फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ड्रॉ रहा वेलिंगटन टेस्ट: भारत की जीत में बाधा बने मिचेल और फिलिप्स, क्या देरी से पारी घोषित करना पड़ा भारी?

Mon, 23 Nov 2026 10:39 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वेलिंगटन

सार

भारतीय टीम वेलिंगटन टेस्ट को अपने नाम करने में असफल रही। पहली पारी में विशाल बढ़त लेने के बावजूद भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच ड्रॉ खेला। भारत के सामने डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स दीवार बनकर खड़े हुए और इन्होंने कीवी टीम को हार से बचाया।
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट मैच पांचवें दिन ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत को ये मुकाबला अपने नाम करने के लिए आज आठ विकेट लेने की जरूरत थी। भारतीय गेंदबाजों ने दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के कुल पांच विकेट गिरा दिए थे, लेकिन डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर ऐसा टिके कि भारत की जीत में बाधा बन गए। आखिरकार तीसरे सेशन के दौरान दोनों टीमें ड्रॉ पर सहमत हुए और मैच का नतीजा नहीं निकल सका। 
विज्ञापन
Trending Videos

किस तरह टेस्ट बचाने में सफल रहा न्यूजीलैंड
जब मैच खत्म करने का फैसला लिया गया, तब भारत को जीत के लिए पांच विकेट की जरूरत थी और 15 ओवर बाकी थे, लेकिन इतने विकेट हासिल करना मुश्किल नजर आ रहा था। ऐसे में भारतीय टीम ने मुकाबले को ड्रॉ पर समाप्त करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में शानदार संघर्ष करते हुए भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसाया। इस तरह भारत के हाथ से जीत का मौका निकल गया और न्यूजीलैंड टेस्ट बचाने में सफल रहा। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों को पांचवें दिन विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों ने मिलकर 258 गेंदों तक भारतीय गेंदबाजों का सामना किया और 63 रन जोड़े। मिचेल 186 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 49 रन और ग्लेन फिलिप्स 126 गेंद में दो चौके की मदद से 26 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड ने 120 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 239 रन बना लिए थे।

भारतीय टीम - फोटो : BCCI
पारी से जीत की चाह ने छीना मैच?
न्यूजीलैंड ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 368 रन बनाए। भारत ने पहली पारी में शानदार प्रदर्शन किया। भारत के लिए केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक जड़े, जबकि यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल ने अर्धशतकीय पारी खेली जिससे भारत ने पहली पारी नौ विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित की। भारत ने इस तरह 352 रनों की बड़ी बढ़त ली। भारत ने अपनी पारी चौथे दिन तीसरे सत्र में घोषित की। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने न्यूजीलैंड को दो झटके भी दे दिए थे। ऐसा लग रहा था कि भारत ये मैच पारी के अंतर से जीत सकता है, लेकिन मिचेल और फिलिप्स भारत के सामने दीवार बनकर खड़े हो गए और उनके मुंह से जीत छीन ली। 



मैच ड्रॉ होने के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या भारत ने पारी घोषित करने में ज्यादा देर कर दी। भारत पहली पारी में शुरुआत से ही सुखद स्थिति में था। पिच से बल्लेबाजों को मदद मिल रही थी, ऐसे में जब टीम इंडिया ने बढ़त हासिल की तो उन्होंने पहले ही पारी घोषित क्यों नहीं की? भारत अगर पहले ही पारी घोषित करता तो भारतीय गेंदबाजों को न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में ऑलआउट करने के लिए थोड़ा ज्यादा समय मिल सकता था। लेकिन ऐसा लगा कि भारत की रणनीति पारी से जीत दर्ज करने की थी। हालांकि, भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में ऑलआउट नहीं कर सके, लिहाजा ये मैच भारत के हाथ से निकल गया और ड्रॉ पर समाप्त हुआ। साथ ही फील्डिंग में कई गलतियां भी हुईं जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।

भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : Black caps
भारत के सामने दीवार बनकर खड़े हुए मिचेल-फिलिप्स
न्यूजीलैंड ने पांचवें दिन दो विकेट पर 119 रन से आगे खेलना शुरू किया। भारत को डेवोन कॉनवे के रूप में पहली सफलता मिली। कॉनवे 165 गेंद में सात चौके की मदद से 65 रन बनाकर सुंदर का शिकार बने। फिर रचिन रवींद्र को प्रसिद्ध कृष्णा ने ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। रचिन 129 गेंद में चार चौके की मदद से 37 रन बना सके। टॉम ब्लंडेल को अंशुल कंबोज ने विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। ब्लंडेल 15 रन बना सके। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिया। वहीं, बुमराह, कंबोज और सुंदर को एक-एक विकेट मिला।

भारत को आज दूसरे सत्र में विकेट के कई मौके मिले, लेकिन टीम उनका फायदा नहीं उठा सकी। डेरिल मिचेल को तीन बार जीवनदान मिला। पहले आकाश दीप रन आउट का आसान मौका चूक गए। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर मिचेल के बल्ले का अंदरूनी किनारा लगा और गेंद उछल गई, लेकिन फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर कोई फील्डर मौजूद नहीं था। फिर अंशुल कंबोज की गेंद मिचेल के ग्लव्स से लगी, लेकिन देवदत्त पडिक्कल मुश्किल कैच नहीं पकड़ सके। ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए दूसरे नई गेंद का डटकर सामना किया। 
विज्ञापन

डब्ल्यूटीसी अंक तालिका का हाल
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद 2027 आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने का भारत का रास्ता बेहद कठिन हो गया है। मैच ड्रॉ होने से दोनों टीमों को चार-चार अंक तो मिले, लेकिन भारत का पॉइंट परसेंटेज (पीसीटी) 51.52% से गिरकर 50.00% पर आ गया है। वहीं, न्यूजीलैंड भी दूसरे से तीसरे स्थान (66.67%) पर खिसक गया है, जिससे ऑस्ट्रेलिया (69.23%) को दूसरे स्थान का सीधा फायदा मिला है। इस चक्र में भारत के पास अब केवल छह टेस्ट मैच बचे हैं। भारत को अब 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट खेलना है और इसके बाद भारत को अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। अब भारत के पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं बची है।

डब्ल्यूटीसी अंक तालिका
स्थान टीम मैच जीत हार ड्रॉ पेनल्टी  अंक PCT
1 दक्षिण अफ्रीका 8 6 2 0 0 72 75.00%
2 ऑस्ट्रेलिया 13 9 4 0 0 108 69.23%
3 न्यूजीलैंड 7 4 1 2 0 56 66.67%
4 भारत 12 5 4 3 0 72 50.00%
5 बांग्लादेश 9 3 4 2 0 44 40.74%
6 इंग्लैंड 16 7 8 1 14 74 38.54%
7 वेस्टइंडीज 14 3 8 3 2 46 27.38%
8 श्रीलंका 8 1 3 4 15 13 13.54%
9 पाकिस्तान 11 3 7 1 24 16 12.12%
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें