फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सांस थामने वाले मैच में जीता भारत: देशवासियों को दिया होली का तोहफा, वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा

Sun, 28 Mar 2021 10:45 PM IST
अंशुल तलमले स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे

खास बातें

लाइव क्रिकेट स्कोर: पुणे में खेले गए तीन मैच की वनडे सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को हराते हुए 2-1 से सीरीज अपने नाम की। सांस थाम देने वाले मैच का फैसला अंतिम ओवर में हुआ। इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने भरपूर कोशिश की, लेकिन अपनी टीम ही हार नहीं टाल पाए।
विज्ञापन
टीम इंडिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:31 PM, 28-Mar-2021

जय शाह ने ECB का किया धन्यवाद

10:29 PM, 28-Mar-2021

टेस्ट, टी-20 के बाद वनडे सीरीज भी जीता भारत

10:21 PM, 28-Mar-2021

नटराजन रहे आखिरी ओवर के हीरो

अपनी नब्ज पर काबू रखते हुए नटराजन ने खुद पर दबाव नहीं आने दिया और बेहतरीन यॉर्कर से सैम करन को रोके रखा। नट्टू को 14 रन बचाना था, लेकिन उन्होंने सिर्फ पांच रन दिए और छह रन से मैच अपनी टीम को जिताया।
 

विज्ञापन
10:16 PM, 28-Mar-2021

भारत ने घर में जीती लगातार तीसरी वनडे सीरीज

होली से एक दिन पहले ही टीम इंडिया ने देश को खुशियां मनाने का मौका दिया है। पुणे में रविवार रात खेले गए तीसरे वनडे को अपने नाम करते हुए विराट सेना ने 2-1 से श्रृंखला भी जीती । यह घरेलू सरजमीं पर इंग्लैंड के खिलाफ लगातार छठी सीरीज जीत भी है। यह टीम इंडिया की घर में खेली लगातार तीसरी सीरीज जीत है। कोहली की टोली ने दिसंबर 2019 में वेस्टइंडीज और जनवरी 2020 में ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी थी।

10:11 PM, 28-Mar-2021

इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी ओवर में 14 रन चाहिए

  1. पहली बॉल पर रन आउट (अब 5 गेंद में 13 रन चाहिए)
  2. दूसरी बॉल पर एक रन (अब 4 गेंद में 12 रन चाहिए)
  3. तीसरी बॉल पर कोई रन नहीं (अब 3 बॉल पर 12 रन चाहिए)
  4. चौथी बॉल पर कोई रन नहीं (अब 2 बॉल पर 12 रन चाहिए)
  5. पांचवीं बॉल पर चार रन (अब एक बॉल पर 8 रन चाहिए)
  6. छठी बॉल पर सिर्फ एक रन (भारत 7 रन से जीता)

विज्ञापन
10:09 PM, 28-Mar-2021

नटराजन फेंक रहे आखिरी ओवर

10:07 PM, 28-Mar-2021

सैम करन का भी कैच छूटा

चौथी बॉल पर सैम करन का कैच भी टपकाया गया। बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर गेंद हवा में थी, थर्ड मैन से दौड़ते हुए नटराजन ने डाइव लगाई लेकिन मुश्किल मौके को कैच में नहीं तब्दील कर पाए।

10:05 PM, 28-Mar-2021

शार्दुल ठाकुर ने छोड़ा आसान कैच

मार्क वुड का आसान कैच मिड विकेट पर शार्दुल ठाकुर ने छोड़ा। कोच रवि शास्त्री समेत पूरा भारतीय डगआउट निराश

10:01 PM, 28-Mar-2021

हार्दिक पांड्या फेंक रहे 49वां ओवर

09:58 PM, 28-Mar-2021

अंपायर ने आउट दिया DRS ने बचाया

निर्णायक मौके पर इंग्लैंड का रिव्यू सफल रहा। 47.5 ओवर में भुवी की जोरदार अपील पर मार्क वुड को अंपायर ने आउट दे दिया था, लेकिन रिप्ले में गेंद स्टंप्स के ऊपर जाते दिखी। भारतीय खेमे में निराशा। इंग्लैंड का डगआउट खुश। अब इंग्लैंड को जीत के लिए दो ओवर में 19 रन की जरूरत।

09:53 PM, 28-Mar-2021

भुवी फेंक रहे 48वां ओवर

जल्दी ऑलआउट होने की वजह से जो 10 गेंद भारत अपनी पारी में नहीं खेल पाया था, वही उसे भारी पड़ रहा है। दबाव भारत पर। अचानक से इंग्लैंड मैच में फेवरेट। भुवनेशवर कुमार भी दबाव में वाइड फेंक रहे।

09:49 PM, 28-Mar-2021

इंग्लैंड को अब तीन ओवर में 23 रन चाहिए

शार्दुल ठाकुर ने अपने अंतिम और भारतीय पारी के 47वें ओवर में 18 रन लुटा दिए। सैम करन ने एक छक्का और दो चौका लगाया। चार विकेट लेने वाले शार्दुल ने अपना कोटा 67 रन के साथ पूरा किया।

09:36 PM, 28-Mar-2021

अब 32 गेंद में 48 रन चाहिए

09:29 PM, 28-Mar-2021

सैम करन ने बढ़ाई विराट की चिंता

अंतिम 36 गेंद में इंग्लैंड को जीत के लिए 51 रन चाहिए और उसके दो विकेट शेष है। मुकाबला धीरे-धीरे रोमांचक होता जा रहा है। सैम करन चौके-छक्के लगाकर विराट का सिरदर्द बढ़ा रहे हैं,उन्हें आउट करना बेहद जरूरी। 44 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 279/8 सैम करन (59) और मार्क वुड (10)

09:20 PM, 28-Mar-2021

सैम करन का अर्धशतक

विपरित हालातों में 45 गेंद में करियर का पहला वनडे अर्धशतक पूरा किया। अगर आज सैम करन इंग्लैंड को यह मैच जीता देते हैं तो वह रातों-रात अपने देश में हीरो बन जाएंगे।

09:13 PM, 28-Mar-2021

विराट के बेहतरीन कैच से टूटी साझेदारी

गेंदबाज भले ही शार्दुल ठाकुर थे, लेकिन यह विकेट फिल्डर विराट कोहली ने लिया है। 39.2 ओवर में शार्दुल ने कटर फेंकी, जिसे रशीद ड्राइव करना चाहते थे, गेंद कोहली के नजदीक से निकलने वाली थी, लेकिन मुस्तैद विराट ने अपनी बायीं ओर छलांग लगाते हुए एक हाथ से एक दर्शनीय कैच लपका। 22 गेंद में 19 रन बनाकर आदिल आउट और इंग्लैंड की आखिरी उम्मीद भी खत्म। अब पूरा दबाव अकेले सैम करन पर।
 

09:07 PM, 28-Mar-2021

भारत ने अपना आखिरी रिव्यू भी खोया

विकेट की तलाश में कप्तान कोहली ने अपने सबसे अनुभवी गेंदबाज को लगाया। पहली ही गेंद में एलबीडब्ल्यू की जोरदार अपील ने अंपायर नितिन मेनन ने ठुकराई। डीआरएस लिया गया, रिप्ले में साफ दिखा कि गेंद पहले लेग स्टंप के बाहर पिच हुई बाद में सैम करन के पैड पर जाकर लगी। 39 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 256/7 सैम करन (46) और आदिल रशीद (19)

09:03 PM, 28-Mar-2021

इंग्लैंड का स्कोर 250 रन के पार

सैम करन और आदिल रशीद के बीच 50 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड ने सिर्फ विकेट ज्यादा गंवा दिया हैं वरना अभी भी वो मैच में बरकार है। 12 ओवर में 77 रन की दरकार

08:55 PM, 28-Mar-2021

250 के करीब पहुंचा इंग्लैंड

36 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। इंग्लैंड का स्कोर 242/7 है। 14 ओवर में जीत के लिए उसे 88 रन बनाने हैं। सैम करन 36 तो आदिल रशीद 15 रन बनाकर संघर्ष कर रहे हैं। यह जोड़ी अंग्रेजों की आखिरी उम्मीद है।

08:45 PM, 28-Mar-2021

हार्दिक पांड्या ने छोड़ा एक और कैच

एक आसान कैच टपका चुके हार्दिक ने जबरदस्त छलांग लगाते हुए मोईन अली का कैच पकड़ा था, लेकिन जिन आलोचकों के मुंह में ताला पड़ चुका था उन्हें अब फिर मौका मिल गया है। 33.5 ओवर में सैम करन का न सिर्फ उन्होंने कैच टपकाया बल्कि गेंद छिटककर बाउंड्री पार भी कर गई।

08:42 PM, 28-Mar-2021

पिछले तीन ओवर में 23 रन

विकेट गिरने के बावजूद इंग्लैंड की रनगति कम नहीं हो रही। सैम करन मोर्चा संभाले हुए हैं, जिन्हें अदिल रशीद का भी साथ मिल रहा। इंग्लैंड अब भी जीत से 107 रन दूर है।  34 ओवर में इंग्लैंड का स्कोर 223/7 सैम करन (27) और आदिल रशीद (5)    

08:30 PM, 28-Mar-2021

भुवी ने लिया तीसरा विकेट

खतरनाक दिख रहे मोईन अली मिड ऑफ के ऊपर से शॉट मारना चाहते थे, जहां मुस्तैद पांड्या ने बेहतरीन छलांग लगाते हुए एक लो कैच पकड़ा। अली के 25 गेंद में 29 रन बनाकर आउट होकर जाने के साथ इंग्लैंड की उम्मीद भी कमजोर पड़ती जा रही है।
 

08:20 PM, 28-Mar-2021

20 ओवर में इंग्लैंड को 134 रन चाहिए

दोनों ही बल्लेबाज बड़े शॉट लगाना जानते हैं। आईपीएल में अपनी-अपनी टीम की ओर से कई आतिशी पारी भी खेल चुके हैं। क्या पुणे में अब कोई और सरप्राइज आना बाकी है? 30 ओवर में इंग्लैंड का स्कोर 196/6 मोईन अली (25) और सैम करन (9)

08:12 PM, 28-Mar-2021

नटराजन भी महंगे साबित हो रहे

अपने तीसरे स्पैल में लौटे नटराजन ने 28वें ओवर में 15 रन लुटा दिए। मोईन अली ने एक छक्का, एक चौका जमाया तो दो रन अतिरिक्त के भी मिले।

08:00 PM, 28-Mar-2021

अर्धशतक ठोकते ही आउट हुए मलान

शार्दुल ठाकुर की दूसरी गेंद पर चौका मारकर डेविड मलान ने अपना पहला अर्धशतक पूरा किया फिर चौथी बॉल पर उसी क्षेत्र में रोहित शर्मा के हाथ में कैच दे मारा। लगता है उनकी पहली फिफ्टी इंग्लैंड के किसी काम नहीं आएगी क्योंकि अब मेहमान गहरे संकट में है। 26 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 168/6 मोईन अली (8) और सैम करन (0)
 

07:56 PM, 28-Mar-2021

सातवें नंबर पर आए मोईन अली

आधा खेल हो चुका। इतना ही ओवर का शेष है। अगले 25 ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 166 रन चाहिए। 25 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 164/5 डेविड मलान (46) और मोईन अली (8)

07:53 PM, 28-Mar-2021

शार्दुल ने तोड़ी अहम साझेदारी

बल्ले के बाद शार्दुल ठाकुर गेंद से भी कमाल दिखा रहे हैं। पांचवें विकेट के लिए इंग्लिश टीम अच्छी साझेदारी बना चुकी थी, इससे पहले लिविंगस्टोने खतरनाक साबित होते उन्होंने डेविड मलान के साथ जोड़ी तोड़ दी। फुलटॉस में फॉलो थ्रू में आसान कैच लपका। 31 गेंद में 36 रन की पारी का अंत। 24 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 156/5 डेविड मलान (45) और मोईन अली (1)

07:47 PM, 28-Mar-2021

इंग्लैंड का स्कोर 150 रन के पार

यह इंग्लिश पारी का सबसे तेज 50 रन है, जो 36 गेंद में आया। इससे पहले शुरुआती 50 रन 54 बॉल पर तो 51 से 100 रन बनाने के लिए भी इंग्लिश बल्लेबाजों ने इतनी ही गेंदें खेली थीं। 23 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 152/4 डेविड मलान (43) और लियाम लिविंगस्टोन (35)

07:43 PM, 28-Mar-2021

मलान-लिविंगस्टोन के बीच 50 रन की साझेदारी

यह अर्धशतकीय साझेदरी 43 गेंदों में आई। लिविंगस्टोन इसमें अगुवा की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जिनका यह सिर्फ दूसरा ही मैच है। 22 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 145/4 डेविड मलान (40) और लियाम लिविंगस्टोन (31)
 

07:37 PM, 28-Mar-2021

कृष्णा को एक ओवर में तीन चौके

प्रसिद्ध कृष्णा महंगे साबित हो रहे हैं। दूसरे बॉलर्स द्वारा बनाया गया दबाव उनके ओवर में हट जाता है। अपने चार ओवर में अबतक 43 रन लुटा चुके हैं।. लगातार दो चौके लिविंगस्टोन ने मारे फिर डेविड मलान ने भी बाउंड्री जड़ दी। 20वें ओवर से कुल 13 रन। 20 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 132/4 डेविड मलान (36) और लियाम लिविंगस्टोन (22)

07:32 PM, 28-Mar-2021

भारत ने गंवाया रिव्यू

19वें ओवर में पहली बार गेंद क्रुणाल पांड्या को दी गई। वह इस मैच में भारत की ओर से खेल रहे एकमात्र फ्रंटलाइन स्पिनर हैं। तीसरी बॉल पर मलान के खिलाफ जोरदार LBW की अपील हुई। जोश से लबरेज भारतीय कप्तान ने तुरंत डीआरएस भी ले लिया। हालांकि इस बार सफलता हाथ नहीं लगी। नितिन मेनन का एक और जबरदस्त फैसला। ओवर से कुल चार रन।

07:26 PM, 28-Mar-2021

एक ही ओवर में पड़े तीन चौके

अपने पिछले ओवर में विकेट लेने वाले शार्दुल ठाकुर की इस बार पिटाई हो गई। डेविड मलान ने पहली ही गेंद चौका जड़ा तो चौथी और पांचवीं बॉल पर लिविंगस्टोन ने बाउंड्री बटोरी। 18 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 115/4 डेविड मलान (31) और लियाम लिविंगस्टोन (11)

07:18 PM, 28-Mar-2021

इंग्लैंड का स्कोर 100 रन के पार

17वें ओवर में इंग्लैंड की टीम का शतक पूरा हुआ। यह हार्दिक का दूसरा ओवर था, जिसमें उन्होंने तीन रन दिए। 33 ओवर में अभी भी उसे जीत के लिए 229 रन की दरकार है। फिलहाल 5.94 की औसत से रन बना रहे जबकि दरकार 6.94 की है।

07:13 PM, 28-Mar-2021

इंग्लैंड का चौथा विकेट गिरा

शार्दुल ठाकुर ने विरोधी कप्तान जोस बटलर को चलता किया। LBW की जोरदार अपील के बाद जब अंपायर ने अंगुली नहीं उठाई तो विकेटकीपर पंत के साथ काफी सोच-विचार के बाद कप्तान कोहली ने DRS ले लिया। रिप्ले में साफ था कि गोल्डन आर्म शार्दुल की बॉल बटलर के लेग स्टंप पर जाकर टकरा रही थी। अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। विरोधी कप्तान के आउट होते ही मैदान पर कोहली की टोली खुशी से उछल पड़ी। इस विकेट की अहमियत सभी को पता है। 18 गेंद में 15 रन की पारी का अंत। लियाम लिविंगस्टोन नए बल्लेबाज। 16 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 98/4 डेविड मलान (24) और लियाम लिविंगस्टोन (1)
 

07:07 PM, 28-Mar-2021

हार्दिक पांड्या ने पहली बार की गेंदबाजी

फिटनेस समस्याओँ के चलते सिर्फ बल्लेबाजी कर रहे हार्दिक पांड्या ने सीरीज में पहली बार गेंदबाजी की। पहली ही गेंद में चौका खाने वाले छोटे पांड्या ने ओवर में 9 रन खर्च किए।

06:59 PM, 28-Mar-2021

तीसरे वनडे में क्रुणाल पांड्या भारत के लिए प्लेइंग XI में एकमात्र फ्रंटलाइन स्पिनर हैं
 

06:53 PM, 28-Mar-2021

अब कप्तान पर दारोमदार

68 रन के स्कोर पर तीसरा झटका लगने के बाद कार्यवाहक कप्तान जोस बटलर क्रीज पर पहुंचे हैं, जिन्हें टी-20 के नंबर एक बल्लेबाज डेविड मलान का साथ बखूबी मिल रहा है। दोनों का लक्ष्य साझेदारी को आगे बढ़ाने पर होगा। अगर यहां मेहमान एक और विकेट गंवा देते हैं तो भारतीय टीम मैच में पूरी तरह हावी हो जाएगी।

06:50 PM, 28-Mar-2021

भुवी के कमाल से इंग्लिश खेमे में बवाल

06:44 PM, 28-Mar-2021

खतरनाक बेन स्टोक्स भी आउट

टी नटराजन ने अपने दूसरे स्पैल में लौटते ही इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। बेन स्टोक्स 39 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हुए। अंपायर्स ने कमर से ऊपर की ऊंचाई भी जांची, लेकिन क्रीज से बाहर निकलकर खेलने वाले बेन स्टोक्स के लिए गेंद नो बॉल नहीं करार दी गई। भारत को बड़ी और अहम सफलता। अब कप्तान बटलर बतौर नए बल्लेबाज क्रीज पर। 11 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 68/3 जोस बटलर (0) डेविड मलान (12)

06:39 PM, 28-Mar-2021

पहले पावरप्ले में इंग्लैंड का स्कोर

पहले पड़ाव के आखिरी ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने 15 रन लुटा दिए। एक छक्का और दो चौके के साथ स्कोर 66/2 डेविड मलान (12) और बेन स्टोक्स (33) रन बनाकर नाबाद हैं।

06:30 PM, 28-Mar-2021

थोड़ी बात आईपीएल की भी हो जाए

अफगानी स्टार राशिद खान सनराइजर्स हैदराबाद टीम के साथ जुड़ चुके हैं
 

06:27 PM, 28-Mar-2021

नटराजन के बदले प्रसिद्ध कृष्णा अटैक पर

भारत ने गेंदबाजी में पहला बदलाव किया है। लाइन-लेंथ के लिए जूझ रहे नटराजन के बदले प्रसिद्ध कृष्णा गेंदबाजी के लिए लाए गए हैं। प्रसिद्ध ने अपने पिछले दोनों मैचों में अच्छी गेंदबाजी की है और भारत को अहम विकेट भी दिलाए हैं।

06:19 PM, 28-Mar-2021
भुवनेश्वर कुमार - फोटो : ट्विटर @BCCI

वरना भारत की मुट्ठी में होता मैच

पिछले मैच में 10 छक्के लगाकर कोहराम मचाने वाले बेन स्टोक्स ने ही भारत को मैच में बैकफुट पर धकेला था। 99 रन बनाने वाले इस खब्बू बल्लेबाज का जब आज कैच छूटा तो वह महज 16 रन बनाकर खेल रहे थे। अगर अहम विकेट मिल जाता तो मैच में भारत की पकड़ मजबूत हो जाती।

06:13 PM, 28-Mar-2021

हार्दिक पांड्या ने टपकाया आसान कैच

पांचवें ओवर में भुवनेश्वर कुमार अपना और टीम का तीसरा विकेट लगभग हासिल कर चुके थे, लेकिन हार्दिक पांड्या ने मिड ऑफ पर एक आसान सा कैच छोड़ दिया। स्ट्रेट ड्राइव खेलने के प्रयास में बेन स्टोक्स ने गेंद हवा में टांग दी, जिसके नीचे पांड्या आ भी चुके थे, लेकिन हाथ से गेंद फिसलकर नीचे गिर गई। पांच ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 37/2 बेन स्टोक्स (16) डेविड मलान (2)

06:05 PM, 28-Mar-2021

सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग से भारत फिलहाल इस मैच में दबदबा बनाए हुए हैं। भुवनेश्वर कुमार की जोरदार अपील पर अंपायर नितिन मेनन ने बेहतरीन फैसला सुनाते हुए अंगुली खड़ी कर दी, लेकिन बेयरस्टो ने इसका विरोध किया, लेकिन डीआरएस ने भी उनका साथ नहीं दिय क्योंकि रिप्ले में फैसला ‘अंपायर्स कॉल’ के तहत आया। इस तरह इंग्लैंड ने 28 रन पर अपना दूसरा विकेट गंवा दिया। भुवी को दो ओवर में दो विकेट।

06:01 PM, 28-Mar-2021

भुवी ने दोनों ओपनर्स को किया चलता

सीरीज में पहली बार भारतीय गेंदबाजों को पावरप्ले में विकेट मिला है। फाइनल मुकाबले में जबरदस्त वापसी करते हुए अनुभवी भुवनेश्वर कुमार ने तीसरे ही ओवर में जेसन रॉय के बाद जॉनी बेयरस्टो को चलता किया।
 

05:56 PM, 28-Mar-2021

अगला ओवर नटराजन करेंगे

सीरीज के साथ-साथ भारतीय सरजमीं पर टी नटराजन पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं, इससे पहले वह ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टेस्ट, टी-20 और वनडे का पदार्पण कर चुके हैं। नए बल्लेबाज बेन स्टोक्स, जॉनी बेयरस्टो का साथ निभाने आए हैं।

05:52 PM, 28-Mar-2021

पहले ही ओवर में इंग्लैंड को झटका

पहला ओवर फेंक रहे भुवनेश्वर कुमार शुरुआती पांच गेदों में तीन चौके खा चुके थे, लेकिन अंतिम बॉल पर जेसन रॉय को क्लीन बोल्ड किया। भुवी ने शॉट खेलने के लिए बल्लेबाज को मजबूर किया और प्लानिंग के मुताबिक यह विकेट चटकाया। सीरीज में पावरप्ले के दौरान भारत के नाम पहला विकेट। एक ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर: 14/1

05:43 PM, 28-Mar-2021

रॉय-बेयरस्टो की खतरनाक जोड़ी से बचना होगा

2018 से यह ओपनिंग जोड़ी 2367 रन जोड़ चुकी है। भारत के खिलाफ कुछ ज्यादा ही निर्दयी हो जाती है। मौजूदा वनडे सीरीज में दोनों ने मिलकर 17 चौकै और 14 छक्के उड़ाए हैं।

05:40 PM, 28-Mar-2021

रोमांचक होगी यह रन चेज

05:34 PM, 28-Mar-2021

आठ रन पर गिरे अंतिम चार विकेट

05:29 PM, 28-Mar-2021

मार्क वुड ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए

इंग्लैंड की ओर से मार्क वुड ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। स्पिनर आदिल रशीद को दो सफलता मिली तो सैम करन, रीस टॉपले, बेन स्टोक्स, मोईन अली और लियाम लिविंगस्टोन की झोली में 1-1 विकेट आए।

05:24 PM, 28-Mar-2021

पांड्या-पंत के दम से बना यह स्कोर

पुणे में भारत-इंग्लैंड के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड के सामने 330 रन का लक्ष्य रखा। टॉस गंवाकर टीम इंडिया ने 48.2 ओवर में 329 रन बनाए। पहले विकेट के लिए शिखर धवन (67) और रोहित शर्मा (37) ने मिलकर 103 रन जोड़े। फिर आदिल रशीद और मोईन अली ने इंग्लैंड की मैच में वापसी कराई। 25 ओवर में 157/4 के स्कोर से बैकफुट पर खड़े भारत को फिर ऋषभ पंत (78) और हार्दिक पांड्या (64) का साथ मिला। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए और मिलकर 99 रन जोड़े। हालांकि अंतिम ओवर्स तक बल्लेबाजी नहीं कर पाए। क्रुणाल पांड्या (25) और शार्दुल ठाकुर (30) अगर नहीं टिकते तो 10 गेंद पहले ऑलआउट हुआ भारत और पहले सिमट जाता।

05:16 PM, 28-Mar-2021

भारतीय टीम 329 रन पर ऑलआउट

48.2 ओवर में रीस टॉपले ने भुवनेश्वर कुमार को कैच आउट कराकर भारतीय पारी 10 गेंद पहले ही समेट दी। यानी वनडे सीरीज जीतने के लिए इंग्लैंड को निर्धारित 50 ओवर में 330 रन का लक्ष्य मिल है। भारत की ओर से पहले विकेट के लिए रोहित शर्मा और शिखर धवन ने 103 रन की साझेदारी की। फिर हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत ने पांचवें विकेट के लिए मिलकर 99 रन जोड़े। अंतिम 10 ओवर्स के खेल में शार्दुल ठाकुर और क्रुणाल पांड्या ने स्मरणीय योगदान दिया।

05:13 PM, 28-Mar-2021

एक ही ओवर में दो विकेट गिरे

मार्क वुड की तेज तर्रार गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा की गिल्लियां बिखरी। वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 329/9 भुवनेश्वर कुमार (3)

05:10 PM, 28-Mar-2021

क्रुणाल पांड्या 48वें ओवर में आउट

328 पर भारत का आठवां विकेट गिरा। क्रुणाल अंतिम विशेषज्ञ बल्लेबाज थे। 47.2 ओवर में भारत का स्कोर 328 रन है। मार्क वुड की पेस से बडे़ पांड्या बीट हुए, जेसन रॉय का अच्छा कैच।

05:04 PM, 28-Mar-2021

अच्छी पारी खेलकर आउट हुए शार्दुल

नंबर आठ पर आकर किसी मंझे हुए बल्लेबाज की तरह खेल रहे शार्दुल ठाकुर 21 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हुए। यह अहम पारी वर्ल्ड टी-20 के साथ-साथ वनडे और टेस्ट टीम में भी उनकी दावेदारी पुख्ता करने के लिए काफी। बड़ा शॉट मारने के प्रयास में उन्होंने जोखिम उठाया और विकेटकीपर जोस बटलर द्वारा लपके गए। जोड़े में विकेट लेने वाला यह तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर आज छा गया। भुवनेश्वर कुमार नए बल्लेबाज होंगे। 46 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 321/7 क्रुणाल पांड्या (20)

04:58 PM, 28-Mar-2021

अंतिम पांच ओवर्स में कहां तक पहुंच पाएगा भारत

छह विकेट के नुकसान पर 318 रन बना चुकी भारतीय टीम कम से कम 50 रन यहां से और बनाना चाहेगी, क्योंकि दोनों ही बल्लेबाज अच्छे से गेंद मिडिल कर रहे हैं और छक्के-चौके से स्कोरबोर्ड चला रहे हैं।

04:54 PM, 28-Mar-2021

मौजूदा सीजन में भारत के स्टार बनकर उभरे ऋषभ पंत

04:50 PM, 28-Mar-2021

भारत का स्कोर 300 रन के पार

44वें ओवर में टीम ने यह मुकाम हासिल किया। शार्दुल ठाकुर के छक्के से ओवर में 11 रन आए। अब सिर्फ छह ओवर का खेल शेष। दोनों के बीच 32 रन की अहम साझेदारी पूरी। 44 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 308/6 क्रुणाल पांड्या (16) और शार्दुल ठाकुर (21)

04:42 PM, 28-Mar-2021

अब सिर्फ आठ ओवर का खेल बचा

भारत सात के रनरेट से स्कोर कर रहा है, अगर ऐसा ही चलता रहा तो स्कोर 350 तक पहुंच जाएगा। शार्दुल ठाकुर ने अच्छे शॉट्स लगाए हैं। मार्क वुड जैसे पेसर को छक्का जमाकर अपना खाता खोलना बताता है कि उनका आत्मविश्वास सातवें आसमां पर है। 42 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 294/6 क्रुणाल पांड्या (11) और शार्दुल ठाकुर (12)

04:38 PM, 28-Mar-2021

पांड्या-पंत के बीच हुई थी 73 गेंद में 99 रन की साझेदारी

04:31 PM, 28-Mar-2021

बीते छह मैच में हार्दिक ने ठोके तीन अर्धशतक

10 ओवर पहले आउट हुए हार्दिक अगर अंत तक खेलते तो अपने एकदिवसीय करियर का पहला शतक पूरा कर ही लेते।
 

04:27 PM, 28-Mar-2021

गलत समय पर आउट हुए हार्दिक

44 गेंद में 64 रन बनाकर हार्दिक पांड्या 39वें ओवर में क्लीन बोल्ड हो गए। मैच में अभी भी 10 ओवर शेष थे। अब क्रुणाल पांड्या को शार्दुल ठाकुर के साथ मिलकर साझेदारी करनी होगी। हालांकि वह बल्लेबाजी करना जानते हैं, लेकिन इसके बाद कोई बल्लेबाज नहीं। इंग्लैंड यहां से आक्रामक रणनीति अपनाते हुए अपने मेन लाइन बॉलर्स को वापस लाएगा। 39 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 276/6 क्रुणाल पांड्या (5)

04:17 PM, 28-Mar-2021

हार्दिक पांड्या की सातवीं फिफ्टी

महज 36 गेंद में चार चौके और तीन छक्के के बूते यह पचासा आया। ऋषभ पंत के आउट होने के बाद अब 37वें ओवर में क्रुणाल पांड्या अपने छोटे भाई का साथ देने आए हैं। 37 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 265/5 हार्दिक पांड्या (57) और क्रुणाल पांड्या (1)
 

04:13 PM, 28-Mar-2021

दो चौके खाने के बाद करन का मिला विकेट

ऋषभ पंत अपने पहले वनडे शतक से चूके। 62 गेंद में 78 रन बनाकर आउट, जो उनके करियर का सर्वोच्च एकदिवसीय स्कोर भी है। 36वें ओवर में 13 रन लुटाने का बाद सैम करन ने अपनी टीम को बहुमूल्य विकेट दिलाते हुए भारत की अहम साझेदारी तोड़ी। 36 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 256/5 हार्दिक पांड्या (49)

04:07 PM, 28-Mar-2021

34 ओवर में स्कोर 230/4

सैम करन अपने चौथे ओवर में भी महंगे साबित हुए। एक चौका पंत तो दूसरा हार्दिक पांड्या ने लगाया। दोनों के बीच साझेदारी शतकीय होने वाली है। अब 14-15 ओवर का ही खेल शेष है और भारत चाहेगा कि यही जोड़ी अंत तक बल्लेबाजी करे। ऋषभ पंत (61) और हार्दिक पांड्या (43)

03:58 PM, 28-Mar-2021

मौजूदा सीरीज में बना सर्वाधिक छक्के का रिकॉर्ड

  1. 58* - भारत बनाम इंग्लैंड, 2021
  2. 57 - न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका, 2019
  3. 56 - भारत बनाम इंग्लैंड, 2017

03:48 PM, 28-Mar-2021

छक्के से ऋषभ पंत की फिफ्टी

वनडे क्रिकेट में ऋषभ पंत का तीसरा अर्धशतक बेहद अहम समय में आया। टीम मुश्किलों में थी तब इस खब्बू बल्लेबाज ने अपना दम दिखाया। 44 गेंदों पर बनी इस फिफ्टी से पहले हार्दिक पांड्या के साथ उनकी पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी हुई। 31 ओवर में भारत का स्कोर 216/4, ऋषभ पंत (54) और हार्दिक पांड्या (36)
 

03:44 PM, 28-Mar-2021

भारत का स्कोर 200 रन के पार

200 रन का आंकड़ा पार हो चुका है। यह कामयाबी टीम को 30वें ओवर में मिली। पुणे में इस वक्त पावर हिटिंग का जबरदस्त नमूना देखने को मिल रहा है। 30 ओवर में भारत का स्कोर 206/4, ऋषभ पंत (46) और हार्दिक पांड्या (34)

03:40 PM, 28-Mar-2021

पिछली 28 गेंदों में 41 रन

विकेट गिर चुके हैं। भारत पर दबाव है, लेकिन हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत बेहिचक बड़े शॉट लगा रहे हैं। दोनों ही अपने अर्धशतक की करीब है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो टीम इंडिया जल्द ही मैच में वापसी कर लेगी। क्योंकि दोनो अच्छी गेंदों को सम्मान भी दे रहे हैं। 29 ओवर में भारत का स्कोर 198/4, ऋषभ पंत (44) और हार्दिक पांड्या (28)

03:35 PM, 28-Mar-2021

टी-20 स्टाइल में खेल रहे ऋषभ पंत-हार्दिक पांड्या

भारत की ओर से आक्रामक रणनीति। चार विकेट गिरने के बावजूद दोनों पावरहिटर्स जबरदस्त बल्लेबाजी कर दबाव शिफ्ट करना चाहते हैं। पिछले दो ओवर में चार छक्के और एक चौके से कुल 30 रन आए। स्पिनर्स पर हार्दिक-पंत का हल्ला बोल। 28 ओवर में भारत का स्कोर 190/4, ऋषभ पंत (43) और हार्दिक पांड्या (21)

03:24 PM, 28-Mar-2021

मुश्किल में भारत, चौथा विकेट गिरा

पिछले मैच के शतकवीर केएल राहुल इस बार फेल। अपना पहला ओवर फेंकने आए लिविंगस्टोन को भी विकेट मिल गया। ओवर की दूसरी बॉल को राहुल ने चौके के लिए मारा, लेकिन बाउंड्री की जगह विकेट हो गया। मोईन अली का अच्छा कैच। राहुल 18 गेंद में 7 रन बनाकर आउट हुए। 25 ओवर में भारत का स्कोर 158/4, ऋषभ पंत (31) और हार्दिक पांड्या (1)

03:18 PM, 28-Mar-2021

पंत अपना स्वभाविक खेल खेल रहे

दो विकेट ले चुके आदिल रशीद को 23वें ओवर में दो चौके मारे। ओवर से कुल 10 रन। इस तरह भारत का स्कोर 150 रन के पार भी हुआ। 23 ओवर में भारत का स्कोर 151/3, ऋषभ पंत (27) और केएल राहुल (5)
 

03:12 PM, 28-Mar-2021

ऋषभ पंत ने उड़ाया मैच का पहला छक्का

आखिरी गेंद में अपने पसंदीदा स्लॉट पर ऋषभ पंत ने बल्ला चलाया है, जो उन्हें छह रन देकर जाएगा। यह भारतीय पारी का पहला सिक्सर भी है। ओवर से कुल 9 रन आए। 21 ओवर में भारत का स्कोर 137/3, ऋषभ पंत (16) और केएल राहुल (3)

03:09 PM, 28-Mar-2021

स्पिनर्स ने कराई इंग्लैंड की मैच में वापसी

शिखर धवन और रोहित शर्मा ने मिलकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। टीम इंडिया का स्कोर एक वक्त 14 ओवर में 100 रन था, जो जल्द ही 18 ओवर में 121/3 हो गया। रोहित शर्मा (38), शिखर धवन (67) और विराट कोहली (7) को आउट कर स्पिनर्स ने मैच में इंग्लैंड की वापसी करवाई।

03:02 PM, 28-Mar-2021

अब फिर राहुल-पंत से उम्मीद

दूसरे मैच में भी टीम की स्थिति कुछ ऐसी ही थी, हालांकि तब विराट ने अर्धशतक जमाया था, लेकिन बाद में राहुल और ऋषभ पंत ने ही मिलकर भारत को 336 के स्कोर तक पहुंचाया था। आज भी हालात वैसे ही हैं।

02:54 PM, 28-Mar-2021

मुश्किल में भारत, विराट भी आउट

महज चार ओवर के भीतर भारत ने अपने तीन बड़े विकेट गंवा दिए। पहले आदिल रशीद ने शिखर-रोहित को निपटाया तो अब स्पिनर मोईन अली ने कप्तान विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर दिया। अचानक से इंग्लैंड मैच में वापस और टीम इंडिया बैकफुट पर। कप्तान ने 10 गेंद में सात रन बनाए। 18 ओवर में भारत का स्कोर 121/3

02:50 PM, 28-Mar-2021

रशीद भी धवन का शिकार

इंग्लिश लेग स्पिनर आदिल रशीद ने आते ही दोनों भारतीय ओपनर्स को पवेलियन भेज दिया। अपने लगातार दो ओवर में दो विकेट। 56 गेंद में 67 रन बनाकर खेल रहे शिखर धवन को अपनी ही गेंद पर जबरदस्त अंदाज में लपका। गुगली पर बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर गेंद हवा में तैर रही थी, जिसे मुस्तैद रशीद ने अपने फॉलो थ्रू में ही कैच कियाा।
 

02:46 PM, 28-Mar-2021

विराट ने आते ही जड़ा चौका

आदिल रशीद के खिलाफ विराट ने पहली जंग तो जीत ली। कमजोर गेंद देखते ही स्क्वैयर लेग पर करारा चौका। ओवर से 10 रन और रोहित शर्मा का बड़ा विकेट। 15 ओवर में भारत का स्कोर 110/1, शिखर धवन (62) और विराट कोहली (4)

02:40 PM, 28-Mar-2021

14.4 ओवर में 103 रन पर भारत को पहला झटका लगा। रोहित शर्मा एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील करने से चूके। आदिल रशीद की बेहतरीन गुगली पर 38 रन बनाकर क्लीन बोल्ड।

02:35 PM, 28-Mar-2021

14 ओवर में भारत के 100 रन पूरे

दोनोें बल्लेबाज अच्छे शॉट्स लगा रहे हैं। कमजोर गेंदों को बाउंड्री पार भेज रहे हैं। शिखर धवन के बाद रोहित शर्मा की भी फिफ्टी का इंतजार।
 

02:30 PM, 28-Mar-2021

धवन ने चौके से पूरा किया अर्धशतक

आज गब्बर फिर अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। अपना पहला ओवर फेंकने आए आदिल रशीद की हाफ ट्रैकर बॉल को मिड विकेट की ओर करारे शॉट से चौके में बदला। 44 बॉल में सीरीज का दूसरा और करियर का 32वां अर्धशतक। 13 ओवर में भारत का स्कोर 92/0। रोहित शर्मा (36) और शिखर धवन (53)
 

02:24 PM, 28-Mar-2021

11वें ओवर में 11 रन

मार्क वुड के तीसरे ओवर में दो चौके के साथ कुल 11 रन आए। 11 ओवर में भारत का स्कोर 76 रन। रोहित शर्मा (29) और शिखर धवन (45)

02:16 PM, 28-Mar-2021

10 ओवर में भारत का स्कोर 65 रन

पिछले दो वनडे के मुकाबले फाइनल मैच में रोहित-शिखर ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई, जैसी फैंस को उम्मीद थी। रोहित शर्मा (25) और शिखर धवन (38)

02:10 PM, 28-Mar-2021

रीस टॉपले की जगह बेन स्टोक्स

महंगे साबित हो रहे 6 फीट सात इंच लंबे पेसर की जगह कप्तान बटलर ने अपने विश्वस्त ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को गेंदबाजी की जिम्मेदारी सौंपी है। यह उनका मैच में पहला ओवर है।

02:04 PM, 28-Mar-2021

टॉपले के एक ओवर में चार चौके

रीस टॉपले को पहली, तीसरी और चौथी गेंद में शिखर धवन ने चौका मारा तो रोहित शर्मा ने अंतिम गेंद को बाउंड्री के पार भेजा। ओवर से कुल 17 रन। आठ ओवर में भारत का स्कोर 50 रन के पार। रोहित शर्मा (21) और शिखर धवन (33)

01:57 PM, 28-Mar-2021

अपने तीन ओवर में 21 रन लुटाने वाले सैम करन के स्थान पर पहली बार मार्क वुड को मौका, जिन्हें दूसरे मैच में आराम दिया गया था। वुड की ओर से अच्छी गेंदबाजी। औसतन 140 किमी की रफ्तार से फेंका हुआ मेडन ओवर। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर: 36/1 रोहित शर्मा (18) और शिखर धवन (16)

01:48 PM, 28-Mar-2021

रोहित-धवन का हल्ला बोल

पांचवें ओवर में सैम करन की जमकर धुनाई। ओवर से कुल 15 रन आए। रोहित शर्मा ने शुरुआती दो गेंद में चौका मारा तो धवन ने पांचवी गेंद को भी चार रन के लिए भेजा। भारत का स्कोर: 31/1 रोहित शर्मा (18) और शिखर धवन (12)

01:40 PM, 28-Mar-2021

भारत की संयमित शुरुआत

रीस टॉपले की पांचवीं गेंद को धवन ने चौके के लिए भेजा। चार ओवर में चार की औसत से 16 रन आ चुके हैं। रोहित शर्मा (9) और शिखर धवन (7)

01:34 PM, 28-Mar-2021

बतौर कप्तान विराट का 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच

  • मैच: 199
  • जीता:127
  • हार: 55
  • टाई: 3
  • ड्रॉ: 10
  • जीत प्रतिशत: 63.81

खेल के इतिहास में अब तक के सबसे सफल कप्तानों में से एक

01:31 PM, 28-Mar-2021

मैच शुरू, क्रीज पर रोहित-शिखर

भारत की सफलतम ओपनिंग जोड़ी में से एक रोहित शर्मा और शिखर धोनी फिर से भारत को अच्छी शुरुआत दिलाने के इरादे से मैदान पर उतर चुके हैं। सैम करन के हाथ में गेंद।

01:25 PM, 28-Mar-2021

फाइनल मैच का काउंट डाउन शुरू

01:20 PM, 28-Mar-2021

कोहली ने फेंका तुरुप का इक्का

पिछले आईपीएल से यॉर्कर किंग के नाम से मशहूर हुए टी नटराजन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट, टी-20 और वनडे में डेब्यू कर इतिहास रचा था। वह अबतक एक टेस्ट, एक वनडे और चार टी-20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं।

01:15 PM, 28-Mar-2021

इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन

इंग्लैंड: जोस बटलर (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, डेविड मलान, सैम करन, लियाम लिविंगस्टोन, आदिल राशिद, रीस टॉपले, मार्क वुड और मोइन अली

01:10 PM, 28-Mar-2021

भारत की प्लेइंग इलेवन

भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), शिखर धवन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या, टी नटराजन, भुवनेश्वर कुमार, प्रसिद्ध कृष्णा और शार्दुल ठाकुर

01:07 PM, 28-Mar-2021

दोनों टीम में एक-एक बदलाव

भारत ने कुलदीप यादव को बाहर किया है, लेकिन उनकी जगह युजवेंद्र चहल नहीं बल्कि टी नटराजन के रूप में पेसर की प्लेइंग इलेवन में एंट्री हुई है, जो भुवनेश्वर कुमार, शार्दुल ठाकुर और प्रसिद्ध कृष्णा का साथ देंगे। दूसरी ओर इंग्लैंड में टॉम करन को बाहर कर मार्क वुड की वापसी हुई है, जिन्हें वर्क लोड मैनेजमेंट के तहत दूसरे मैच में आराम दिया गया था।

01:01 PM, 28-Mar-2021

भारत ने फिर टॉस गंवाया

विराट कोहली टॉस नहीं जीत पा रहे। इंग्लैंड ने फिर से उन्हें पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया है। यानी फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड बाद में बल्लेबाजी कर लक्ष्य का पीछा करेगा।

12:55 PM, 28-Mar-2021

टॉस से पहले टीम में जोश भरते कोच शास्त्री

12:50 PM, 28-Mar-2021

जो जीता वही सिकंदर

12:45 PM, 28-Mar-2021

बड़े और अहम रिकॉर्ड्स

  • 90: रन दूर हैं शिखर धवन वनडे में अपपे छह हजार रन पूरे करने से 
  • 13: बेयरस्टो-रॉय जो इंग्लैंड की ओर से रिकॉर्ड शतकीय साझेदारियां कर चुके हैं

12:40 PM, 28-Mar-2021

बल्लेबाजों के लिए ऐशगाह पुणे की पिच

महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन की पिच पर अबतक छह वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें तीन मैच पहले बल्लेबाजी वाली टीम तो इतने ही मैच बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। पहले बल्लेबाजी कर रन बनाने का औसत स्कोर 303 रन रहा है। इंग्लैंड ने जिस तरह पिछले मैच में 39 गेंद रहते ही 337 रन का विशाल लक्ष्य हासिल किया था, यह बताने के लिए काफी है कि बाद में भी पिच बेहतर ही खेलती है।

12:34 PM, 28-Mar-2021

कैसा रहेगा मौसम?

आज भी दिन गर्म रहेगा। दिन में 33 डिग्री के आसपास रहने वाला तापमान शाम होते-होते 26 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। ओस की भी संभावना है। बारिश की उम्मीद न के बराबर है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी ही करना पसंद करेगी क्योंकि पिच बाद में बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो जाती  है।

12:31 PM, 28-Mar-2021

आमने-सामने का रिकॉर्ड

दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 102 मैचों में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 54 वनडे जीते हैं। इस दौरान 2 मैच टाई रहे जबकि 3 एकदिवसीय मैचों  का परिणाम नहीं निकला। इंग्लैंड के खिलाफ भारत की जीत का प्रतिशत 55.55  है। वहीं इंग्लैंड की टीम भारत के खिलाफ 43 वनडे जीतने में सफल रही। एकदिवसीय मैचों में इंग्लैंड का भारत के खिलाफ वनडे में जीत प्रतिशत 44.44 है।

12:25 PM, 28-Mar-2021

29 साल से घर में इंग्लैंड से नहीं हारी टीम इंडिया

आखिरी बार इंग्लिश टीम ने दिसंबर 1984 में इंडिया को घर में 4-1 से वनडे सीरीज में हराया था। इसके बाद से भारत ने घर में इंग्लैंड से कोई वनडे सीरीज नहीं गंवाई है। पिछली बार जनवरी 2017 में भारत का दौरा करने वाली इंग्लिश टीम को 1-2 से हरा का सामना करना पड़ा था।

12:22 PM, 28-Mar-2021

भारत पर लगातार तीसरी सीरीज हारने का खतरा

पिछले साल 2019 के अंत में ऑस्ट्रेलिया में 1-2 और न्यूजीलैंड में 0-3 से हारे थे। यह दोनों ही सीरीज भारत ने विपक्षी टीम के घर में खेली थी। इतना ही नहीं पिछले पांच वनडे मैच में इंग्लैंड से चार बार हार चुकी है भारतीय टीम।

12:17 PM, 28-Mar-2021

सांस थामने वाले मैच में जीता भारत: देशवासियों को दिया होली का तोहफा, वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। पुणे में आज भारत-इंग्लैंड के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा। जो भी टीम इस मुकाबले को जीतेगी वो सीरीज पर कब्जा जमा लेगी। याद हो कि पहला मैच भारत ने जीता था तो दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने जबरदस्त वापसी की थी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें