टीम इंडिया और एसेक्स के बीच चेम्सफोर्ड में खेला गया तीन दिवसीय अभ्यास मैच शुक्रवार को बराबरी पर खत्म हुआ। तीसरे व आखिरी दिन टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी में 2 विकेट खोकर 89 रन बना लिए थे। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 395 रन बनाए थे।
तीसरे दिन को एसेक्स ने अपनी पहली पारी 8 विकेट के नुकसान पर 359 रनों पर घोषित कर दी थी। एसेक्स ने दिन की शुरुआत पांच विकेट के नुकसान पर 237 रनों पर की। दूसरे दिन जेम्स फोस्टर ने 19 रन और जोड़कर (42) रन बनाए।
फोस्टर को उमेश यादव ने आउट किया, जबकि पॉल वाल्टर ने 123 गेंदों में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 75 रन की पारी खेली। इशांत शर्मा ने उन्हें अपना शिकार बनाया। वाल्टर के आउट होने के बाद कोल्स बिना खाता खोले पलवेलियन लौट गए। वहीं, एरॉन निजार (29*) और फिरोज खुशी ने नाबाद 14 रन बनाए। टीम इंडिया की तरफ से उमेश ने चार और इशांत ने तीन विकेट लिए।
अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। 4 रन के स्कोर पर टीम इंडिया का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के रूप में गिरा। वहीं, दूसरा विकेट चेतेश्वर पुजारा के रूप में 23 रन पर गिरा। इसके बाद केएल राहुल (36*) और अजिंक्य रहाणे (19*) ने नाबाद पारी खेली।