टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने रविवार को दूसरे टी-20 में बहुत ही आसान सा कैच छोड़ दिया। आठवें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर की आखिरी गेंद पर मैथ्यू वेड ने हवा में शॉट खेला, जो कप्तान कोहली के हाथ से छूट गया। बावजूद इसके मैथ्यू वेड आउट हो गए। बता दें कि वेड जिस वक्त आउट हुए तब वह 31 गेंदों में 58 रन बना चुके थे। इससे पहले छठे ओवर में भी शार्दुल ठाकुर की गेंद पर हार्दिक पांड्या ने उनका एक कैच छोड़ दिया था।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 194 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे ज्यादा कप्तान मैथ्यू वेड (58) और स्टीव स्मिथ ने 46 रन बनाए। वहीं, भारत की तरफ से नटराजन ने 4 ओवर में 20 रन देकर दो विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया के 194 रन का पीछा करते हुए भारत ने खबर लिखे जाने तक 13 ओवर्स के बाद दो विकेट के नुकसान पर 118 रन बना लिए हैं। बता दें कि भारत टी-20 सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है।