फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sanju Samson: सेमीफाइनल में सैमसन ने 200+ के स्ट्राइक रेट से की बल्लेबाजी, इस मामले में कोहली के बराबर पहुंचे

Thu, 05 Mar 2026 07:54 PM IST
Sovit Chaturvedi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाया जो उनका टी20 विश्व कप में लगातार दूसरा पचासा है। सैमसन हालांकि, शतक पूरा नहीं कर सके, लेकिन उनकी पारी के दम पर भारत विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
विज्ञापन
संजू सैमसन - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में दमदार बल्लेबाजी की। सैमसन ने टी20 विश्व कप में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया और साबित किया कि उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल करने का फैसला सही था। सैमसन ने इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में नाबाद 97 रनों की पारी खेलकर टीम को सेमीफाइनल का टिकट दिलाया था और अब इंग्लैंड के खिलाफ भी उन्होंने उम्दा प्रदर्शन किया। 
विज्ञापन

शुरुआती झटके के बाद पारी को संभाला
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत के लिए एक बार फिर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की। सैमसन ने पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर पर एक चौका और एक छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। अभिषेक हालांकि, एक बार फिर सस्ते में आउट हुए जिसके बाद सैमसन पर दबाव बढ़ा। सैमसन ने एक खराब शॉट खेला, लेकिन भाग्य ने उनका साथ दिया। सैमसन ने यहां से पलट कर नहीं देखा और पावरप्ले में धुआंधार बल्लेबाजी जारी रखी। संजू के कारण ही भारत पावरप्ले में 60 रन का आंकड़ा पार कर सका।

ईशान के साथ निभाई सबसे बड़ी साझेदारी
अभिषेक के आउट होने के बाद सैमसन ने ईशान किशन के साथ मिलकर साझेदारी बनाई। इन दोनों बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर ताबड़तोड़ हमले किए और भारत की रन गति को तेज रखा। ईशान और सैमसन के बीच दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों पर 97 रनों की साझेदारी की और इसमें अधिक योगदान सैमसन का रहा। ये टी20 विश्व कप के नॉकआउट में भारत के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इन्होंने युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 84 रनों की साझेदारी की थी। 

हैरी ब्रूक से छूटा था कैच
सैमसन का साथ इस मैच में भाग्य ने भी बखूबी निभाया। सैमसन जब 15 रन के स्कोर पर थे, तब इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने उनका आसान सा कैच छोड़ दिया। ब्रूक को भी नहीं पता था कि बाद में इंग्लैंड को यह कैच छूटना इतना भारी पड़ेगा। हालांकि, सैमसन ने खुद को मिले इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और उन्होंने 26 गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया। सैमसन धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे थे और लग रहा था कि पिछले मैच में जो कमी रह गई वो इस मैच में पूरी हो जाएगी। यानी सैमसन इस मैच में शतक बनाने में सफल रहेंगे, लेकिन विल जैक्स की गेंद पर वह फिल सॉल्ट को कैच थमा बैठे। सैमसन 42 गेंदों पर आठ चौकों और सात छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए।
विज्ञापन

टी20 विश्व कप नॉकआउट का तीसरा सर्वोच्च स्कोर
सैमसन भले ही शतक पूरा नहीं कर सके, लेकिन वह टी20 विश्व कप के नॉकआउट में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए। सैमसन नॉकआउट मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली है जिन्होंने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद 89 रन बनाए थे। टी20 विश्व कप के नॉकआउट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड फिन एलेन के नाम है जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में नाबाद 100 रन बनाए। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें