विराट कोहली (123) के शतक के बावजूद भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहद उतार-चढ़ाव वाले पहले वनडे में रविवार को यहां 24 रन से हार का सामना करना पड़ा।
जीत के लिए 293 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया 48.4 ओवर में 268 रन पर ढेर हो गई। विराट ने एकतरफा संघर्ष करते हुए 111 गेंदों में 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से 123 रन बनाए।
लेकिन अपने 18वें वनडे शतक के बावजूद वह टीम को जीत की मंजिल पर नहीं पहुंचा सके। इसी के साथ ही टीम इंडिया पांच मैचों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ गई है।
भारत ने अपने चार विकेट 129 रन तक गंवा दिए थे लेकिन विराट और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (40) ने पांचवें विकेट के लिए 95 रन जोड़कर टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया था।
लेकिन इस जोड़ी के टूटने के साथ ही मैच भारत के हाथ से निकल गया। भारत ने अपने अंतिम छह विकेट 44 रन के अंतराल में गंवा दिए।
रोहित शर्मा (तीन), शिखर धवन 32 और अजिंक्य रहाणे सात और सुरेश रैना 18 रन बनाकर आउट हुए। शिखर और विराट के बीच दूसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद रैना ने विराट के साथ मिलकर 45 रन जोड़े। रैना 18 रन बनाकर चलते बने। विराट और धोनी ने फिर पांचवें विकेट के लिए 14.1 ओवर में 95 रन की साझेदारी भारत को संभालने की कोशिश की।
लेकिन धोनी के आउट होते ही टीम इंडिया ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। इससे पहले मैकलीन पार्क मैदान में भारतीय कप्तान धोनी ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
न्यूजीलैंड ने केन विलियम्सन (71), रोस टेलर (55) और कोरी एंडरसन (नाबाद 68) के अर्द्धशतकों से सात विकेट पर 292 रन का मजबूत स्कोर बनाया। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने चार विकेट झटके।
धोनी ने विकेट के पीछे पूरे किए 300वां शिकार
नेपियर। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे में विकेट के पीछे 300 शिकार करने की उपलब्धि हासिल कर ली है। वह यह कारनामा करने वाले भारत के पहले और दुनिया के चौथे विकेटकीपर हैं।
धोनी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को नेपियर में खेले गए पहले वनडे में मोहम्मद शमी की गेंद पर रोस टेलर को कैच करने के साथ ही यह कारनामा कर दिखाया।
धोनी ने 239 वनडे में 301 बल्लेबाजों को विकेट के पीछे अपना शिकार बनाया है। उन्होंने 222 कैच पकड़े हैं जबकि 79 बल्लेबाजों को स्टंप किया है।
वनडे में विकेट के पीछे सर्वाधिक शिकार करने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट (472) पहले, दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर (424) और श्रीलंका के कुमार संगकारा (424) संयुक्त दूसरे नंबर पर हैं।
मार्क वॉ की बराबरी पर पहुंचे विराट
नेपियर। जबर्दस्त फार्म में चल रहे भारत के धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली ने वनडे में 18 शतक लगाने के ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मार्क वॉ की बराबरी कर ली है।
विराट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को यहां पहले वनडे में अपना शतक पूरा करने के साथ ही यह उपलब्धि हासिल की। विराट 126 मैचों में इस मुकाम तक पहुंचे हैं जबकि वॉ ने 244 मैचों में 18 शतक लगाए हैं।
दिल्ली के दाहिने हाथ के बल्लेबाज विराट सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में अब संयुक्त नौवें स्थान पर हैं। उनसे आगे वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा (19), पाकिस्तान के सईद अनवर (20), वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (21), दक्षिण अफ्रीका के हर्शेल गिब्स (21), भारत के सौरव गांगुली (22), श्रीलंका के सनत जयसूर्या (28), ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (30) और भारत के सचिन तेंदुलकर (49) हैं।