वनडे सीरीज पर कब्जा जमाने के बाद टीम इंडिया की नजर अब इंग्लैंड की धरती पर पहली बार क्लीन स्वीप पर है। वर्ल्ड चैंपियन भारत ने अब तक जिस तरह से प्रदर्शन किया है उससे उसकी आगे की राह कठिन भी नहीं लग रही है।
विज्ञापन
टेस्ट सीरीज में मिली करारी हार के बाद जोरदार वापसी करते हुए पांच मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया 3-0 से आगे है, और उसके सभी खिलाड़ी अब फॉम में भी लौट चुके हैं।
भारत अगर सीरीज का अंतिम मैच भी जीत जाता है तो इंग्लैंड की सरजमीं पर उसकी लगातार नौंवीं जीत होगी। इससे पहले भारत ने पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान सभी पांचों मैच जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया था। इसके बाद इस साल भारत ने लगातार 4 मैचों में जीत हासिल की है। हालांकि सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण धुल गया था।
विज्ञापन
# दोनों टीमों के बीच लीड्स में दोपहर 3 बजे से मैच खेला जाएगा।
भारत के लिए राहत, लय में लौटी ओपनिंग जोड़ी
भारत के लिए राहत की बात यह है कि ओपनर शिखर धवन के अलावा विराट कोहली भी फॉर्म में लौट आए हैं। कोहली ने सीरीज के तीसरे मैच में फॉर्म वापसी की थी जबकि धवन ने चौथे मैच से फॉर्म में लौटे हैं। भारतीय खेमे के लिए खुशी की बात यह है कि उनकी ओपनिंग धवन और अजिंक्य रहाणे की ओपनिंग जोड़ी ने अपनी लय हासिल कर ली है।
भारत के सामने लंबे समय से ओपनिंग जोड़ी एक समस्या रही है, लेकिन धवन और रहाणे ने उसे खत्म कर दिया है। कोहली भी रन बनाने लगे हैं।
इसके अलावा सुरेश रैना ने वनडे सीरीज में अब तक लाजवाब खेल दिखाया है। हालांकि चौथे मैच में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था लेकिन वह दूसरे-तीसरे मैच में बड़ी पारी खेलने में कामयाब रहे थे। साथ ही वह गेंदबाजी में भी टीम को सफलता दिला रहे हैं।
रैना के अलावा अंबाती रायडु, कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, रवींद्र जडेजा और आर अश्विन सभी फॉर्म में दिख रहे हैं।
'थके' खिलाड़ियों को मिल सकता है आराम
भारत की 24 साल पहले मिली जीत और इस बार की जीत में एक समानता यह है कि रवि शास्त्री दोनों ही बार टीम से जुड़े रहे हैं। तब वह टीम में बतौर खिलाड़ी शामिल थे, जबकि इस बार वह टीम इंडिया के क्रिकेट डायरेक्टर के रूप में हैं।
1990 में जब भारत ने वनडे सीरीज जीती थी तब टीम के कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन थे और इस बार महेंद्र सिंह धोनी। धोनी ने पिछले ही मैच में जीत हासिल कर उनके सर्वाधिक 90 मैचों में जीत के भारतीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया था।
ऐसे में न सिर्फ रवि शास्त्री बल्कि कप्तान धोनी के लिए भी यह मैच खास हो गया है और दोनों चाहेंगे कि टीम जीत के साथ वनडे सीरीज का समापन करे। भारत इस सीरीज को पहले ही अपने नाम कर चुका है, ऐसे में इस मैच के लिए टीम कुछ ऐसे खिलाड़ियों को मौका दे सकती है जो अभी बेंच पर हैं और मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला है।
कप्तान धोनी सीरीज के लिए अनौपचारिक हो चुके मैच के लिए भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी को आराम दे सकते हैं और उनकी जगह तेज गेंदबाज उमेश यादव और करण शर्मा को मौका दे सकते हैं। साथ ही बल्लेबाजी में युवा बल्लेबाज संजू सैमसन को भी मौका मिल सकता है।
अंतिम वनडे से पहले इंग्लैंड को लगा झटका
भारत के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज पहले ही गंवा चुकी इंग्लैंड को आखिरी वनडे से पहले गहरा झटका लग चुका है। मेजबान टीम के मध्यक्रम के दिग्गज बल्लेबाज इयान बेल चोटिल होने के कारण पांचवें वनडे से बाहर हो गए हैं।
ईसीबी ने एक बयान जारी कर कहा, "इंग्लैंड और वारविकशायर के बल्लेबाज इयान बेल टखने में मामूली फ्रैक्चर के कारण मौजूदा रॉयल लंदन वनडे सीरीज के आखिरी मैच में नहीं खेल पाएंगे। बेल को मंगलवार को खेले गए चौथे वनडे से पहले अभ्यास के दौरान चोट लग गई थी। हालांकि उनकी जगह पांचवें वनडे के लिए किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं किया जाएगा।"
हालांकि चौथे वनडे में इयान बेल को अंतिम एकादश में जगह नहीं दी गई थी और उनकी जगह गैरी बैलेंस को शामिल किया गया था। इस मैच में इंग्लैंड को नौ विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था।
दूसरी ओर, लगातार हार से परेशान इंग्लैंड टीम इस मैच में आत्मसम्मान बचाने के लिए मैदान पर उतरेगी। पिछली तीनों पारियों में ऑलआउट होने वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम पर इस मैच में खासा दबाव होगा।
तीनों में ही मैच में इंग्लैंड के लिए एक और समानता रही है, और वह यह कि एक अच्छी शुरुआत के बाद टीम लड़खड़ा जाती है और 50 ओवर में ऑलआउट हो जाती है। कप्तान एलिस्टर कुक भी खुद क्रीज पर संघर्ष करते नजर आए हैं। साथ ही टीम इंडिया के खिलाफ उनकी हर योजना पर पानी भी फिर रहा है।
कुक के अलावा अन्य क्रिकेटर भी टीम को ज्यादा योगदान नहीं दे पा रहे हैं। वहीं दूसरे ओपनर एलेक्स हेल्स के अलावा गैरी बैलेंस, जोस बटलर, जोई रुट और इयोन मोर्गन भी बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं।
जबकि गेंदबाजी में तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन, स्टीवन फिन, हैरी गर्नी भारतीय बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे हैं। टेस्ट मैच में भारतीयों को परेशान करने वाले मोइन अली पिछले मैच खासे खर्चीले साबित हुए थे, वह भी इस मैच से वापसी करना चाहेंगे।