ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के साथ एक ट्राई सीरीज थी। उन्होंने 13 फरवरी 2018 को इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड के लिए डेब्यू किया। वे दो देशों से टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेलने वाले छठे खिलाड़ी बने। इसके बाद उन्हें केन विलियमसन के कवर के तौर पर वनडे टीम में भी चुना गया। चैपमैन ने इंग्लैंड के खिलाफ ही 28 फरवरी 2018 को वनडे डेब्यू किया। इसके साथ ही वे दो देशों से वनडे खेलने वाले 10वें क्रिकेटर बने।
अब चैपमैन ने एक और मुकाम हासिल किया है। वे दो देशों से अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं। टी-20 में उन्होंने सिर्फ दो ही बार 50+ का स्कोर बनाया है और यह दोनों स्कोर 63 रन का है। पहली बार उन्होंने हांगकांग के लिए खेलते हुए 2015 में ओमान के खिलाफ 63 रन बनाए थे। वहीं, दूसरा 63 रन का स्कोर उन्होंने इस मैच में न्यूजीलैंड के लिए खेलते हुए बनाया।