फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs BAN Women's T20 WC: भारत की लगातार दूसरी जीत, बांग्लादेश को 18 रन से हराया

Mon, 24 Feb 2020 07:48 PM IST
अंशुल तलमले स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

india vs bangladesh women's t20 world cup: भारत ने बांग्लादेश को 18 रन से हराकर अपने विजयी रथ को बरकरार रखा है। महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से शेफाली वर्मा (39) और जेमिमा रोड्रिगेज (34) ने शानदार बल्लेबाजी और पूनम यादव ने उम्दा गेंदबाजी की। शेफाली को इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए मैच ऑफ मैच चुना गया। इसके साथ ही शेफाली सबसे कम उम्र में मैन ऑफ द मैच का अवार्ड पाने वाली खिलाड़ी बन गईं हैं। 16 साल और 27 दिन की उम्र में शेफाली ने यह कमाल किया है।
विज्ञापन
भारतीय महिला क्रिकेट टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:44 PM, 24-Feb-2020

भारत का विजयी रथ बरकरार, दर्ज की लगातार दूसरी जीत

शेफाली वर्मा (39 रन, 17 गेंद, 2 चौके और 4 छक्के) और जेमिमा रोड्रिगेज (34) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय महिला टीम ने सोमवार को आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। शेफाली को इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए मैच ऑफ मैच चुना गया। 16 साल और 27 दिन की उम्र में शेफाली मैन ऑफ द मैच का अवार्ड पाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं हैं।

पर्थ में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के छठे मुकाबले में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 18 रन से हरा दिया। वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले भारत ने अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हराकर महिला टी-20 वर्ल्ड कप का शानदार आगाज किया था। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने छह विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेशी टीम आठ विकेट खोकर 124 रन ही बना सकी और मैच हार गई। भारत की तरफ से पूनम यादव के अलावा शिखा पांडे और अरुंधति रेड्डी ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, बांग्लादेश की तरफ से निगर सुल्ताना ने 35 और मुर्शिदा खातून ने 30 रनों का योगदान दिया। 

07:38 PM, 24-Feb-2020

छह गेंदों में बांग्लादेश को चाहिए 22 रन

बांग्लादेश को इस जीत के लिए छह गेंदों में 22 रन की दरकार है, जो काफी मुश्किल लग रहा है। अब लग रहा है कि भारत के खात में यह जीत होगी। 

07:30 PM, 24-Feb-2020

दो ओवर में गिरे दो विकेट

16.4 और 17.3 ओवर्स में क्रमशः बांग्लादेश के दो विकेट गिरे। 16.4 ओवर्स में गायकवाड़ ने निगर सुल्ताना (35) को अरुंधति रेड्डी के हाथों कैच आउट कराया, जबकि 17.3 ओवरों में पूनम यादव ने जहानारा आलम को अपना शिकार बनाया। 

विज्ञापन
07:27 PM, 24-Feb-2020

बांग्लादेश को लगा पांचवा झटका

15.1 ओवर्स में पूनम यादव ने बांग्लादेश को पांचवा झटका दिया। पूनम ने फहिमा खातून (17) को शफाली के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसके साथ ही बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। भारत के पक्ष में यह मैच नजर आ रही है। 

07:07 PM, 24-Feb-2020

बांग्लादेश का चौथा विकेट गिरा

अरुंधित रेड्डी ने अपना दूसरा विकेट लिया। नई बल्लेबाज फरगना हक बिना खाता खोले आउट।

विज्ञापन
07:03 PM, 24-Feb-2020

बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिरा

पूनम यादव को मिली पहली सफलता। विकेट के पीछे तानिया भाटिया की जबरदस्त फुर्ती और 17 गेंदों में 10 रन बनाकर संजीदा इस्लाम स्टंपिंग हुई। 11 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर: 61/3, निगार सुल्ताना (16) और फरगना हक (0)

06:51 PM, 24-Feb-2020

बांग्लादेश का दूसरा विकेट गिरा

44 पर बांग्लादेश ने खोया दूसरा विकेट। 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर मीडियम पेसर अरुंधति रेड्डी ने मुर्शिदा को मिड ऑफ पर ऋचा घोष के हाथों लपकवाया। मुर्शिदा खातुन ने 26 गेंदों पर 30 रन बनाए। आठ ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर: 44/2, संजीदा इस्लाम 10) और निगार सुल्ताना (0)

06:42 PM, 24-Feb-2020

पावरप्ले का अंत

छह ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर: 33/1, मुर्शिदा खातुन (22) और संजीदा इस्लाम (8)

06:33 PM, 24-Feb-2020

एक ओवर में तीन चौके

बांग्लादेश के लिहाज से बड़ा ओवर। तीसरा ओवर लेकर आईं दीप्ति शर्मा को मुर्शिदा खातुन ने एक ओवर में तीन चौके मारे। ओवर से 14 रन आए। तीन ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर: 19/1, मुर्शिदा खातुन (16) और संजीदा इस्लाम (0)

06:28 PM, 24-Feb-2020

भारत को पहली सफलता

बांग्लादेश का पहला विकेट गिर गया। दूसरे ही ओवर में शिखा पांडेय ने ओपनर शमीमा सुल्तान को निपटाया। 

06:25 PM, 24-Feb-2020

बांग्लादेश की बल्लेबाजी शुरू

बांग्लादेशी टीम 143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतर चुकी है। पिछले मैच की तरह इस बार भी टीम पूनम यादव से चमत्कारिक प्रदर्शन की उम्मीद रखेगी।

06:23 PM, 24-Feb-2020

विश्व कप का सर्वोच्च स्कोर

भारत के 142 रन मौजूदा विश्व कप का सर्वोच्च स्कोर भी है। अबतक हुए मुकाबले में कोई भी टीम इतना स्कोर नहीं कर पाई। अगर आज बांग्लादेशी महिलाएं यह लक्ष्य साध लेती है तो वह कमाल ही होगा।

06:17 PM, 24-Feb-2020

आखिरी ओवर में सिर्फ 5 रन

बांग्लादेश की पेसर जहांआरा की पैनी गेंदबाजी। आखिरी ओवर में कोई बाउंड्री नहीं आ पाई। 20 ओवर के बाद भारत का स्कोर 142/6। वेदा कृष्णामूर्ती 11 गेंदों में 20 रन बनाकर और शिखा पांडेय नौ गेंदों में सात रन बनाकर नाबाद रहीं। बांग्लादेश की ओर से कप्तान सलमा खातुन और पन्ना घोष सबसे सफल गेंदबाजी रहीं। दोनों ने अपने चार ओवर्स के कोटे में 25 रन देकर दो-दो विकेट निकाले। 

05:52 PM, 24-Feb-2020

19वें ओवर में आए 8 रन

तीसरी गेंद पर वेदा ने चौका लगाया। शेष तीन गेंदों पर आए चार रन। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 6/137, वेदा कृष्णामूर्ति (19) और शिखा पांडे (4)

05:44 PM, 24-Feb-2020

एक ओवर में 15 रन

लगातार गिरते विकेट के बीच भारत के लिए एक अच्छा ओवर। 18वें ओवर की दूसरी, पांचवीं और छठी गेंद पर वेदा ने चौके जमाए। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 6/129, वेदा कृष्णामूर्ति (14) और शिखा पांडे (3)

05:35 PM, 24-Feb-2020

एक ही ओवर में दो विकेट गिरे

बांग्लादेश ने भारतीय मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। 17वां ओवर सलमा खातुन लेकर आईं। दूसरी गेंद पर ऋचा घोष आउट हुईं। अच्छी लय में नजर आ रहीं घोष (14 गेंदों में 14 रन) ने एक शानदार शॉट मारा, लेकिन लॉन्ग ऑन बाउंड्री क्षेत्र में नाहिदा अख्तर ने कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। पांचवीं गेंद पर एक और सेट बल्लेबाज दीप्ति शर्मा भी रन आउट हो गईं, उन्होंने 16 गेंदों में 11 रन बनाए। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 6/114, वेदा कृष्णामूर्ति (1) और शिखा पांडे (1)

05:28 PM, 24-Feb-2020

ऋचा का लगातार दो चौका

स्मृति मंधाना की जगह टीम में शामिल की गई 16 वर्षीय ऋचा घोष अच्छी बल्लेबाजी कर रहीं हैं। 15वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर उन्होंने फाहिमा खातुन को बाउंड्री के लिए भेजा। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 4/95, दीप्ति शर्मा (9) और ऋचा घोष (11)

05:23 PM, 24-Feb-2020

रॉड्रिग्ज भी आउट

जेमिमा रॉड्रिग्ज के रूप में भारत को चौथा झटका। निगार सुल्तान और नाहिदा अख्तर की जबरदस्त जुगलबंदी के चलते यह रन आउट संभव हो पाया। जेमिमा आज अच्छी लय में नजर आ रहीं थीं। 37 गेंदों में दो चौके और एक छक्के के बूते 34 रन बनाकर वह आउट हुईं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 4/95, दीप्ति शर्मा (7) और ऋचा घोष (2)

05:18 PM, 24-Feb-2020

बांग्लादेश की जबरदस्त वापसी

शुरुआती छह ओवर में भारत का स्कोर: 2/54
अगले छह ओवर में भारत का स्कोर: 1/33

12 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 3/87, जेमिमा रॉड्रिग्ज (33) और दीप्ति शर्मा (4)

05:13 PM, 24-Feb-2020

यह भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। कप्तान हरमनप्रीत कौर एक बार फिर सस्ते में लौट गईं। त्रिकोणीय सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने वाली हरमनप्रीत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में भी खास योगदान नहीं दे पाई थी। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 78/3, जेमिमा रॉड्रिग्ज (28) और दीप्ति शर्मा (0)

05:02 PM, 24-Feb-2020

शेफाली वर्मा आउट

धुआंधार 17 गेंदों में 39 रन बनाने के बाद शेफाली वर्मा की पारी का अंत हुआ। दो चौके और चार छक्के की मदद से शेफाली ने 5.3 ओवर्स में ही टीम का स्कोर 53 रन पर पहुंचा दिया था। छठे ओवर की पहली गेंद पर छक्का भी जमाया था, लेकिन मीडियम पेसर पन्ना घोष की तीसरी गेंद पर उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए गेंद आसमां में गुम हो गई और मिड ऑफ पर खड़ी सुल्ताना ने तीसरे प्रयास में इस कैच को लपका। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर: 54/2, जेमिमा रॉड्रिग्ज (12) और हरमनप्रीत कौर (0)

04:52 PM, 24-Feb-2020

शेफाली वर्मा का धमाका

तीसरे ओवर में शेफाली वर्मा की जबरदस्त बल्लेबाजी। जहांआरा की दूसरी गेंद पर छक्का, तीसरी और छठी गेंद पर भी चौका। इस ओवर से आए 17 रन। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर: 34/1, शेफाली वर्मा (29) और जेमिमा रॉड्रिग्ज (2)

04:49 PM, 24-Feb-2020

भारत का पहला विकेट गिरा

स्मृति मंधाना की गैरमौजूदगी में पारी की शुरुआत करने पहुंचीं तानिया भाटिया बुरी तरह फेल रहीं। इस ओवर की दूसरे गेंद पर शेफाली एक छक्का जमा चुकी थीं, लेकिन पांचवीं गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की फिराक में तानिया ने अपना विकेट गंवा दिया। सलमा खातुन ने चतुराई से गेंदबाजी करते हुए गेंद ऑफ स्टंप के बाहर रखी और विकेट के पीछे उनकी स्टंपिंग हो गई। 5 गेंदों में 2 रन बनाकर भाटिया की पारी का अंत हुआ। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर: 17/1, शेफाली वर्मा (13) और जेमिमा रॉड्रिग्ज (1)

04:37 PM, 24-Feb-2020

शेफाली वर्मा का छक्का

विस्फोटक अंदाज के लिए पहचाने जाने वालीं शेफाली वर्मा ने पहले ओवर में ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर जहांआरा को कवर्स के ऊपर से उन्होंने छक्का मारा। वहां फिल्डर जरूर मौजूद था, लेकिन हवा के बहाव में गेंद को बाउंड्री पार जाने पर कोई दिक्कत नहीं हुई। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर: 8/0, तानिया भाटिया (1) और शेफाली वर्मा (6)

04:33 PM, 24-Feb-2020

भारत की बल्लेबाजी शुरू

तानिया भाटिया और शेफाली वर्मा पारी की शुरुआत करने आईं हैं। बांग्लादेश की ओर से जहांआरा आलम पहला ओवर लेकर आई।

04:20 PM, 24-Feb-2020

दोनों टीम की प्लेइंग इलेवन

भारत: तानिया भाटिया (विकेटकीपर), शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, पूनम यादव, राजेश्वरी गायकवाड़, वेदा कृष्णमूर्ति, शिखा पांडे, अरुंधति रेड्डी

बांग्लादेश: मुर्शीदा खातुन, शमीमा सुल्ताना, संजीदा इस्लाम, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर), फरगना हक, रूमाना अहमद, सलमा खातुन (कप्तान), फहीमा खातुन, जहांआरा आलम, पन्ना घोष, नाहिदा अख्तर

04:17 PM, 24-Feb-2020

स्मृति मंधाना बाहर

बीमारी की वजह से टीम की सलामी बल्लेबाज और धाकड़ खिलाड़ी स्मृति मंधाना दूसरे वन-डे से बाहर हो गई है। उनकी जगह ऋचा घोष को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया है।

04:13 PM, 24-Feb-2020

बांग्लादेश ने जीता टॉस

बांग्लादेश की सबसे अनुभवी खिलाड़ी कप्तान सलमा खातून ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। पहले उन्होंने बल्लेबाजी की बात कही थी, लेकिन तुरंत खुद की बात को सुधारते हुए उन्होंने गेंदबाजी का इरादा जाहिर किया।

04:00 PM, 24-Feb-2020

IND vs BAN Women's T20 WC: भारत की लगातार दूसरी जीत, बांग्लादेश को 18 रन से हराया

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला वर्ल्ड टी-20 में आज भारत के सामने बांग्लादेश है। अपने पहले ही मैच में मजबूत मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम को पटखनी देने के बाद भारतीय महिलाओं का हौसला सातवें आसमां पर होगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें