पहली बार जापान के खिलाफ खेलेगा भारत
भारत और जापान के बीच होने वाला यह मुकाबला दोनों देशों की क्रिकेट टीमों के बीच पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच होगा। अय्यर ने माना कि भारतीय टीम को जापान की परिस्थितियों और पिच के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन खिलाड़ी मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा, 'यह हमारे लिए रोमांचक और उत्साह से भरा मुकाबला होने वाला है। हम पहली बार जापान के खिलाफ खेलेंगे। हमें यहां की परिस्थितियों और विकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन हम एक शानदार मैच खेलने के लिए उत्सुक हैं।'
बारिश के कारण रद्द हुआ भारत का अभ्यास सत्र
अय्यर ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह जापान में क्रिकेट खेलेंगे, लेकिन अलग-अलग देशों में क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उन्हें लगता है कि यह खेल नई सीमाओं तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के बीच होने वाला मुकाबला दोनों टीमों के लिए रोमांचक होगा। लगातार बारिश के कारण भारतीय टीम का अभ्यास सत्र रद्द करना पड़ा, जिससे मैच से पहले टीम की तैयारियां प्रभावित हुई हैं। अय्यर ने उम्मीद जताई कि बारिश मैच में बाधा नहीं बनेगी और दर्शकों को एक प्रतिस्पर्धी मुकाबला देखने को मिलेगा।
जापान में अपने अनुभव को लेकर अय्यर ने कहा कि यह उनके और टीम के लिए बिल्कुल अलग अनुभव है। उन्होंने जापान के लोगों की अनुशासनप्रियता और वहां की संस्कृति की तारीफ करते हुए कहा कि वह नई संस्कृतियों को अपनाना पसंद करते हैं। आईपीएल के प्रभाव पर उन्होंने कहा कि यह युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच देता है। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी का उदाहरण देते हुए कहा कि आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं की नजर जल्दी पड़ती है और उन्हें भारतीय टीम तक पहुंचने का मौका मिलता है।