भारत के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज खेल रही न्यूजीलैंड की टीम के तेज गेंदबाजी विकल्पों की आने वाले दिनों में कड़ी परीक्षा होने वाली है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत तेज गेंदबाजों को रोटेट किया जा रहा है। लॉकी फर्ग्यूसन मंगलवार को वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 मैच के लिए यात्रा नहीं करेंगे, बल्कि रविवार को ऑकलैंड चले जाएंगे ताकि वे शुक्रवार को ऑकलैंड और फिर हैमिलटन में होने वाले चौथे और पांचवें टी20 मैच के लिए उपलब्ध रह सकें।
क्राइस्टचर्च में ही रुकेंगे हेनरी
वहीं, मैट हेनरी क्राइस्टचर्च में ही रुकेंगे, जहां पहले दो टी20 मैच खेले गए थे। वह इस सीरीज के बाकी बचे तीनों टी20 मैचों से बाहर हो गए हैं। इसके बजाय, वह न्यूजीलैंड और भारत के बीच चार नवंबर को खेले जाने वाले पहले वनडे मैच से पहले ऑकलैंड के लिए रवाना होंगे। काइल जैमीसन, जो शुरुआती दोनों टी20 मैचों का हिस्सा नहीं थे, तीसरे मैच के लिए वेलिंगटन जाएंगे और मैच के बाद वहीं रुकेंगे ताकि वे 31 अक्तूबर को वेलिंगटन के खिलाफ कैंटरबरी के फोर्ड ट्रॉफी दूसरे दौर के मैच के लिए उपलब्ध रह सकें।
इसके बाद जैमीसन भी वनडे मुकाबलों के लिए ऑकलैंड रवाना होंगे। ब्लेयर टिकनर अंतिम तीन मैचों के लिए वेलिंगटन में टी20 टीम से जुड़ेंगे, जबकि जोश क्लार्कसन ऑकलैंड जाएंगे और अंतिम दो टी20 मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं, मैट फिशर केवल तीसरे टी20 मैच के लिए कवर के रूप में टीम के साथ वेलिंगटन की यात्रा करेंगे और उसके बाद भारत ए के खिलाफ अपने दूसरे चार दिवसीय मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड ए टीम में वापस लौट आएंगे।
न्यूजीलैंड के कोच ने क्या कहा?
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा, हम अपनी टीम की गहराई के मामले में बहुत भाग्यशाली हैं कि हम अपने तेज गेंदबाजों के वर्कलोड को प्रबंधित करने में मदद के लिए अलग-अलग खिलाड़ियों को बुला सकते हैं। यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर सकते हैं कि वे आगे आने वाले सभी क्रिकेट के लिए टीम के लिए प्रदर्शन करने की सर्वश्रेष्ठ स्थिति में हों।
क्राइस्टचर्च में खेले गए दोनों शुरुआती मुकाबले जीतकर भारतीय टीम पांच मैचों की इस टी20 सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है। शेष टी20 मैचों के बाद दोनों टीमें पांच वनडे मैचों की सीरीज खेलेंगी और फिर दिसंबर की शुरुआत में दो टेस्ट मैचों के साथ इस पूरे दौरे का समापन होगा।