फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत बनाम न्यूजीलैंड: बल्लेबाजी के तरीके में केएल राहुल ने किस तरह किया बदलाव? न्यूजीलैंड के खिलाफ दिखाया दम

Sat, 21 Nov 2026 01:06 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वेलिंगटन

सार

केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने कहा कि उनके करियर के मुश्किल दौर में तकनीक कभी समस्या नहीं थी, बल्कि सही बल्लेबाजी का तरीका तलाशना जरूरी था।
विज्ञापन
केएल राहुल - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल का मानना है कि उनके करियर के मुश्किल दौर में तकनीक कभी समस्या नहीं थी, बल्कि असली चुनौती परिस्थितियों के मुताबिक सही बल्लेबाजी का तरीका तलाशने की थी। राहुल ने कहा कि उन्होंने हर गेंद को खेलने और बल्ला लगाने की आदत से बाहर निकलकर धैर्य के साथ बल्लेबाजी करना सीखा, जिसका फायदा उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में मिला।
विज्ञापन
Trending Videos

राहुल की ऐतिहासिक पारी 
राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में 290 गेंदों पर 136 रन की शानदार पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 13वां शतक था। इस शतक के साथ ही उन्होंने SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट शतक लगाने की उपलब्धि भी हासिल कर ली। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 486 रन बना लिए और पहली पारी में 118 रन की बढ़त हासिल कर ली।

केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल - फोटो : BCCI
अपनी बल्लेबाजी को लेकर खुलकर की बात
दिन का खेल खत्म होने के बाद राहुल ने अपने बल्लेबाजी के तरीके में आए बदलाव पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए उनके अंदर हर गेंद पर बल्ला लगाने की आदत विकसित हो गई थी, जो सीम और स्विंग वाली परिस्थितियों में नुकसानदायक साबित हो सकती है। राहुल ने कहा, तकनीक कभी समस्या नहीं थी। मध्यक्रम में उन 15 महीनों के दौरान मुझे हर गेंद पर बल्ला लगाने की आदत हो गई थी। लेकिन सीम वाली परिस्थितियों में गेंद और बल्ले के बीच कम संपर्क रखना ही सबसे बेहतर तरीका हो सकता है।

राहुल ने बताया कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने के लिए उन्होंने पहले से तैयारी की थी। उनका ध्यान किसी खास तकनीकी बदलाव के बजाय सही गार्ड और बल्लेबाजी की पोजिशन तलाशने पर था, ताकि परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढाल सकें। राहुल ने कहा, यह उपलब्धि हासिल करके बहुत अच्छा लग रहा है। मैं यहां करीब तीन सप्ताह से हूं। इंडिया-ए की ओर से खेलते हुए ज्यादा रन नहीं बना पाया, लेकिन नेट्स में काफी समय बिताया और यह समझने की कोशिश की कि यहां रन कैसे बनाए जा सकते हैं। मेरे पास स्पष्ट योजनाएं थीं। जब आप मेहनत करते हैं, तो उसका नतीजा प्रदर्शन में दिखाई देता है।

न्यूजीलैंड में यह राहुल का पहला टेस्ट मैच था। अपने 71 मैचों के टेस्ट करियर में इससे पहले उन्हें न्यूजीलैंड में खेलने का मौका नहीं मिला था। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह इस मुकाबले को लेकर किसी तरह के अतिरिक्त दबाव या उत्साह में नहीं थे, बल्कि इसे खुद को परखने के अवसर के रूप में देख रहे थे। राहुल ने कहा, मैं कभी बहुत ज्यादा उत्साहित नहीं होता। यह एक ऐसा मौका था, जिसे मैं गंवाना नहीं चाहता था। जब आप इतने लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं, तो दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ खुद को चुनौती देने का ऐसा अवसर मिलता है।

कई महीने से न्यूजीलैंड दौरे की तैयारी शुरू की 
उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड दौरे की तैयारी उन्होंने कई महीने पहले ही शुरू कर दी थी। नेट्स में बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने अलग-अलग गार्ड और पोजिशन आजमाईं। इसके अलावा उन्होंने उन बल्लेबाजों के वीडियो भी देखे, जिन्होंने पहले न्यूजीलैंड में रन बनाए थे। राहुल ने कहा, जब मैं नेट्स में उतरा तो मेरे दिमाग में कोई खास तकनीक नहीं थी। मैंने काफी गेंदें खेलीं और यह समझने की कोशिश की कि मुझे किस तरह का गार्ड और पोजिशन अपनानी चाहिए, जिससे मेरे रन बनाने की संभावना बढ़े। हालांकि, इसकी कोई गारंटी नहीं होती। मैंने उन खिलाड़ियों के वीडियो भी देखे, जिन्होंने पहले न्यूजीलैंड में रन बनाए हैं।
विज्ञापन

केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल - फोटो : BCCI
पिच को लेकर क्या बोले राहुल? 
भारतीय बल्लेबाज ने वेलिंगटन की पिच को लेकर भी अपनी राय रखी। उनके मुताबिक, पिच पर अब स्पिनरों को मदद मिलने के संकेत दिखाई देने लगे हैं। कुछ गेंदें नीचे रह रही हैं और पिच पर खुरदरे हिस्से भी बनने लगे हैं। उन्होंने कहा, गेंद नीचे रह सकती है और पिच पर कुछ खुरदरे हिस्से बन रहे हैं, जो हमारे ज्यादा गेंदबाजी करने के साथ बड़े हो सकते हैं। हम उम्मीद करेंगे कि पिच में गिरावट आए, लेकिन तब तक नहीं जब तक हमारी बल्लेबाजी खत्म न हो जाए।

राहुल ने पहली पारी में न्यूजीलैंड को 368 रन पर रोकने का श्रेय भारतीय गेंदबाजों और टॉस को भी दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में पिच को लेकर टीम की उम्मीदें कुछ अलग थीं, लेकिन गेंदबाजों ने पहले सत्र में अच्छी गेंदबाजी की और मेजबान टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। उन्होंने कहा, जब हम यहां पहुंचे थे, तब हमें नहीं लगा था कि पिच इस तरह खेलेगी। हमने कुछ स्कोर देखे थे और उम्मीद थी कि पिच पर गेंदबाजों को थोड़ी ज्यादा मदद मिलेगी। टॉस काफी महत्वपूर्ण रहा। हमारे गेंदबाजों ने पहले सत्र में अच्छी गेंदबाजी की और न्यूजीलैंड को 550 या 600 रन तक पहुंचने से रोका। हम 368 रन के स्कोर से संतुष्ट थे, क्योंकि इससे हमें रन बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें