इससे पहले शिखर धवन (127) की शानदार शतकीय पारी की बौदलत एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 285 रन बनाए। हांगकांग की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट किंचित शाह (3) ने लिए।
टॉस हारकर मैदान पर बल्लेबाजी का आगाज करने उतरे टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (23) ने कुछ अच्छे शॉट जरूर खेले, लेकिन एहसान खान की गेंद पर वह अपना कैच निजाकत खान को थमा बैठे। इस इस तरह टीम इंडिया के पहले विकेट का पतन हुआ।
इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अंबाति रायुडू ने शिखर धवन के साथ मिलकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाते हुए 116 रन की साझेदारी की। लेकिन 60 रन बनाने के बाद वह एहसान नवाज की गेंद पर चूक गए और उनका कैच विकेटकीपर मैकेचनी ने पकड़ लिया। रायुडू ने अपनी अर्धशतकीय पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए।
रायुडू के आउट होने के बाद धवन ने दूसरा छोर संभाले रखा और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए दिनेश कार्तित के साथ मिलकर भी 79 रन की साझेदारी की। धवन ने 120 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके और दो छक्कों की मदद से 127 रन बनाए। धवन को एहसान खान ने निजाकत खान के हाथों कैच आउट करवाया।
धवन के साथ ही टीम इंडिया ने 8 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए। पहले धोनी बिना खाता खोले एहसान का शिकार हुए। इसके बाद दिनेश कार्तिक (33) को किन्चित शाह ने बाबर हयात के हाथों कैच आउट करवाया। विकेटों का पतन यहीं नहीं रुका इसके बाद भुवनेश्वर कुमार (9) और शार्दुल ठाकुर बिना खाता खोले क्रीज से चलते बने। केदार जाधव (28) कुलदीप यादव (0) क्रीज से नाबाद लौटे।
बता दें कि विराट कोहली की गैर मौजूदगी में खेल रही टीम इंडिया का एशिया कप 2018 में यह ओपनिंग मैच है, जबकि हांगकांग ने अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ 8 विकेट से गंवाया था। दूसरे मैच में टीम इंडिया का सामना कर रही हांगकांग के लिए यह नॉकआउट मैच है। यह मैच गंवाते ही एशिया कप में हांगकांग की चुनौती समाप्त हो जाएगी।
रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली टीम इंडिया को अगले दिन यानी 19 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ अपना दूसरा मैच खेलना है। ऐसे में कप्तान रोहित शर्मा के सामने लगातार दो मैच जीतने की चुनौती होगी, जिसमें उसका सामना अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ भी है।
इस प्रकार हैं दोनों टीमें:
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उपकप्तान), अंबाती रायडू, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, शार्दुल ठाकुर और खलील अहमद।
हांगकांग: अंशुमन रथ (कप्तान), एजाज खान, बाबर हयात, क्रिस्टोफर कार्टर, एहसान खान, एहसान नवाज, स्कॉट मैक्हनेई, नदीम अहमद, निजाकत खान, किंचित शाह, तनवीर अफजल।