फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत बनाम न्यूजीलैंड: पहले दिन दिखा बुमराह का दम, किस मामले में श्रीनाथ को पीछे छोड़ा? हासिल किया कीर्तिमान

Thu, 19 Nov 2026 01:51 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वेलिंग्टन

सार

भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने जवागल श्रीनाथ को पीछे छोड़ते हुए भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों की टॉप-10 सूची में जगह बनाई। जानिए बुमराह के टेस्ट करियर के आंकड़े, गेंदबाजी औसत, स्ट्राइक रेट और भारत के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाजों के रिकॉर्ड।
 
विज्ञापन
जसप्रीत बुमराह - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। अपनी घातक गेंदबाजी के दम पर दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को परेशान करने वाले बुमराह अब भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में टॉप-10 में शामिल हो गए हैं। उन्होंने  पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया। खास बात यह है कि भारत के टॉप-10 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों में बुमराह का गेंदबाजी औसत और स्ट्राइक रेट सबसे बेहतर है।
विज्ञापन
Trending Videos

न्यूजीलैंड को दिए शुरुआती झटके 
बुमराह ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान हासिल की। मुकाबले में भारतीय कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। कप्तान के इस फैसले को जसप्रीत बुमराह ने अपनी शानदार गेंदबाजी से सही साबित किया। उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को शुरुआती झटके दिए और मेजबान टीम की बल्लेबाजी को बैकफुट पर धकेल दिया।

बुमराह ने अपने 17 ओवर के स्पेल में 52 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम, डेरिल मिचेल और टॉम ब्लंडेल को पवेलियन का रास्ता दिखाया। उनके इन विकेटों ने भारतीय टीम शुरुआती सफलताएं दिलाई थी। इसी प्रदर्शन के दौरान बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में अपने विकेटों की संख्या 237 तक पहुंचा दी और जवागल श्रीनाथ को पीछे छोड़ दिया।

जसप्रीत बुमराह - फोटो : ANI
कैसा रहा है टेस्ट में प्रदर्शन
जसप्रीत बुमराह ने भारतीय टीम के लिए अब तक 53 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 19.75 की शानदार गेंदबाजी औसत से कुल 237 विकेट हासिल किए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 42.75 का रहा है। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एक पारी में 27 रन देकर छह विकेट लेना है। बुमराह ने अपने टेस्ट करियर में अब तक सात बार चार विकेट और 16 बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। इस उपलब्धि के साथ ही बुमराह ने भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ को पीछे छोड़ दिया है। श्रीनाथ ने भारतीय टीम के लिए 67 टेस्ट मुकाबलों में 236 विकेट हासिल किए थे। लंबे समय तक भारतीय तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालने वाले श्रीनाथ अपनी रफ्तार और स्विंग के लिए जाने जाते थे। 

बुमराह की इस उपलब्धि की सबसे खास बात उनका गेंदबाजी औसत है। भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-10 गेंदबाजों में उनका औसत सबसे कम है। उनका 19.75 का औसत बताता है कि वह कितनी निरंतरता के साथ विपक्षी बल्लेबाजों को आउट करने में सफल रहे हैं। इसके अलावा 42.75 का स्ट्राइक रेट भी उनकी प्रभावशाली गेंदबाजी का प्रमाण है। इतने कम टेस्ट मैचों में 237 विकेट हासिल करना उनकी असाधारण क्षमता को दर्शाता है।

किसके नाम सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट
भारतीय क्रिकेट इतिहास में टेस्ट क्रिकेट के सबसे सफल गेंदबाजों की बात करें तो पूर्व दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले का नाम सबसे ऊपर आता है। कुंबले भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में 132 टेस्ट मुकाबले खेले और कुल 619 विकेट हासिल किए। कुंबले ने 29.65 की गेंदबाजी औसत से यह उपलब्धि हासिल की थी। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 31 बार चार विकेट, 35 बार पांच विकेट और आठ बार एक मैच में 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 74 रन देकर 10 विकेट लेना रहा है। कुंबले ने अपनी फिरकी के दम पर दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया और भारतीय क्रिकेट को कई ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
गेंदबाज  मैच विकेट
अनिल कुंबले 132 619
रविचंद्रन अश्विन 106 537
कपिल देव 131 434
हरभजन सिंह 103 417
रवींद्र जडेजा 91 356
ईशांत शर्मा 105 311
जहीर खान 92 311
बिशन सिंह बेदी 67 266
बीएस चंद्रशेखर 58 242
जसप्रीत बुमराह 53* 237

न्यूजीलैंड की पारी - फोटो : twitter @BLACKCAPS
बुमराह की गेंदबाजी से लड़खड़ाई कीवी टीम
वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। जसप्रीत बुमराह ने अपनी शानदार गेंदबाजी से न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनकी गेंदों का सामना करना कीवी बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रहा। एक समय न्यूजीलैंड की टीम 28.2 ओवर में 70 रन पर अपने पांच विकेट गंवा चुकी थी। ऐसा लग रहा था कि भारतीय गेंदबाज जल्द ही पूरी कीवी टीम को कम स्कोर पर समेट देंगे। लेकिन कीवी टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 243 रन बना लिए थे।
विज्ञापन

जसप्रीत बुमराह - फोटो : BCCI
निकोल्स-फिलिप्स ने कराई वापसी 
इसके बाद न्यूजीलैंड के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों की मेहनत पर पानी फेर दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। उन्होंने छठे विकेट के लिए नाबाद 173 रनों की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को संकट से बाहर निकालने का काम किया। हेनरी निकोल्स ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया और शानदार शतक लगाया। वह 221 गेंदों पर 113 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी में उन्होंने 14 चौके लगाए। निकोल्स ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाजों को विकेट हासिल करने का मौका नहीं दिया।

दूसरी ओर ग्लेन फिलिप्स ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 182 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 94 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके शामिल रहे। फिलिप्स अपने दूसरे टेस्ट शतक से महज छह रन दूर थे। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई शानदार साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम मुश्किल स्थिति से बाहर निकलने में सफल रही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें