टीम इंडिया द्वारा पहली पारी में मिले 329 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान इंग्लैंड की टीम को एलिस्टर कुक और कीटोन जेनिंग्स की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर इशांत शर्मा ने विकेटकीपर बल्लेबाजी ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेजा। वह 42 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 29 रन बनाए। पहले विकेट के लिए कुक और जेनिंग्स के बीच 54 रन की साझेदारी हुई। इसके तुरंत बाद अगले ही ओवर (12वें) की पहली गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने कीटोन जेनिंग्स (20) को विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
इसके बाद 20वें ओवर की पहली गेंद पर इशांत शर्मा ने इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज ओलिवर पोप (10) को अपना शिकार बनाया। शर्मा ने पोप को विकेट के पीछे पंत के हाथों कैच आउट कराया। तीसरे विकेट के लिए पोप और रूट के बीच 21 रन की साझेदारी हुई। ऑलराुंडर हार्दिक पांड्या ने टीम इंडिया को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने 25वें ओवर की पहली गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान जो रूट (16) को स्लिप में केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
30वें ओवर की दूसरी गेंद पर मोहम्मद शमी ने मेजबान इंग्लैंड को पांचवा झटका दिया। उन्होंने बेन स्टोक्स (10) को केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराया। इसके अगले ही ओवर (31वें) में हार्दिक पांड्या ने जॉनी बेयरस्टो (15) को केएल राहुल के हाथों कैच आउट करकार पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर पांड्या ने क्रिस वोक्स को अपना शिकार बनाया। पांड्या ने वोक्स को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
इसके बाद पांड्या ने आदिल राशिद (5) को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच आउट कराया। पंत ने अपने डेब्यू मुकाबले में अभी तक अच्छी विकेटकीपिंग की है। राशिद का कैच इस मुकाबले का उनका पांचवा कैच था। वहीं, 33वें ओवर की पांचवीं गेंद पर पांड्या ने स्टुअर्ट ब्रॉड को LBW आउट कर पवेलियन भेजा। 39वें ओवर की दूसरी गेंद पर बुमराह ने जोस बटलर (39) को स्थानापन्न खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच आउट कराया। बटलर और एंडरसन के बीच आखिरी विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी हुई। टीम इंडिया की तरफ से पांड्या के अलावा बुमराह और इशांत शर्मा ने 2-2, जबकि मोहम्मद शमी ने 1 विकेट झटके।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को शिखर धवन (35) और केएल राहुल (23) की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 60 रन की जबरदस्त साझेदारी हुई थी। इसके बाद विराट और रहाणे की जोड़ी ने भारतीय टीम को एक विशाल स्कोर की ओर बढ़ाया था। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 159 रन की बेहतरीन साझेदारी हुई थी। इसके अलावा चेतेश्वर पुजारा (14), हार्दिक पांड्या ने 18 रन बनाए।
बता दें कि दूसरे दिन का खेल बारिश की वजह से आधे घंटे की देरी से शुरू हुआ। टीम इंडिया ने दूसरे दिन का खेल 307/6 से आगे खेलना शुरू किया है। खेल के दूसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को स्टुअर्ट ब्रॉड ने सातवां झटका दिया। उन्होंने डेब्यू बल्लेबाज ऋषभ पंत को 92वें ओवर की चौथी गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह 51 गेंदों में 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 24 रन बनाए। उन्होंने दूसरे दिन मात्र 2 रन ही जोड़ पाए।
पंत ने पहले दिन के 22 रन से आगे खेलना शुरू किया था। पंत और अश्विन के बीच सातवें विकेट के लिए 16 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद ब्रॉड ने आर अश्विन को 94वें ओवर की चौथी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। वह 14 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद 94वें ओवर की चौथी और पांचवी गेंद पर क्रमशः मोहम्मद शमी (3) और जसप्रीत बुमराह (0) को तेज गेंदबाज एंडरसन ने पवेलियन भेजा। दूसरे दिन स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन ने शानदार गेंदबाजी की। कुल मिलाकर पहली पारी में इंग्लैंड की तरफ से एंडरसन, ब्रॉड और वोक्स ने संयुक्त रूप से 3-3 विकेट लिए।