फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Highlights, IND vs NZ, 4th T20: सुपर ओवर में भारत की लगातार दूसरी जीत, सीरीज में 4-0 की लीड

Fri, 31 Jan 2020 06:59 PM IST
Rohit Ojha स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

India vs New Zealand 4th T20I Live Score: भारत ने लगातार दूसरा मैच सुपर ओवर में जीत लिया है। वेलिंग्टन के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथा टी-20 खेला गया था। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने 166 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में कीवी टीम भी इतने ही रन बना पाई।

सुपर ओवर में कीवियों के लिए टिम सिफर्ट और कॉलिन मुनरो मैदान पर उतरे थे। एक विकेट खोकर न्यूजीलैंड ने सुपर ओवर में 13 रन बनाए। भारत को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे, लेकिन केएल राहुल के शुरुआती वार और फिर कोहली के पराक्रम के बूते टीम इंडिया ने 5 गेंद पर ही 16 रन बना लिए।

इसके पहले शार्दुल ठाकुर की भी तारीफ करनी पड़ेगी, जब न्यूजीलैंड को जीत के लिए छह गेंदों पर महद सात रन बनाने थे, लेकिन उन्होंने गजब की गेंदबाजी करते हुए सिर्फ छह रन ही दिए।
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड 4th टी20 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:47 PM, 31-Jan-2020

जीत के बाद क्या बोले विराट?

न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दो मैचों के सुपरओवरों में छूटने से विराट ने कहा कि उन्हें सीख मिली, आखिर तक शांतचित कैसे बना रहा जाए और मौका मिलने पर कैसे वापसी की जाए। कोहली ने कहा, ‘हम इससे अधिक रोमांचक मैचों की उम्मीद नहीं कर सकते। हमने इससे पहले सुपर ओवर नहीं खेले थे और अब हमने दो में जीत दर्ज की। इससे टीम के जज्बे का पता चलता है।’ कोहली ने युवा तेज गेंदबाज नवदीप सैनी की भी तारीफ की।

05:37 PM, 31-Jan-2020

शार्दुल ठाकुर बने मैन ऑफ द मैच

ठाकुर ने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को जीत के लिए जरूरी सात रन बनाने से रोका। उसके पहले बल्ले से 15 गेंदों में 20 रन का अहम योगदान भी दिया था। ठाकुर को इसी कारण मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार लेने के बाद ठाकुर ने कहा, ‘मुझे अच्छा लग रहा है। हम इसी तरह के रोचक मुकाबलों के लिए खेलते हैं। पिछले दो मैचों में हम इससे ज्यादा कुछ नहीं मांग सकते थे। पिछले मैच से हमने सीखा था कि उम्मीद कभी नहीं खोनी चाहिए। आखिरी ओवर की पहली गेंद पर विकेट मिलने से काफी फायदा हुआ क्योंकि इससे वो नर्वस हो गए।’

05:30 PM, 31-Jan-2020

सुपर ओवर ने ही छीना था विश्व कप

इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप 2019 के फाइनल में सुपर ओवर ने न्यूजीलैंड का साथ नहीं दिया था। तब सुपर ओवर टाई पर छूटने के बाद बाउंड्री की गिनती में उसे उप विजेता बनकर संतोष करना पड़ा था। न्यूजीलैंड में सुपर ओवर में अपनी आखिरी जीत 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्राइस्टचर्च में दर्ज की थी। इससे पहले ऑकलैंड में 2008 में उसे वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा था। न्यूजीलैंड ने 2012 में श्रीलंका के खिलाफ और वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर ओवर गंवाए थे। ये दोनों मैच पल्लेकल में खेले गए थे। इसके बाद पिछले साल उसने वनडे विश्व कप का फाइनल गंवाया जबकि इंग्लैंड के खिलाफ ऑकलैंड में टी-20 मैच में सुपर ओवर में फिर से उसका भाग्य नहीं चला था।

विज्ञापन
05:06 PM, 31-Jan-2020

न्यूजीलैंड का सुपर ओवर में खराब रिकॉर्ड बरकरार

न्यूजीलैंड की टीम ने अब तक सीमित ओवरों की क्रिकेट में आठ सुपर ओवर खेले हैं, जिनमें से सात में उसे हार मिली और इनमें भारत के हाथों चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में मैच में मिली हार भी शामिल है। न्यूजीलैंड ने टी-20 में सात सुपर ओवर खेले हैं, जिनमें से छह में उसे हार का सामना करना पड़ा।

04:57 PM, 31-Jan-2020

तीन दिन में 2 सुपर ओवर मैच जीता भारत

सुपर ओवर न्यूजीलैंड का साथ छोड़ नहीं रहा और न ही किस्मत इस टीम का साथ दे रही है। आज वेलिंग्टन में वही हुआ जो दो दिन पहले हैमिल्टन में हुआ था। पांच मैच की टी-20 सीरीज में अब तक दो मैच सुपर ओवर तक जा चुके हैं। तीसरे टी-20 को सुपर ओवर में जीतकर भारत ने पहली बार न्यूजीलैंड में टी-20 सीरीज जीती थी और अब चौथे मैच में भी कुछ यही कहानी रही।

विज्ञापन
04:40 PM, 31-Jan-2020

पांचवीं गेंद में ही जीता भारत

पांचवीं गेंद में विराट कोहली का बेहतरीन चौका। इस तरह भारत ने लगातार दूसरा सुपर ओवर मैच जीता। सीरीज में 4-0 की बढ़त

04:40 PM, 31-Jan-2020

चौथी गेंद पर दो रन

हल्के हाथों से खेलकर विराट ने दो रन चुराए। दो गेंदों में अब दो रन की जरूरत।

04:38 PM, 31-Jan-2020

सुपर ओवर की तीसरी गेंद पर राहुल आउट

तीसरी गेंद पर भी शॉट मारने के चक्कर में राहुल लपके गए। तीन गेंदों में अब चार रन की जरूरत।

04:37 PM, 31-Jan-2020

सुपर ओवर की दूसरी गेंद पर चौका

दूसरी गेंद पर केएल राहुल ने जड़ा चौका। इस तरह चार गेंदों में अब महज चार की जरूरत

04:35 PM, 31-Jan-2020

सुपर ओवर की पहली गेंद पर छक्का

भारत की ओर से क्रीज पर केएल राहुल और विराट कोहली मैदान पर। पिछली बार की तरह इस बार भी गेंद टिम साउदी के हाथ में। गुड लेंथ गेंद पर राहुल का दनदनाता शॉट और छक्का।

04:31 PM, 31-Jan-2020

न्यूजीलैंड ने सुपरओवर में बनाए 13 रन।

बुमराह के ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन आया। अब भारत को जीत के लिए 14 रन की दरकार। न्यूजीलैंड ने सुपरओवर में बनाए 13 रन।

04:30 PM, 31-Jan-2020

पांचवीं गेंद पर चौका

बुमराह की पांचवीं गेंद पर मुनरो ने चौका जमाया। पांच गेंदों पर आ चुके हैं 12 रन

04:25 PM, 31-Jan-2020

जसप्रीत बुमराह की एक और बेहतरीन गेंद। बैक ऑफ द लेंथ गेंद पर वाशिंगटन सुंदर का डीप कवर पर बेहतरीन कैच। चार गेंदों पर आ चुके हैं आठ रन

04:25 PM, 31-Jan-2020

तीसरी गेंद पर कैच छूटा

बाहरी किनारा लगा। गेंद हवा में बेहद ऊपर। विकेटकीपर केएल राहुल गेंद के नीचे, लेकिन कैच छूटा। तीन गेंदों पर आ चुके हैं आठ रन

04:24 PM, 31-Jan-2020

सुपर ओवर की दूसरी गेंद में चार रन

टिम सिफर्ट ने बाजुओं को खोला। ऑफ साइड पर चार रन।

04:23 PM, 31-Jan-2020

सुपर ओवर की पहली गेंद में दो रन

सुपर ओवर शुरू। जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी का मोर्चा संभाले हुए हैं। पहली गेंद पर श्रेयस अय्यर ने कैच छोड़ा। मुश्किल मौका था। अच्छी कोशिश।

04:15 PM, 31-Jan-2020

एक और सुपर ओवर

आखिरी गेंद में दो रन चाहिए थे, लेकिन बल्लेबाज सिर्फ एक ही रन चुरा पाए। सैंटनर ने गेंद को डीप पॉइंट पर खेला, लेकिन कीवी बल्लेबाज दो रन लेने गए, लेकिन संजू सैमसन ने शानदार फील्डिंग की। सैंटनर रन आउट




 

04:13 PM, 31-Jan-2020

अब एक गेंद में दो रन की जरूरत

डेनियल मिचेल आउट। शार्दुल की बेहतरीन गेंदबाजी। लेंथ बॉल को मिड ऑफ के ऊपर से मारने की फिराक में बल्लेबाज आउट। शिवम दुबे का कैच। अब एक गेंद में दो रन की जरूरत

04:12 PM, 31-Jan-2020

चौथी गेंद में एक रन

सैंटनर ने शॉर्ट बॉल को शॉर्ट मिडविकेट पर पुल कर दिया। आसानी से एक रन पूरा। अब दो गेंदों में दो रन की जरूरत

04:11 PM, 31-Jan-2020

टिम सिफर्ट रन आउट

शार्दुल ठाकुर की तीसरी गेंद पर टिम सिफर्ट रन आउट। ऑफ स्टंप के बाहर फेंकी छोटी गेंद पर बल्लेबाज ने रन चुराने का प्रयास किया। विकेटकीपर केएल राहुल का सीधा थ्रो विकेट पर और टिम सिफर्ट 57 रन बनाकर रन आउट हो गए। अब तीन गेंदों में तीन रन की दरकार

04:09 PM, 31-Jan-2020

दूसरी गेंद पर चौका

शार्दुल ठाकुर की दूसरी गेंद पर मिचेल सैंटनर ने चौका मारा। मिड ऑफ के ऊपर से यह लॉफ्टेड शॉट। अब चार गेंदों में तीन रन की दरकार

04:08 PM, 31-Jan-2020

पहली ही गेंद पर विकेट

पहली गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने रॉस टेलर को आउट किया। 18 गेंदों में 24 रन बनाकर खेल रहे रॉस टेलर ने गेंद को मिडविकेट पर खेला। गेंद हवा में गई। टेफुल लेंथ गेंद पर खेले गए शॉट को श्रेयस अय्यर ने छलांग लगाकर लपका। अब पांच गेंदों में सात रन की दरकार

04:03 PM, 31-Jan-2020

छह गेंदों में सात रन की दरकार

रोमाचंक मोड़ पर पहुंचा मैच। आखिरी ओवर शार्दुल ठाकुर लेकर आए।

03:55 PM, 31-Jan-2020

टिम सिफर्ट की फिफ्टी

चोटिल केन विलियमसन की जगह आज बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए टिम सिफर्ट ने दोनों हाथों से मौके को भुनाया। कमजोर गेंदों पर जोरदार प्रहार और अच्छी गेंदों को सम्मान देते हुए इस खिलाड़ी ने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
 

03:48 PM, 31-Jan-2020

न्यूजीलैंड अब जीत के बेहद करीब। 24 गेंदों में 26 रन की दरकार। सिफर्ट और रॉस टेलर के बीच 23 गेंदों में 43 रन की साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 140/3, टिम सिफर्ट (46) और रॉस टेलर (16)

03:38 PM, 31-Jan-2020

युजवेंद्र चहल का काफी महंगा ओवर। ओवर में काफी कुछ घटा। दो कैच छूटे। दूसरी ही गेंद पर सिफर्ट ने छक्का लगाया, हालांकि नवदीप सैनी के पास इस हाफचांस को कैच में तब्दील करने का सुनहरा मौका था, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। इसी ओवर की तीसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने कैच छोड़ा। आखिरी गेंद पर रॉस टेलर ने चौका जमाया। इस ओवर में 17 रन आए। 15 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 130/3, टिम सिफर्ट (38) और रॉस टेलर (15)

03:31 PM, 31-Jan-2020

14वां ओवर शिवम दुबे लेकर आए। इस ओवर की आखिरी गेंद पर सिफर्ट ने छक्का लगाया। महंगा ओवर। 11 रन आए। 14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 113/3, टिम सिफर्ट (31) और रॉस टेलर (6)

03:22 PM, 31-Jan-2020

ब्रुस हुए फुस्स

न्यूजीलैंड इस झटके से उबरी ही नहीं थी कि दो गेंद बाद ही भारत को एक विकेट और मिल गया। 48 गेंदों पर 69 रन की दरकार थी। टीम इंडिया के लिए 13वां ओवर युजवेंद्र चहल लेकर आए। युजी ने पहली गेंद ड्रिफ्ट फेंकी, जो मिडिल स्टंप पर पिच हुई, ब्रुस इसे पैडल मारना चाहते थे, लेकिन स्टंप्स एक्सपोज हो गया और लेग स्टंप उखड़ गया। तीन गेंदों में बिना कोई रन बनाए टॉस ब्रुस को वापस लौटना पड़ा। 13 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 102/2, टिम सिफर्ट (23) और रॉस टेलर (3)

03:17 PM, 31-Jan-2020

विराट का रॉकेट थ्रो और मुनरो रन आउट

11.3 ओवर में न्यूजीलैंड 95 रन बना चुका था और दोनों ही बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी भी हो चुकी थी। भारत को यहां विकेट निकालने की जरूरत थी ताकी वह मैच में वापसी कर पाए, तभी शिवम दुबे के ओवर की चौथी गेंद पर मुनरो डीप पर शॉट मारकर पहला रन लेने के बाद दूसरा रन चुराने के लिए भागे, तभी शार्दुल ठाकुर ने गेंद थ्रो किया जिसे कवर्स पर खड़े विराट कोहली ने पकड़ा और एक रॉकेट थ्रो स्टंप्स पर दे मारा। रीप्ले में साफ नजर आया कि मुनरो की तेजी पर कोहली की फुर्ती भारी पड़ गई। इस डायरेक्ट थ्रो ने अर्धशतक जमा चुके मुनरो की पारी समाप्त कर दी। 47 गेंदों में 64 रन बनाकर वह पवेलियन लौटे। 12 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 97/2, टिम सिफर्ट और टॉम ब्रुस (0)

03:06 PM, 31-Jan-2020

कॉलिन मुनरो की फिफ्टी

अगले तीन ओवर्स में कीवी बल्लेबाजों ने तेज गति से रन चुराए। आठवां ओवर लेकर आए स्पिनर वाशिंगटन सुंदर के ओवर में 13, नौवां ओवर लेकर आए चहल के ओवर में 12 और 10वें ओवर में सुंदर ने फिर लुटाए 11 रन। इसी ओवर में चौका जड़कर कॉलिन मुनरो ने 38 गेंदों में अर्धशतक भी पूरा किया। 10 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 79/1, कॉलिन मुनरो (56) और टिम सिफर्ट (15)

02:55 PM, 31-Jan-2020

चहल का पहला ओवर

अपना पहला ओवर लेकर आए युजवेंद्र चहल ने दोनों ही बल्लेबाजों का बांधकर रखा। ओवर से सिर्फ चार रन आए। 7 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 43/1, कॉलिन मुनरो (34) और टिम सिफर्ट (2)

02:52 PM, 31-Jan-2020

शार्दुल ठाकुर का महंगा ओवर

छठा ओवर लेकर आए शार्दुल ठाकुर की कॉलिन मुनरो ने पिटाई कर दी। पहले गेंद पर मिड विकेट पर छक्का। अगली दो गेंदों पर लगातार दो चौके। हालांकि अगली तीन गेंदों पर ठाकुर की वापसी सिर्फ दो रन ही दिए। ओवर से कुल 16 रन आए। 6 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 39/1, कॉलिन मुनरो 32 और टिम सिफर्ट (0)

02:47 PM, 31-Jan-2020

बुमराह ने दिलाया पहला विकेट

आखिरकार बुमराह अपने कप्तान विराट की उम्मीदों पर खरे उतरे। कोहली ने उन्हें विकेट के लिए बुलाया और अपने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर जस्सी ने खतरनाक गप्टिल (8 गेंदों में 4 रन) को निपटाया। 5 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 23/1, कॉलिन मुनरो 17 और टिम सिफर्ट (0)

02:37 PM, 31-Jan-2020

बुमराह का पहला ओवर

टीम इंडिया को अगर इस मैच को बचाना है तो जसप्रीत बुमराह को विकेट निकालना होगा। बुमराह को पहले ओवर में विकेट तो नहीं मिला, लेकिन उनकी ओर से बेहतरीन प्रदर्शन का मुजायरा। ओवर में तीन डॉट के साथ आए सिर्फ तीन रन। 3 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 12/0, मार्टिन गप्टिल 2 और कॉलिन मुनरो 8

02:32 PM, 31-Jan-2020

न्यूजीलैंड की धीमी शुरुआत

न्यूजीलैंड की धीमी शुरुआत पहले ओवर में चार तो दूसरे ओवर में आए पांच रन। गप्टिल और कॉलिन मुनरो दोनों ही किसी तरह की कोई जल्दबाजी में नहीं दिख रहे हैं। 2 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 9/0, मार्टिन गप्टिल 2 और कॉलिन मुनरो 6

02:29 PM, 31-Jan-2020

न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी शुरू

165 के जवाब में न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी शुरू। पहला ओवर लेकर आए शार्दुल ठाकुर। सामने मार्टिन गप्टिल और नॉन स्ट्राइक एंड में उनका साथ निभाने के लिए कॉलिन मुनरो तैयार

02:15 PM, 31-Jan-2020

दो साल बाद मनीष पांडे ने ठोकी फिफ्टी

मनीष पांडे जब क्रीज पर उतरे तो टीम इंडिया मुश्किल में थी। 8.4 ओवर में 75 के स्कोर पर चार विकेट गिर चुके थे। इसके बाद भी दूसरी छोर से विकेटों का पतझड़ जारी थी। स्थिति के मुताबिक संभल कर खेलते हुए पांडे ने सिंगल-डबल लेकर न सिर्फ पारी संभाली बल्कि दो साल बाद अर्धशतक भी जड़ा।  मनीष ने पिछली फिफ्टी फरवरी 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ठोकी थी।

02:11 PM, 31-Jan-2020

न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 166 रन का लक्ष्य

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने 166 रन का लक्ष्य रखा। लगातार विकेटों के पतझड़ के बीच छठे नंबर पर उतरे मनीष पांडे ने जुझारू नाबाद अर्धशतक जड़ते हुए टीम इंडिया को 165/8 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

02:10 PM, 31-Jan-2020

मनीष पांडे की फिफ्टी

मनीष पांडे की बेहतरीन पारी। 19.5 गेंद पर सिंगल के साथ अपना पचासा पूरा किया। 36 गेंदों में मनीष पांडे ने तीन चौके की मदद से अर्धशतक बनाया।

02:04 PM, 31-Jan-2020

19वें ओवर में नवदीप सैनी ने बनाए 10 रन

पहली बार बल्लेबाजी कर रहे पेसर नवदीप सैनी ने 19वें ओवर में दो चौके और एक डबल के बूते 10 रन बनाए। नॉन स्ट्राइक एंड पर मनीष पांडे अब भी मौजूद। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर 154/8, मनीष पांडे 42 और नवदीप सैनी 11

01:57 PM, 31-Jan-2020

भारत को आठवां झटका

युजवेंद्र चहल (2 गेंदों के रूप में 1 रन) के रूप में भारत को लगा आठवां झटका। कार्यवाहक कप्तान साउदी को मिला पहला विकेट। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 144/8, मनीष पांडे 42 और नवदीप सैनी 1

01:53 PM, 31-Jan-2020

भारत का सातवां विकेट गिरा

16.3 ओवर में शार्दुल ठाकुर आउट। बेनैट की गेंद पर उन्हें साउदी ने शॉर्ट मिड ऑन पर कैच आउट किया। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर 138/7, मनीष पांडे 38 और चहल 0

01:45 PM, 31-Jan-2020

चार ओवर का खेल बाकी

अभी चार ओवर का खेल बचा है और भारत ने अपने छह विकेट गंवा दिए हैं। भारत की ओर से एक मात्र बल्लेबाज मनीष पांडे ही क्रीज पर टिके हैं। मनीष को यहां बड़ी पारी खेलनी होगी। पूरे 20 ओवर तक बल्लेबाजी करनी ही होगी। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 124/6, मनीष पांडे 31 और शार्दुल ठाकुर 14

01:39 PM, 31-Jan-2020

पांडे और शार्दुल के बीच साझेदारी

सातवें विकेट के लिए मनीष पांडे और शार्दुल ठाकुर के बीच साझेदारी पनपती हुई।
 

01:31 PM, 31-Jan-2020

विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी है। बल्लेबाजों के फेल होने के बाद आज प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए वाशिंटन सुंदर के पास खुद को साबित करने का अच्छा मौका था। स्पिन के साथ बल्लेबाजी में भी हाथ आजमाने वाले सुंदर बुरी तरह फेल रहे। तीन गेंदों में बिना कोई रन बनाए वह मिचेल सैंटनर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर 88/6, मनीष पांडे 11 और शार्दुल ठाकुर 0

01:29 PM, 31-Jan-2020

शिवम दुबे के रूप में पांचवां विकेट

10.2 ओवर में भारत को एक और झटका। शिवम दुबे भी आउट। 9 गेंदों में 12 रन बनाकर दुबे की पारी खत्म। स्पिनर ईश सोढ़ी की गेंद पर बड़ा शॉट मारने की फिराक में वह लपके गए। स्लॉग स्विप में इतनी ताकत नहीं थी कि गेंद मैदान पार कर पाए। टॉम ब्रुस ने कैच लपका। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर 87/5, मनीष पांडे 11 और वाशिंगटन सुंदर 0

01:18 PM, 31-Jan-2020

केएल राहुल भी आउट

अच्छी लय में नजर आ रहे केएल राहुल भी आउट। एक खराब गेंद पर उन्होंने अपना विकेट फेंका। ईश सोढ़ी की इस शॉर्ट पिच गेंद को वह कहीं भी मार सकते थे, लेकिन डीप मिड विकेट में मारा गया उनका करारा शॉट सीधा मिचेल सैंटनर ने बाउंड्री पर लपका। 26 गेंदों में 39 रन की पारी में राहुल ने तीन चौके और दो छक्के लगाए। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर 78/4, शिवम दुबे 11 रन और मनीष पांडे 3

01:15 PM, 31-Jan-2020

पिछली आठ गेंदों में चार चौके

आठवें ओवर में कुग्गेलैन को दूसरी, चौथी और छठी गेंद पर राहुल और शिवम दुबे ने मिलकर चौका मारा। इस ओवर में 14 रन आए। नौवें ओवर की पहली गेंद पर सोढ़ी को राहुल ने फिर चौके के लिए मारा।

01:13 PM, 31-Jan-2020

न्यूजीलैंड में मिले धोनी के फैंस

01:07 PM, 31-Jan-2020

भारत का तीसरा विकेट गिरा

भारत को लगातार झटके। कप्तान कोहली के बाद नए बल्लेबाज श्रेयस अय्यर भी आउट। छठे ओवर की तीसरी गेंद पर स्पिनर ईश सोढ़ी ने विकेट के पीछे श्रेयस अय्यर का काम तमाम किया। अय्यर गुगली पढ़ नहीं पाए और विकेटकीपर सिफर्ट ने बाहरी किनारे पर एक बेहतरीन कैच पकड़ा। अय्यर सात गेंदों पर सिर्फ एक ही रन बना पाए। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर 55/3, राहुल 29 और शिवम दुबे 1 रन।

12:58 PM, 31-Jan-2020

विराट कोहली आउट

भारत का दूसरा विकेट गिरा। दो लगातार चौके के बाद नौ गेंदों पर 11 रन बनाकर कप्तान कोहली भी आउट। पांचवां ओवर पेसर हाशिम बेनैट लेकर आए। शुरुआती दो गेंदों में चौका खाने के बाद तीसरी गेंद पर विराट कोहली का बड़ा विकेट। मिचेल सैंटनर ने लपका गजब का कैच। गेंद की एक्स्ट्रा बाउंस से कोहली भी हैरान। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर 50/2, राहुल 25 और श्रेयस अय्यर 1 रन।
 

12:47 PM, 31-Jan-2020

राहुल के दो लगातार छक्के

तीसरे ओवर की पांचवीं और छठी गेंद पर केएल राहुल ने जड़े लगातार दो छक्के। दबाव में स्पिनर मिचेल सैंटनर। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर 35/1, राहुल 21 और विराट कोहली 2 रन।

12:40 PM, 31-Jan-2020

टीम इंडिया को पहला झटका

रोहित शर्मा की जगह टीम में शामिल किए गए युवा बल्लेबाज संजू सैमसन एक बार फिर फेल। दूसरे ही ओवर में संजू अपना विकेट फेंक आए। स्कॉट कुग्गेलैन की पहली ही गेंद पर छक्का लगाने के बाद संजू तीसरी गेंद पर भी बड़ा शॉट लगाना चाहते थे, लेकिन बल्ले का बाहरी किनारा लेकर, गेंद आसमां को छू गई और उसे लपकने में मिचेल सैंटनर ने कोई लगती नहीं की। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर 15/1, राहुल 10 और विराट कोहली 0 रन।

12:35 PM, 31-Jan-2020

पहला ओवर

रोहित शर्मा की जगह आज संजू सैमसन केएल राहुल के साथ ओपनिंग करने के लिए आए हैं। टीम साउदी ने कीवी टीम की ओवर से गेंदबाजी की शुरुआत की। पहले ओवर से आए सात रन। भारत का स्कोर 7/0, राहुल 4 और सैमसन 2 रन।

12:15 PM, 31-Jan-2020

नियमित कप्तान के बिना उतरा न्यूजीलैंड

12:06 PM, 31-Jan-2020

रोहित, शमी और जडेजा को आराम

जैसी उम्मीद थी वैसा ही हुआ, पहले ही सीरीज जीत चुकी भारतीय टीम अपने प्लेइंग इलेवन में अब प्रयोग कर रही है। उपकप्तान रोहित शर्मा, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और पेसर मोहम्मद शमी को आराम देकर संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर और नवदीप सैनी को मौका दिया गया है।
 

12:02 PM, 31-Jan-2020

न्यूजीलैंड ने जीता टॉस

चौथे टी-20 में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर, भारत को बल्ला थमाया है।

11:59 AM, 31-Jan-2020

कप्तान केन विलियमसन नहीं खेल रहे

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन पिछले मैच में चोटिल हो गए थे, जिसके बाद अब वह चौथे टी-20 में नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह टिम साउदी भारतीय कप्तान विराट कोहली के साथ टॉस के लिए मैदान पर नजर आ रहे हैं।

11:46 AM, 31-Jan-2020

दिलचस्प आंकड़ें

  • 04 : बार 47 टी-20 पारियों में बुमराह 40 से अधिक रन दिए हैं, तीसरे टी-20 में उन्होंने 45 रन दिए जबकि सुपरओवर में 17 रन
  • 99 : पारी खेली हैं 107 मैचों में रोहित शर्मा ने टी-20 में उनसे अधिक पाकिस्तान के शोएब मलिक (105 पारी) हैं

11:45 AM, 31-Jan-2020

क्या बुमराह खेलेंगे आज का मैच?

गेंदबाजी विभाग में बदलाव की अधिक उम्मीद है। वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और नवदीप सैनी मौके का इंतजार कर रहे हैं। तीनों को हालांकि एक साथ मौका नहीं मिलेगा। सुंदर ऑस्ट्रेलिया के बड़े मैदानों पर कोहली की नई गेंद की रणनीति का हिस्सा हैं और उन्हें अगले दो मैचों में खेलने का मौका मिल सकता है। शमी पिछले साल घरेलू सीजन शुरू होने के बाद वह 192 ओवर फेंक चुके हैं। जसप्रीत बुमराह के खेलने पर भी फैसला किया जा सकता है। हैमिल्टन में बुमराह महंगे साबित हुए थे। वह एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट टीम में भी शामिल हैं और उन पर काम के अधिक बोझ को देखते हुए उन्हें भी आराम दिए जाने की उम्मीद है। शार्दुल ठाकुर की जगह सैनी को अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है।

 

11:43 AM, 31-Jan-2020

टीम में हो सकते हैं बदलाव

आज संजू सैमसन और ऋषभ पंत को मौका दिया जा सकता है। पंत को अंतिम एकादश में जगह मिलने की संभावना अधिक है, लेकिन उनका चयन इस पर निर्भर करेगा कि किस बल्लेबाज को बाहर किया जाता है और लोकेश राहुल विकेटकीपिंग जारी रखते हैं या नहीं। शीर्ष तीन में रोहित शर्मा, राहुल और कोहली की टीम में जगह तय है जबकि श्रेयस अय्यर बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। मनीष पांडे और शिवम दुबे को और अधिक मौके दिए जाने की जरूरत है।

11:17 AM, 31-Jan-2020

मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को वेलिंगटन के आसमान में बादल छाए रहेंगे। हालांकि मुकाबला शाम से शुरू होगा। उस समय तक बादल छट जाएंगे। फैंस के लिए अच्छी खबर है। मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। आज भी एक बेहद ही शानदार मैच देखने को मिल सकता है।

11:06 AM, 31-Jan-2020

Highlights, IND vs NZ, 4th T20: सुपर ओवर में भारत की लगातार दूसरी जीत, सीरीज में 4-0 की लीड

विस्तार

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। न्यूजीलैंड और भारत के बीच पांच टी-20 मैच की सीरीज का चौथा मुकाबला आज वेलिंगटन के मैदान पर खेला जाएगा। भारत ने सीरीज के शुरुआती तीनों मैच में मेजबान न्यूजीलैंड को मात देकर सीरीज को अपने नाम कर लिया है। तीसरे मुकाबले में मैच का नतीजा सुपर ओवर में निकला था। अब विराट सेना कीवी टीम के खिलाफ क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगी। टॉस का सिक्का 12 बजे उछलेगा और मैच की पहली गेंद 12ः30 बजे फेंकी जाएगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें