भारत और इंग्लैंड के बीच चार मार्च से शुरू होने वाले चौथे टेस्ट से पहले एक बार फिर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच का मजाक बनाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक अजीबोगरीब तस्वीर साझा कर पिच की आलोचना की है। दरअसल, उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'चौथे टेस्ट के लिए अच्छी तैयारी चल रही है।' इस तस्वीर में दिख रहा है कि मिट्टी की खुदाई वाली पिच पर वॉन बल्लेबाजी कर रहे हैं। अहमदाबाद की पिच का अगर किसी ने सबसे बड़ा मजाक और खराब बताया है तो वो हैं वॉन। जी हां, वॉन ने इससे पहले भी खेत जोतते बैलों की तस्वीर शेयर करते हुए अहमदाबाद मैदान का मजाक बनाया था। वह नरेंद्र मोदी स्टेडियमकी पिच को लेकर लगातार हमलावर हैं।
बता दें कि तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड की हार के बाद इंग्लैंड पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने पिच को लेकर आपत्ति जताई थी और पिच को बेहद ही खराब बताया था। वॉन ने टेस्ट क्रिकेट के अनुकूल पिचें तैयार नहीं करने के लिए बीसीसीआई की आलोचना भी की थी। इससे पहले इस पूर्व इंग्लिश कप्तान ने चेन्नई की पिच को भी खराब बताया था और उसकी तुलना 'बीच' से की थी। फिलहाल चार मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 4 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।