फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत बनाम जापान: मेहमाननवाजी से प्रभावित हुए श्रेयस अय्यर, ऐतिहासिक टी20 मैच को लेकर क्या बोले भारतीय कप्तान?

Mon, 21 Sep 2026 03:43 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, टोक्यो

सार

भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने जापान की मेहमाननवाजी और लोगों के सौहार्दपूर्ण व्यवहार की तारीफ करते हुए ऐतिहासिक भारत-जापान टी20 को लेकर उत्साह जताया। दोनों टीमों के बीच पहली बार होने वाला यह मुकाबला भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न के तहत खेला जाएगा।
विज्ञापन
भारत बनाम जापान - फोटो : BCCI-Japan Cricket
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर मंगलवार को जापान के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर उत्साहित हैं। मैच से पहले अय्यर ने जापान में अपने शुरुआती अनुभव को साझा करते हुए वहां के लोगों के सौहार्दपूर्ण, मददगार और उदार स्वभाव की तारीफ की। भारत और जापान के बीच यह मुकाबला दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न के तहत खेला जा रहा है। भारतीय टीम मुकाबले के लिए जापान पहुंच चुकी है।
विज्ञापन

जापान की मेहमाननवाजी से प्रभावित हुए अय्यर
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से जारी एक वीडियो में अय्यर ने कहा कि जापान में अब तक उनका अनुभव बेहद खूबसूरत रहा है। उन्होंने कहा कि वह जापान और टोक्यो के बारे में पहले से काफी अच्छी बातें सुन चुके हैं और अब इस देश को और करीब से जानने के लिए उत्सुक हैं।

अय्यर ने कहा, 'यह खूबसूरत है। जब हम यहां उतरे तो हमने देखा कि लोग बहुत सौहार्दपूर्ण, उदार और मददगार हैं। हमें अपने देश में भी ऐसा ही देखने को मिलता है। यहां की मेहमाननवाजी शानदार है। अभी इस बारे में ज्यादा कुछ कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन मैंने जापान देश और टोक्यो शहर के बारे में लोगों से बहुत अच्छी बातें सुनी हैं। इसलिए मैं यहां और घूमने तथा इसे और जानने के लिए उत्सुक हूं।'

पहली बार जापान के खिलाफ खेलेगा भारत
भारत और जापान के बीच होने वाला यह मुकाबला दोनों देशों की क्रिकेट टीमों के बीच पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। अय्यर ने माना कि भारतीय टीम को जापान की परिस्थितियों और पिच के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन खिलाड़ी मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित हैं।

उन्होंने कहा, 'यह हमारे लिए रोमांचक और उत्साह से भरा मुकाबला होने वाला है। हम पहली बार जापान के खिलाफ खेलेंगे। हमें यहां की परिस्थितियों और विकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन हम एक शानदार मैच खेलने के लिए उत्सुक हैं।'

बारिश के कारण रद्द हुआ भारत का अभ्यास सत्र
अय्यर ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह जापान में क्रिकेट खेलेंगे, लेकिन अलग-अलग देशों में क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उन्हें लगता है कि यह खेल नई सीमाओं तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के बीच होने वाला मुकाबला दोनों टीमों के लिए रोमांचक होगा। लगातार बारिश के कारण भारतीय टीम का अभ्यास सत्र रद्द करना पड़ा, जिससे मैच से पहले टीम की तैयारियां प्रभावित हुई हैं। अय्यर ने उम्मीद जताई कि बारिश मैच में बाधा नहीं बनेगी और दर्शकों को एक प्रतिस्पर्धी मुकाबला देखने को मिलेगा।

जापान में अपने अनुभव को लेकर अय्यर ने कहा कि यह उनके और टीम के लिए बिल्कुल अलग अनुभव है। उन्होंने जापान के लोगों की अनुशासनप्रियता और वहां की संस्कृति की तारीफ करते हुए कहा कि वह नई संस्कृतियों को अपनाना पसंद करते हैं। आईपीएल के प्रभाव पर उन्होंने कहा कि यह युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच देता है। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी का उदाहरण देते हुए कहा कि आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं की नजर जल्दी पड़ती है और उन्हें भारतीय टीम तक पहुंचने का मौका मिलता है।

एशियन गेम्स से पहले बड़ी पारी पर नजर
हाल में दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में अय्यर के बल्ले से 8*, 11 और 29 रन निकले थे। अब वह जापान के खिलाफ बड़ी पारी खेलकर 28 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय अभियान से पहले अपनी लय हासिल करना चाहेंगे।

करीब तीन साल बाद इस साल भारतीय टी20 टीम में वापसी करने वाले अय्यर को कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वापसी के बाद उन्होंने 13 पारियों में 35.90 के औसत और 143 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 359 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 80 रन रहा है।

'सुजुकी कप' के नाम से खेला जाएगा मुकाबला
भारत और जापान के बीच होने वाले इस ऐतिहासिक मुकाबले को 'सुजुकी कप' नाम दिया गया है। यह मैच मंगलवार को तोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। जापान क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) और बीसीसीआई ने सितंबर में इस मुकाबले की घोषणा की थी। मैच को भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के समारोह की शुरुआत के तौर पर आयोजित किया जा रहा है।
विज्ञापन

भारत की टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर और विपराज निगम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें