टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत के नवनियुक्त हेड कोच राहुल द्रविड़ कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में बनाए गए पिच से खुश नजर आए। यह मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत के 284 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड आखिरी दिन खेल गई और मैच ड्रॉ करा लिया। इसके बाद कोच द्रविड़ ने ग्रीन पार्क स्टेडियम के मैदान कर्मचारियों को 35 हजार रुपये दिए।
ग्रीन पार्क स्टेडियम के मैदान कर्मचारियों की टीम को शिव कुमार लीड कर रहे थे। द्रविड़ ने स्पोर्टिंग पिच यानी दोनों तरफ की संतुलित पिच बनाने के लिए शिव को 35 हजार रुपये सौंपा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने मैच के बाद खुद इसकी जानकारी दी। इस पिच पर तेज गेंदबाजों ने 16 विकेट लिए। वहीं, स्पिनर्स ने भी 20 विकेट लिए।
दोनों ही टीमों के बल्लेबाजों के लिए यह परेशानी का सबब बनी और मैच आखिरी दिन तक पहुंचा। द्रविड़ अपने समय भी एक निष्पक्ष खिलाड़ी के तौर पर जाने जाते थे। इतने वर्षों के बाद भी चीजें नहीं बदली हैं। द्रविड़ ने मैदान कर्मचारियों की तारीफ इसलिए की क्योंकि मौजूदा समय में कई विदेशी टीमें खुद को फायदा पहुंचाने के लिए अपने अनुसार पिचें तैयार करवाती हैं और टेस्ट तीन दिन के अंदर खत्म हो जाता है।
पिच पांचों दिन एक समान खेली
कानपुर की पिच एक अच्छी पिच थी। एक अच्छी टीम को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग मिजाज की पिचों पर खेलना होता है। ऑस्ट्रेलिया में बाउंस मिलती है तो इंग्लैंड में स्विंग। भारत में स्पिन और लो बाउंस का चैलेंज होता है। कानपुर टेस्ट में पिच पांचों दिन एक समान खेली और दोनों टीमों के पास जीत के मौके थे। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम कहलाने के लिए एक टीम को हर कंडीशन में अच्छा खेलना होता है।