इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश को लिटन दास और मेहदी हसन ने बेहतरी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 120 रन की जबरदस्त ओपनिंग पार्टनरशिप हुई। बांग्लादेश को पहला झटका मेहदी हसन (32) के रूप में लगा। पार्ट टाइम स्पिन गेंदबाज केदार जाधव ने उन्हें अंबाती रायुडू के हाथों कैच आउट करवाया।
जल्द ही युजवेंद्र चहल ने बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया। लेग स्पिनर ने इमरुल कायेस (2) को एलबीडब्ल्यू आउट करके टीम इंडिया को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद 27वें ओवर की पांचवीं गेंद पर केदार जाधव ने मुश्फिकुर रहीम को जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। वह 5 रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले मोहम्मद मिथुन (2) भी सस्ते में सिमटकर चलते बने। मिथुन को जडेजा/कुलदीप यादव ने रनआउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। मिथुन के बाद बांग्लादेश की मिडल ऑर्डर बल्लेबाजी के मुख्य स्तंभ महमदुल्लाह (4) भी कुलदीप यादव शिकार हो गए। महमदुल्लाह बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना कैच बुमराह को थमा बैठे।
इसके बाद 41वें ओवर की आखिरी गेंद पर कुलदीप यादव ने बांग्लादेश को सबसे बड़ा झटका दिया। कुलदीप की गेंद पर लिटन स्टंप आउट हो गए। उन्होंने 117 गेंदों की मदद से 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 121 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने अपने करियर का पहला वन-डे शतक जड़ा।
बांग्लादेश का 7वां विकेट कप्तान मशरफे मुर्तजा के रूप में गिरा। एक छक्के की मदद से 9 रन बनाने वाले मुर्तजा बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कुलदी की गेंद पर स्टंप आउट हो गए। इसके बाद नजमुल इस्लाम (7) को स्थानापन्न खिलाड़ी मनीष पांडे ने रनआउट कर दिया।
बांग्लादेश को 9वां झटका सौम्य सरकार के रूप में लगा। सरकार को 33 रन के स्कोर पर रायुडू ने रनआउट किया। बुमराह ने रूबेल हुसैन (0) क्लीन बोल्ड कर बांग्लादेशी की टीम को 222 रन पर ढेर कर दिया।
इससे पहले टॉस के दौरान भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने बताया कि उनकी टीम में कई बदलाव किए गए हैं। पिछले मुकाबले में अर्धशतक जड़ने वाले केएल राहुल को भी टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं बांग्लादेश की टीम में नजमुल इस्माल को मौका दिया गया है।
गौरतलब है कि एक तरफ जहां इस मुकाबले पर बांग्लादेश के शेर निगाहें जमाए बैठे हैं, वहीं डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया के सामने एशिया में 7वीं बार अपनी बादशाहत बरकरार रखने की चुनौती है। एशिया कप में टीम इंडिया का अब तक का सफर जबरदस्त रहा है। 5 में से 3 मैच जीतने वाली बांग्लादेश ने भी पिछले मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
टीमें इस प्रकारः
बांग्लादेश: मशरफे मुर्तजा (कप्तान), लिट्टन दास, मुश्फिकुर रहीम, महमुदुल्लाह, मोहम्मद मिथुन, मेहंदी हसन, रूबैल हुसैन, मुस्ताफिजुर रहमान, नजमुल इस्माल, इमरुल कायेस, सौम्य सरकार।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उपकप्तान), अंबाती रायडू, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, रवींद्र जडेजा और भुवनेश्वर कुमार।