भारत बनाम नेपाल मैच के दौरान कैच छोड़ते भारतीय खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
एशिया कप के पांचवें मुकाबले में भारत और नेपाल की टीम आमने-सामने है। कैंडी के पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार (चार सितंबर) को भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में 104 रन पर सिमट जाने वाली नेपाल की टीम पहली बार भारत से अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने उतरी। ऐसा माना जा रहा था कि उसके बल्लेबाज जल्द ही भारतीय गेंदबाजों के सामने ढेर हो जाएंगे, लेकिन यह नहीं हुआ।
भारतीय टीम की खराब फील्डिंग ने नेपाल को शुरुआती ओवरों में कई मौके दिए। 21 गेंद में तीन बेहतरीन खिलाड़ियों ने कैच टपकाए और नेपाल को अच्छी शुरुआत के मौके दिए। कैच छोड़ने का सिलसिला श्रेयस अय्यर ने शुरू किया। इसके बाद दुनिया के सबसे बेहतर फील्डर माने जाने वाले विराट कोहली ने कैच टपका दिया। इतना ही नहीं, विकेटकीपर ईशान किशन ने आसान कैच छोड़कर चौका भी जाने दिया।
कैच छोड़ते श्रेयस अय्यर
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय टीम द्वारा छोड़े गए तीन कैच
श्रेयस अय्यर: भारत के लिए पारी का पहला ओवर करने मोहम्मद शमी आए। उनकी छठी गेंद नेपाल के ओपनर कुशल भुर्तेल के बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर स्लिप की ओर गई। दूसरी स्लिप पर खड़े श्रेयस अय्यर ने दाई ओर झुकते हुए कैच लेने का प्रयास किया, लेकिन वह चूक गए। अय्यर से आसान कैच छूट गया।
विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
विराट कोहली: इसके बाद अगली ही गेंद यानि दूसरे ओवर की पहली गेंद पर नेपाल के बल्लेबाज के दूसरा जीवनदान मिला। दूसरा ओवर करने मोहम्मद सिराज आए। उनकी गेंद को आसिफ शेख ने कवर पॉइंट की ओर मारा, लेकिन सामने खड़े विराट कोहली इस आसान कैच को नहीं ले पाए। यह देखकर कप्तान रोहित शर्मा भी हैरान रह गए।
कैच छोड़ते ईशान किशन
- फोटो : सोशल मीडिया
ईशान किशन: अय्यर और कोहली के बाद ईशान किशन ने भी गलती की। मोहम्मद शमी ने भारत के लिए पांचवां ओवर किया। उनके ओवर की दूसरी गेंद पर लेग स्टंप के बाहर जा रही थी। भुर्तेल ने पुल शॉट खेला, लेकिन वह सही से लगा नहीं। गेंद उनके ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर ईशान किशन की तरफ गई। किशन आसान कैच नहीं ले पाए और गेंद बाउंड्री के बाहर चली गई।
भारत ने किया एक बदलाव
भारतीय टीम इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी। बेटे के जन्म के अवसर पर मुंबई लौटे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह मोहम्मद शमी ने ली। वह इस टूर्नामेंट में पहली बार खेल रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्हें मौका नहीं मिला था।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।
नेपाल: कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख (विकेटकीपर), रोहित पौडेल (कप्तान), भीम शर्की, सोमपाल कामी, गुलसन झा, दीपेंद्र सिंह ऐरी, कुशल मल्ला, संदीप लामिछाने, करण केसी, ललित राजबंशी।